Ratlam News: हनुमान ताल का होगा सौन्दर्यीकरण और जीर्णोद्धार, 4.82 करोड़ की लागत से होगा कार्य

रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam  News:
रतलाम नगर के प्राचीन जल स्त्रोत हनुमान ताल का अब सौन्दर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्य अमृत 2.0 योजना के तहत शुरू हो गया है। शुक्रवार को आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की। इस कार्य पर लगभग 4.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

चेतन्य काश्यप ने इस अवसर पर कहा कि हनुमान ताल रतलाम की अमूल्य धरोहर है। हमने रतलाम के बदलाव की दिशा तय कर ली है और अब विकास को महानगर की तर्ज पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को नगर के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि हनुमान ताल आसपास के क्षेत्र की जीवन रेखा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत तालाब में बोल्डर पिचिंग, टो-वॉल, रेलिंग, पाथवे, इको-फ्रेंडली डी-सिल्टिंग, सीवेज के जल रोकथाम और जल निकासी स्थानों के सुधार का कार्य किया जाएगा। साथ ही बंजली बायपास स्थित विसर्जन तालाब का भी विकास किया जाएगा, जिसमें पौधारोपण भी शामिल है।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि रतलाम का विकास तेजी से हो रहा है और हनुमान ताल को एक रमणीक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, राजेन्द्र पाटीदार, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, विनोद यादव, आदित्य डागा, क्षेत्रीय पार्षद निशा सोमानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में भी हनुमान ताल में जल उपलब्धता बनी रहना इसके संरक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। सौन्दर्यीकरण व जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थान रतलाम के प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्थलों में से एक बन जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन मयूर पुरोहित ने किया और आभार निशा सोमानी ने माना।

Ratlam News: रतलाम हादसा: एक साथ उठीं 8 अर्थियां, कुएं में वैन गिरने से 12 की मौत; गांवों में मातम का माहौल

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। आंतरी माता के दर्शन के लिए जा रही एक ईको वैन बाइक से टकराने के बाद बेकाबू होकर कुएं में गिर गई। हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में आठ रतलाम जिले के, दो उज्जैन और दो मंदसौर जिले के निवासी थे।

सोमवार सुबह रतलाम जिले के खोजनखेड़ा गांव से छह अर्थियां एक साथ उठीं। वहीं पिपलिया और सुरजना गांव से एक-एक शवयात्रा निकली। उज्जैन और मंदसौर में भी दो-दो लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। अर्थियां उठते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और हर आंख नम हो उठी।

कैसे हुआ हादसा

हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावद फंटे के पास हुआ। वैन उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। रास्ते में सामने से आ रही एक बाइक से वैन की भिड़ंत हो गई, जिससे वैन अनियंत्रित होकर 80 फीट गहरे कुएं में गिर गई। वैन में सवार 14 में से 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक बाइक सवार और एक स्थानीय युवक, जो बचाव के लिए कुएं में उतरे थे, उनकी भी जान चली गई।

बचाव कार्य में जान गंवाने वाला हीरो

दोरवाड़ी गांव के मनोहर सिंह ने बचाव कार्य के दौरान चार लोगों की जान बचाई, लेकिन जहरीली गैस के कारण वे खुद भी जान गंवा बैठे। मनोहर सिंह की कुर्बानी ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया।

रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासन की मौजूदगी

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने रेस्क्यू शुरू किया। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, कलेक्टर अदिति गर्ग और एसपी अभिषेक आनंद सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। क्रेन की मदद से वैन को कुएं से बाहर निकाला गया। कुएं का पानी मोटर से निकाला गया ताकि अंदर फंसे शवों को बाहर लाया जा सके।

मुआवजा और सरकारी सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को 1-1 लाख रुपए और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

घायल बच्चे की आपबीती

हादसे में घायल देवेंद्र गहलोत ने बताया, “हम हराखेड़ी, उज्जैन से आंतरी माता के दर्शन के लिए निकले थे। अचानक सामने से बाइक आ गई और वैन कुएं में गिर गई। बाद में ग्रामीणों ने हमें बचाया और हॉस्पिटल पहुंचाया।”