10 हजार से अधिक खिलाड़ी 18 खेलों में दिखाएंगे अपना कौशल, सीएम के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी
रतलाम – पब्लिक वार्ता,
जयदीप गुर्जर। MP News: चेतन्य काश्यप फाउंडेशन एवं क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित 25वां खेल चेतना मेला रजत जयंती वर्ष के भव्य स्वरूप में शनिवार, 21 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम में आरंभ होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे, जो प्रातः 10.30 बजे मार्च पास्ट की सलामी लेकर मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, सांसद अनिता चौहान, महापौर प्रहलाद पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथि और हजारों की संख्या में खेल प्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित रहेंगे।
फाउंडेशन अध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने किया आमजन को आमंत्रित
चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने खेल प्रेमियों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
18 खेलों में 10,000 से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता
आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन ने बताया कि इस रजत जयंती वर्ष में खेल चेतना मेला का आयोजन बेहद भव्य स्वरूप में हो रहा है। 18 विभिन्न खेलों में 10,000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। अब तक 100 से अधिक स्कूलों की एंट्री प्राप्त हो चुकी है।
मुख्य आयोजन स्थलों पर होंगी प्रतियोगिताएं
• नेहरू स्टेडियम: क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस।
• शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय: एथलेटिक्स और हॉकी।
• कालिका माता सत्संग हॉल: शरीर सौष्ठव।
• संत कंवरराम नगर क्रीड़ा केंद्र: योग, मलखंभ और स्केटिंग।
• रेलवे ग्राउंड: फुटबॉल।
• डीआरएम ऑफिस रेलवे ऑफिसर क्लब: तैराकी।
• सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट: बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन।
• विधि महाविद्यालय: शतरंज।
• स्टेशन रोड: शूटिंग प्रतियोगिता।
खेल मैदानों का सौंदर्यकरण पूरा
आयोजन से पहले शहर के सभी खेल मैदानों को व्यवस्थित और सजाया गया है। खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। खेल चेतना मेला का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देना और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाना है। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।