रतलाम में जेएसजी संगिनी उमंग का हरित अभियान: 151 पौधों का वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से जेएसजी संगिनी उमंग रतलाम द्वारा “उमंग के रंग – पर्यावरण सुरक्षा के संग” अभियान के तहत वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान जेएसजी एमपी रीजन द्वारा संचालित वृक्षारोपण प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें समूह की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान वर्षा ऋतु के अवसर पर पहले लगभग 100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन सदस्याओं के उत्साह और सहभागिता को देखते हुए यह संख्या बढ़ाकर 151 पौधों तक पहुंच गई। सभी पौधे बीबड़ौद कॉर्नर स्थित फार्म हाउस परिसर में लगाए गए। इस पर्यावरण अभियान का नेतृत्व ग्रुप अध्यक्ष रेणू लूनिया ने किया। कार्यक्रम में समूह की संस्थापक अध्यक्ष रमिला सकलेचा सहित कई वरिष्ठ सदस्याओं एवं बड़ी संख्या में सखियों की स्नेहिल उपस्थिति रही। सभी ने स्वयं पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने कहा कि “आइए, एक पौधा लगाएं – प्रकृति को मुस्कुराएं” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। वृक्षारोपण जैसे छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में ग्रुप सचिव निर्मला पटवा एवं अनिता कोठारी ने सभी सहभागी सदस्याओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर रतलाम में अभाविप का प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रतलाम द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि रतलाम डीएसपी आनंद सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तविक प्रतिभा केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम, संस्कार, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की आदत से पहचानी जाती है। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अभाविप मालवा प्रांत के सह मंत्री मनोज जाट ने परिषद की कार्यप्रणाली, संगठन के उद्देश्यों तथा राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। इस अवसर पर अभाविप रतलाम नगर अध्यक्ष प्रो. जयश्री राठौर एवं नगर मंत्री केशव गुर्जर की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेधावी विद्यार्थी, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, समाजसेवी, पत्रकार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, अभिभावक एवं शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अभाविप द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों को प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित करने की बात कही।

रतलाम में जेएसजी संगिनी उमंग की अनोखी पहल: जरूरतमंद सब्जी विक्रेताओं को बांटी छतरियां और रेनकोट

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। सामाजिक सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जेएसजी संगिनी उमंग रतलाम परिवार ने बारिश के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता के लिए सराहनीय पहल की। संस्था ने ‘उमंग के रंग, सेवा के संग’ अभियान के तहत ‘बरसात से राहत’ सेवा प्रोजेक्ट आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले सब्जी विक्रेताओं को 50 छतरियों एवं रेनकोट का वितरण किया। यह सेवा प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश रीजन के अध्यक्ष राहुल चपलोद द्वारा जुलाई माह के लिए दिए गए ‘बारिश से राहत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षा ऋतु में जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को बारिश से बचाव के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम 7 जुलाई, मंगलवार को जैन स्कूल, सागोद रोड गेट, रतलाम पर आयोजित किया गया, जहां ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जियां बेचने आने वाले विक्रेताओं को छतरियां और रेनकोट वितरित किए गए। इस सेवा कार्य के माध्यम से संगिनी उमंग परिवार ने मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। इस सेवा प्रोजेक्ट में समूह की 30 से अधिक सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया। कार्यक्रम सखी मीना रमेश गादिया के सौजन्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप अध्यक्ष रेनू लूनिया, रमिला सकलेचा और संगीता कांठेड़ ने मीना गादिया का स्वागत किया। संस्था की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर किए जाएंगे। ग्रुप की सचिव निर्मला पटवा एवं अनिता कोठारी ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।

रतलाम में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

रतलाम में 16 जुलाई 2026 को श्री भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकलेगी। आयोजन समिति ने महापौर प्रह्लाद पटेल एवं MIC सदस्यों को आमंत्रित कर अधिक से अधिक नागरिकों से धर्म लाभ लेने की अपील की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। श्री भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव समिति द्वारा आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को समिति के पदाधिकारियों ने रतलाम नगर निगम के महापौर प्रह्लाद पटेल से सौजन्य भेंट कर उन्हें रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर नगर निगम के सभी MIC (एमआईसी) सदस्यों को भी आमंत्रित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया गया। समिति ने बताया कि श्री भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई 2026, गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे श्री भगवान जगदीश मंदिर, थावरिया बाजार, रतलाम से प्रारंभ होगी। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्री भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव समिति ने बताया कि रतलाम जिले में पिछले 29 वर्षों से इस भव्य धार्मिक आयोजन की परंपरा निरंतर निभाई जा रही है। यह रथयात्रा करीब 350 वर्ष पुराने मालवी एवं राजस्थानी शिल्पकला से निर्मित श्री जगन्नाथ मंदिर से निकाली जाती है, जो जिले का एकमात्र प्राचीन जगन्नाथ मंदिर माना जाता है। समिति का उद्देश्य सामाजिक समरसता, धार्मिक एकता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देना है। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवा वर्ग से रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने, शोभायात्रा की गरिमा बढ़ाने तथा “धर्मो रक्षति रक्षितः” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। समिति ने रतलाम शहर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। रथयात्रा का कार्यक्रम

रतलाम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया परामर्श, जांच पैकेजों पर 50% तक की छूट

रतलाम में भारत पैथोलॉजी लैब एवं कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परामर्श दिया और जांच पैकेजों पर 50% तक की छूट दी गई। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। शहर में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को भारत पैथोलॉजी लैब एवं कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रतलाम सहस्त्र औदीच्य ब्राह्मण समाज के सहयोग से भारत पैथोलॉजी लैब, 80 फीट रोड, रतलाम में संपन्न हुआ। शिविर में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल, इंदौर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार पी.के. (एमडी मेडिसिन) एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सपना चौहान ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों सहित शहर के बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ सलाह का लाभ उठाया। शिविर के दौरान रक्तचाप, ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही विभिन्न पैथोलॉजी जांच पैकेजों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा भदोरिया डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा सोनोग्राफी जांचों पर 20 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की गई। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान रतलाम सहस्त्र औदीच्य ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल आचार्य एवं उनकी टीम ने दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। आयोजन में डॉ. आई.पी. त्रिवेदी, डॉ. गणेश आचार्य, शकुंतला पंड्या, मधुसूदन पंड्या, मनीष रावल, सुभाष भग, राकेश व्यास, अंशुमन जोशी, कृष्ण वल्लभ मेहता, बालकृष्ण उपाध्याय, सतीश शर्मा, जयंत उपाध्याय, मंगल जोशी एवं सुनील शर्मा सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की सफलता में भारत पैथोलॉजी लैब के दीपक शर्मा एवं कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल के सुशील उपाध्याय की भूमिका भी सराहनीय रही।

श्री गुरुजी बालक छात्रावास में प्रवेशोत्सव संपन्न, 7 नए विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

सेवा भारती रतलाम द्वारा संचालित श्री गुरुजी बालक छात्रावास में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। 7 नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मण परवाल ने संस्कारयुक्त शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। सेवा भारती रतलाम द्वारा संचालित श्री गुरुजी बालक छात्रावास में रविवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए भव्य प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुभाष नगर स्थित छात्रावास परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, दुपट्टा पहनाकर तथा पेन-कॉपी भेंट कर स्वागत किया गया। इस वर्ष छात्रावास में कुल 7 नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त वातावरण में शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रसेवा और व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करना रहा। वैदिक हवन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ प्रवेशोत्सव की शुरुआत वैदिक हवन-पूजन से हुई, जिसमें सभी छात्र शामिल हुए। हवन के मुख्य यजमान सेवा भारती रतलाम समिति के सदस्य संजीव पाठक एवं उनकी धर्मपत्नी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की। इसके बाद भारत माता, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार एवं पूजनीय श्री गुरुजी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। संस्कारयुक्त शिक्षा से ही बनेगा सशक्त समाज: डॉ. लक्ष्मण परवाल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. लक्ष्मण परवाल ने अपने संबोधन में कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक महत्वपूर्ण पाठशाला है। उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थियों को अनुशासन, स्वावलंबन, राष्ट्रभक्ति और जीवन मूल्यों की शिक्षा मिलती है, जो उनके भविष्य को दिशा प्रदान करती है। डॉ. परवाल ने विद्यार्थियों से शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन मानने का आह्वान किया। सेवा भारती के प्रकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रहे सेवा कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक सुरेन्द्र सुरेका ने कहा कि सेवा भारती के सेवा प्रकल्प समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता और अवसर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्री गुरुजी बालक छात्रावास आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भारतीय संस्कार प्रदान कर रहा है। छात्रावास की व्यवस्थाओं की हुई सराहना कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को छात्रावास की कार्यप्रणाली, दैनिक दिनचर्या, अनुशासन व्यवस्था और सेवा भारती द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी गई। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने छात्रावास के संस्कारमय वातावरण और व्यवस्थाओं की सराहना की। सेवा भारती रतलाम के अध्यक्ष अनुज छाजेड़ ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सचिव मोहित कसेरा ने किया। अंत में उपाध्यक्ष नितिन फलोदिया ने आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में उपस्थित रहे समाजजन कार्यक्रम में स्वतंत्र पाटनी, वीणा छाजेड़, राकेश मोदी, शीतल भंसाली, संजीव पाठक, योगेश जाट सहित सेवा भारती के कार्यकर्ता, अभिभावक एवं समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बकरीद से पहले गौ तस्करी रोकने की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। बकरीद पर्व के मद्देनज़र संभावित गौ तस्करी एवं गौ हत्या की आशंका को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल गौ रक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को नवीन कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि जिले में गौ तस्करी और अवैध पशु कटाई पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल गौ रक्षा विभाग के आह्वान पर आयोजित इस ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। ज्ञापन राजस्व अधिकारी को सौंपते हुए संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि बकरीद के दौरान अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को पहले से ही सतर्क रहना चाहिए, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और धार्मिक भावनाएं आहत न हों। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत गौ रक्षा प्रमुख जगदीश धाकड़, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला मंत्री गौरव शर्मा, बजरंग दल जिला गौरक्षा प्रमुख दीपक प्रजापत, सह गौरक्षा प्रमुख गजेंद्र शक्तावत सहित जिला टोली, चारों प्रखंडों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी विश्व हिंदू परिषद सह प्रचार-प्रसार प्रमुख रिक्की सेन द्वारा दी गई।

जेएसजी संगिनी उमंग रतलाम ने सेवा गतिविधियों में प्रदेशभर में बनाया स्थान, एमपी रीजन में मिला तृतीय पुरस्कार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहने वाली JSG संगिनी उमंग रतलाम ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। जेएसजी एमपी रीजन द्वारा आयोजित अप्रैल माह की सेवा गतिविधियों में संगिनी उमंग रतलाम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से संगठन की सभी सदस्याओं में खुशी का माहौल है। अप्रैल माह में “सामूहिक नवकार मंत्र जाप” एवं “गर्मी से राहत हेतु सेवा कार्य” विषय पर गतिविधियां आयोजित की गई थीं। इसमें रतलाम की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए उत्कृष्ट सेवा कार्य किए, जिसके आधार पर संगठन को एमपी रीजन में टॉप-3 में स्थान मिला। संगठन की अध्यक्ष रेनु लुनिया, सचिव निर्मला पटवा एवं अनिता कोठारी ने इस उपलब्धि का श्रेय समूह की सभी सखियों और पूरी टीम के सहयोग को दिया। साथ ही सेवा प्रोजेक्ट के सफल संचालन के लिए संगीता पोरवाल का विशेष आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जेएसजी एमपी रीजन अध्यक्ष राहुल चपलोद सहित निर्णायक मंडल के अभिषेक चौधरी, रौनक दुग्गड़, राहुल वया, राहुल खाब्या एवं उनकी टीम का भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया। संगिनी उमंग रतलाम परिवार ने कहा कि आगे भी समाजसेवा और धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से संगठन इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

रतलाम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की कामकाजी बैठक सम्पन्न, प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार के दौरे की बनी रणनीति

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की कामकाजी बैठक मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय रतलाम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नव मनोनीत जिला अध्यक्ष संदीप यादव ने की। बैठक में आगामी 18 मई 2026 को होने वाले पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार के रतलाम जिले के प्रवास कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा कर रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, प्रदेश मंत्री बलवंत भाटी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय तथा जिला महामंत्री जयवंत कोठारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का रतलाम जिले का दौरा आलोट से प्रारंभ होकर ताल, जावरा, नामली होते हुए रतलाम में सम्पन्न होगा। रतलाम में वे मोर्चा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं सोशल मीडिया प्रभारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का संचालन रवि पंवार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मोर्चा उपाध्यक्ष किशोर कसेरा ने माना। बैठक में राधेश्याम बैरागी, नीरज परमार, गोवर्धन लाल पाटीदार, श्याम राठौड़, चेतन टांक, राकेश मीणा, श्याम रैडा, ईश्वर सेन, मनोज बागड़ी, दिलीप कुमावत, महेश माली, पंकज परमार, आशीष चौहान, पंकज टांक, कैलाश पंवार, रघुवीर सिंह, मन्नालाल कुमावत, लक्ष्मण पटेल, पर्वत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त जिला अध्यक्ष संदीप यादव का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर भोपाल में उत्कृष्ट सेवा कार्य सम्मान समारोह, रतलाम के समाजसेवी भी हुए सम्मानित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा गुरुवार को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के विज्ञान भवन, नेहरू नगर भोपाल में “उत्कृष्ट सेवा कार्य सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान एवं सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न जिला इकाइयों, स्कूलों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के प्रेसिडेंट मंगुभाई पटेल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम भोपाल आयुक्त संस्कृति जैन, महानिदेशक मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा डॉ. अनिल कोठारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे (आईएएस सेवानिवृत्त) ने की। इस अवसर पर राज्य शाखा के वाइस चेयरमैन मनीष रावल, कोषाध्यक्ष दीपेश मेहता सहित विभिन्न जिला इकाइयों से आए पदाधिकारी, प्रबंध समिति सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपने संबोधन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि रेडक्रॉस संस्था अपने मूल सिद्धांतों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने प्रत्येक जिले में समर्पित टीमों के गठन पर जोर देते हुए कहा कि गरीब, वृद्धजन, महिलाएं, बच्चे एवं दिव्यांगजनों के लिए लगातार सेवा गतिविधियां संचालित की जानी चाहिए। राज्यपाल ने विशेष रूप से आदिवासी एवं अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने में रेडक्रॉस की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस इकाइयों द्वारा संचालित जन औषधि केंद्र आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं, जो समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के अंत में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के जनरल सेक्रेटरी रामेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभागियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। रतलाम के समाजसेवियों का हुआ सम्मान समारोह में रतलाम जिले से उत्कृष्ट सामाजिक एवं सेवा कार्यों के लिए समाजसेवी अरविंद व्यास, दिनेश वसुनिया, हेमंत मुणत, जय तलेरा को सम्मानित किया गया। वहीं जिला जूनियर रेडक्रॉस से उत्कृष्ट कार्य के लिए स्कूल प्राचार्य सुभाष कुमावत, काउंसलर अनिल शर्मा, माया मौर्यतथा कार्यालयीन सहायक राजेंद्र पांडे को भी सम्मान प्रदान किया गया।

0%