Ratlam News: रतलाम को मिला नया जिला खेल अधिकारी: दीपेंद्र सिंह ठाकुर से खेल जगत को नई उड़ान की उम्मीद

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के स्कूल शिक्षा विभाग में जिला खेल अधिकारी के पद पर दीपेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। ठाकुर पूर्व में जिले के विभिन्न खेल संघों और एसोसिएशन में अध्यक्ष और सचिव जैसे जिम्मेदार पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनके पास खेल प्रबंधन और नेतृत्व का लंबा अनुभव है। उनके जिला खेल अधिकारी बनने से जिले के खिलाड़ियों और खेल संघों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल जगत को उम्मीद है कि ठाकुर की नियुक्ति से जिले की खेल प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन मिलेगा और रतलाम को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। जिले के अनेक खेल संगठनों ने श्री ठाकुर का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। खिलाड़ी वर्ग और कोचों का मानना है कि उनके नेतृत्व में रतलाम का खेल क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छूएगा।

Ratlam News: पत्नी के सामने चाकू से वार कर की हत्या: रतलाम में पुराने विवाद का खौफनाक अंजाम, 3 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में एक बार फिर पुरानी रंजिश ने एक जान ले ली। रविवार को दिनदहाड़े पत्नी के साथ बाइक से जा रहे एक युवक पर चार लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात की पूरी घटना उसकी पत्नी के सामने हुई, जो मदद के लिए चीखती रही। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है। कैसे हुई वारदात राजेंद्र नगर निवासी अमजद शेख (40) रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी पत्नी राहत बी के साथ बाइक से अरिहंत परिसर जा रहे थे। तभी रास्ते में राजा घोषी, हाशिम, गट्ट उर्फ हांडू और अमन घोषी ने उन्हें रोक लिया। चारों ने मिलकर अमजद को बाइक से नीचे गिराया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्नी राहत बी चीखती रही, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी भाग चुके थे। घायल अमजद को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वेंटिलेटर पर रखने के बाद भी रात 9 बजे के करीब उसकी मौत हो गई। पुराने विवाद का बदला थी यह हत्या इस हत्या के पीछे की वजह 14 जून की रात हुए विवाद को बताया जा रहा है। डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर में एक दावत के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो चाकूबाजी में बदल गई थी। उसी झगड़े की रंजिश को लेकर यह हमला किया गया। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार घटना के बाद पुलिस ने राहत बी की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 296, 109, 3(5) के तहत केस दर्ज किया था। अमजद की मौत के बाद आरोपियों पर हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। थाना अंतर्गत हाट की चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया ने बताया कि आरोपी राजा घोषी, हाशिम और गट्ट हांडू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अमन घोषी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार आज सोमवार सुबह अमजद का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद दोपहर में अंतिम संस्कार होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बाकी आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।

Ratlam News: राजा रघुवंशी हत्याकांड: शिलॉन्ग एसआईटी ने रतलाम में की छानबीन, पिस्टल और लैपटॉप की तलाश जारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शिलॉन्ग में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच में जुटी एसआईटी ने ब्रोकर कॉन्ट्रैक्टर शिलोम जेम्स पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार दोपहर टीम ने रतलाम स्थित उसके ससुराल में दबिश दी। इस दौरान शिलोम की पत्नी और साली भी मौजूद थीं। छानबीन के दौरान पुलिस ने एक बैग जब्त किया है, जिसमें लैपटॉप होने की संभावना जताई जा रही है। शिलोम के ससुराल में एक घंटे तक तलाशी शिलॉन्ग पुलिस दो गाड़ियों में सवार होकर दोपहर 3 बजे रतलाम की मंगलमूर्ति कॉलोनी स्थित मकान पर पहुंची। यह मकान शिलोम के ससुर मनोज गुप्ता का है, जो म्यूचुअल फंड का काम करते हैं। बताया गया कि पिछले 10 से 15 दिनों से यह मकान बंद पड़ा था। टीम ने करीब एक घंटे तक तलाशी ली और फिर शिलोम को अपने साथ लेकर इंदौर रवाना हो गई। हालांकि, उसकी पत्नी और साली को साथ नहीं ले जाया गया। इंदौर में भी रातभर चली जांच शनिवार देर रात एसआईटी की टीम इंदौर पहुंची थी। यहां महालक्ष्मी नगर स्थित शिलोम के घर की इंदौर क्राइम ब्रांच के सहयोग से तलाशी ली गई। करीब आधे घंटे तक चली इस कार्रवाई में कई दस्तावेजों की जांच की गई। एसआईटी को शक है कि सोनम के काले बैग से गायब आभूषण शिलोम ने ही छिपा रखे हैं। इन्हीं की तलाश में पहले इंदौर और फिर रतलाम में छानबीन की गई। लोकेंद्र समेत तीनों आरोपित 6 दिन की रिमांड पर इससे पहले गुरुवार को एसआईटी ने बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर, ब्रोकर शिलोम जेम्स और चौकीदार बलवीर अहिरवार को इंदौर से हिरासत में लेकर शिलॉन्ग पहुंचाया। कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को 6 दिन की रिमांड पर लिया गया है। सबूत मिटाने और छेड़छाड़ के आरोप हत्या के बाद सोनम इंदौर में जिस फ्लैट में रुकी थी, वह फ्लैट लोकेंद्र तोमर की बिल्डिंग में था। शिलोम ने ही यह बिल्डिंग लीज पर ली थी और फ्लैट विशाल चौहान को किराए पर दिया गया था। शिलोम को जब इस बात का पता चला कि सोनम वही रुकी थी, तो उसने लोकेंद्र को सूचित किया। लोकेंद्र ने फ्लैट से बैग हटाने और उसमें रखे रुपये व पिस्टल लेकर वापस लौटने की बात मानी है। शिलोम ने बाद में सोनम का बैग जलाने की बात भी स्वीकार की है। नाले से बरामद हुई पिस्टल एसआईटी की पूछताछ में शिलोम ने पहले दावा किया था कि पिस्टल लोकेंद्र के पास है, लेकिन बाद में उसने बताया कि पिस्टल और लैपटॉप को उसने इंडस्ट्री हाउस के पास नाले में फेंक दिया था। बाद में तलाशी के दौरान पुलिस को थैली में बंद पिस्टल बरामद हुई। एफएसएल टीम को घटनास्थल से जली हुई सिम और अन्य जरूरी सामान भी मिले हैं। अब शिलोम और अन्य आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है।

Ratlam News: रतलाम से लापता छात्रा इंदौर में मिली: वॉट्सऐप पर फोटो वायरल हुआ और ऐसे हुई पहचान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, रतलाम की कक्षा 8वीं की 13 वर्षीय छात्रा उर्वशी पाटीदार, जो शनिवार दोपहर स्कूल से लापता हो गई थी, रविवार सुबह इंदौर के खजूरी बाजार क्षेत्र में सुरक्षित मिल गई। छात्रा की पहचान एक स्थानीय निवासी कुणाल पाटीदार ने वॉट्सऐप पर वायरल हो रही फोटो देखकर की और परिजनों को सूचना दी। छात्रा स्कूल से छुट्टी के बाद बिना बताए निकल गई थी। उसकी बड़ी मम्मी स्कूल गेट के बाहर काफी देर तक उसका इंतजार करती रहीं, लेकिन वह नहीं मिली। परिजन रातभर उसकी तलाश में जुटे रहे। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा स्कूल बैग और ट्रैक सूट पहने लोकेंद्र भवन रोड से काला घोड़ा चौराहे की तरफ जाती हुई सीसीटीवी में नजर आई। इसके बाद वह ई-रिक्शा से रतलाम रेलवे स्टेशन पहुंची और प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर देखी गई। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा को ट्रेन के एक कोच से उतरकर दूसरे कोच में चढ़ते हुए भी देखा गया। छात्रा कोटा पार्सल ट्रेन से इंदौर पहुंची थी। रविवार सुबह इंदौर के खजूरी बाजार में वह एक घर के बाहर डरी-सहमी अवस्था में बैठी मिली। कुणाल पाटीदार ने सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखकर छात्रा को पहचाना और तत्काल वॉट्सऐप पर साझा नंबर के जरिए परिजनों को सूचना दी। इसके बाद रतलाम के सैलाना क्षेत्र की उमा पाटीदार मौके पर पहुंचीं और छात्रा को अपने साथ लेकर इंदौर के सर्राफा थाने ले गईं। इधर, स्टेशन रोड TI स्वराज डाबी ने बताया कि परिजनों के साथ रतलाम पुलिस टीम भी इंदौर रवाना हो गई है। छात्रा का सुरक्षित मिलना परिजनों के लिए राहत की खबर है, लेकिन घटना ने सुरक्षा और सतर्कता को लेकर कई सवाल भी खड़े किए हैं।

Ratlam News: रतलाम की बेटियों का कमाल: शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीत रचा इतिहास, 50 वर्षीय नम्रता शुक्ला बनीं प्रेरणा का प्रतीक

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश की दूसरी प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में रतलाम जिला रायफल संघ से जुड़ी महिला निशानेबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले को गर्व महसूस कराया है। यह प्रतियोगिता 22 से 28 जून तक बीएसएफ की रेवती रेंज में आयोजित की गई, जिसमें रतलाम से 15 शूटरों ने भाग लिया। महिलाओं का दमदार प्रदर्शन: राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई करने वाले शूटर: राइफल इवेंट:  पिस्टल इवेंट: स्टेट टूर्नामेंट के लिए चयनित: सम्मान और सराहना: रतलाम जिला रायफल संघ के सेक्रेटरी व इंटरनेशनल कोच उमंग पोरवाल, कोच मोहितराजसिंह सांखला, कोच डॉली धीरन, डॉ. दिव्या पोरवाल, डीआईजी मनोज कुमार सिंह, मंत्री चेतन्य काश्यप, जिला पंचायत सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव सहित अभिभावकों व प्रबंधन समिति ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नारी शक्ति की मिसाल बनी रतलाम की शूटर महिलाएं इस प्रतियोगिता में महिला निशानेबाज़ों ने जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और जज़्बे का परिचय दिया, वह न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्पद है। खासकर 50 वर्षीय नम्रता शुक्ला ने यह साबित कर दिया कि “उम्र सिर्फ एक नंबर है, लक्ष्य बड़ा हो तो रास्ता खुद बनता है।”

Amarnath Yatra 2025: गुर्जर समाज युवा इकाई का सेवा सूचना सहायता शिविर शुरू, यात्रियों को मिलेगा निःशुल्क मार्गदर्शन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ यात्रा 2025 का शुभारंभ 3 जुलाई से होने जा रहा है, जिसे लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुर्जर समाज युवा इकाई द्वारा सेवा सूचना सहायता शिविर का शुभारंभ 29 जून से कर दिया गया है। यह शिविर प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी यात्रियों को यात्रा से जुड़ी विभिन्न जानकारियां और सेवाएं निःशुल्क प्रदान करेगा। युवा इकाई के अध्यक्ष मुरलीधर गुर्जर ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीयन नहीं हो पाया है, वे 2 जुलाई से जम्मू स्थित यात्री आधार शिविर में ऑफलाइन पंजीयन करवा सकते हैं। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा कुल 52 दिनों तक चलेगी। शिविर के माध्यम से यात्रियों को निम्नलिखित सेवाएं मिलेंगी: पंजीकरण शुल्क इस बार श्राइन बोर्ड द्वारा ₹200 से अधिक निर्धारित किया गया है। देशभर से आने वाले यात्रियों के लिए 142 से अधिक विश्रामगृह तथा 52 से अधिक स्थानों पर विशाल निःशुल्क लंगरों की व्यवस्था की गई है। मुरलीधर गुर्जर ने यात्रियों से अपील की है कि: यदि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो, तो यात्री सेवा सूचना सहायता शिविर के मोबाइल नंबर 8602 198968 पर संपर्क कर सकते हैं। इस अभियान में राधेश्याम गुर्जर, भरत गुर्जर, माधव गुर्जर, जयदीप गुर्जर, सुरेश भीमा गुर्जर, दीपक गुर्जर, रूपेश गुर्जर, रघुवीर गुर्जर, इंद्र गुर्जर, मनोज गुर्जर, मुन्ना गुर्जर जैसे युवा सदस्य सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से सेवा का लाभ उठाने की अपील कर रहे हैं।

Ratlam News: रतलाम में हुआ पूज्या महासती संयमलता म.सा. का मंगल प्रवेश, चातुर्मास तक बहेगी धर्मगंगा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज डेस्क। Ratlam News: श्रमण संघीय आचार्य डॉ. शिवमुनि म.सा. की आज्ञानुवर्तिनी, गुरुणी पूज्या कमलावती जी म.सा. की सुशिष्या एवं परम पूज्या दक्षिण चंद्रिका महासाध्वी डॉ. श्री संयमलता जी म.सा. का आदि ठाना 04 सहित रतलाम नगर में चातुर्मास हेतु मंगलमय आगमन हुआ। पूज्य साध्वीवृंद ने राजस्थान के उदयपुर में चातुर्मास पूर्ण कर 2025 का वर्षावास रतलाम में करने का निर्णय लिया है। महासतीजी का नगर प्रवेश सेजावता से कस्तूरबा नगर स्थित सुमंगल गार्डन तक भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में श्री संघ, जैन दिवाकर नवयुवक मंडल, महिला मंडल, बहु मंडल और बालिका मंडल के सदस्य शामिल रहे। नगरवासियों ने श्रद्धा भाव से साध्वीश्री का स्वागत किया। प्रवेश के उपरांत सामूहिक प्रार्थना और मांगलिक श्रवण कराया गया। संघ के मार्गदर्शक महेंद्र बोथरा ने जानकारी दी कि रविवार 29 जून को प्रातः 9 से 10 बजे तक सुमंगल गार्डन पर पूज्या महासती संयमलता म.सा. द्वारा महामंगलकारी प्रवचन एवं विशेष अनुष्ठान का आयोजन होगा, जिसका आयोजन बोथरा परिवार के सौजन्य से किया जा रहा है। वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ नीमचौक के अध्यक्ष अजय खमेसरा ने बताया कि महासतीजी का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश समारोह 4 जुलाई को बड़े धूमधाम से होगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालु जनों के पधारने की संभावना है। श्री संघ के मीडिया प्रभारी नीलेश बाफना ने बताया कि चातुर्मास काल के दौरान रतलाम नगर के विभिन्न क्षेत्रों में धर्म प्रवाह के विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिससे नगरवासियों को आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होगी। विशेष आकर्षण:

MP News: रतलाम राइज कॉन्क्लेव 2025: 30,402 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 35 हजार रोजगार की सौगात; एमपी बना निवेशकों की पहली पसंद

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: रतलाम में आयोजित ‘एमपी राइज 2025 कॉन्क्लेव’ में मध्यप्रदेश को निवेश और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में प्रदेश को 30,402 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिससे 35,520 से अधिक रोजगार के नए अवसरसृजित होंगे। इस मेगा इवेंट के जरिए रतलाम अब स्किल, स्केल और स्टार्टअप्स का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब रतलाम सिर्फ सेव, साड़ी और सोने के लिए नहीं, बल्कि उन्नत औद्योगिक और नवाचार गतिविधियों के लिए जाना जाएगा। इस अवसर पर 94 औद्योगिक इकाइयों और क्लस्टर्स का भूमि पूजन व लोकार्पण किया गया, जिन पर 2012 करोड़ से अधिक की लागत आएगी। मुख्य घोषणाएं और उपलब्धियां: एमएसएमई इकाइयों को नवकरणीय ऊर्जा संयंत्रों के लिए सब्सिडी288 एमएसएमई इकाइयों को ₹270 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित140 वृहद इकाइयों को ₹425 करोड़ की वित्तीय सहायता538 एमएसएमई इकाइयों को भूमि आवंटन पत्र35 बड़ी इकाइयों को भूमि आवंटन के आशय पत्र4 लाख से अधिक हितग्राहियों को ₹3861 करोड़ का स्वरोजगार ऋण वितरणसूरत में 29 जून को रोड-शो की घोषणा …और अन्य प्रमुख कंपनियों के साथ कुल 30402 करोड़ निवेश और 35520 रोजगार सृजन प्रस्ताव। मुख्यमंत्री की अन्य घोषणाएं: मुख्यमंत्री का विज़न: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “हमारी नीति है कि जहां कॉन्क्लेव होता है, वहीं पर निवेश के साथ उद्योगों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी हो। यह आयोजन केवल शोपीस नहीं, बल्कि युवाओं और निवेशकों के लिए एक ठोस अवसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निवेश का अगला पावरहाउस बन चुका है।” एमपी का औद्योगिक परिदृश्य:

Ratlam News: रतलाम में जंगल से मिली खून से लथपथ महिला की लाश, सिर पर गंभीर चोट के निशान; हत्या की आशंका से सनसनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जुलवानिया ग्राम में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई जब जंगल में एक महिला की खून से सनी लाश मिली। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे यह मामला प्रथम दृष्टया नृशंस हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका की पहचान 32 वर्षीय राधा पति तेजराम, निवासी ग्राम रामपुरिया के रूप में हुई है। घटना ग्राम जुलवानिया के मुंशीपाड़ा मार्ग के किनारे स्थित जंगल की है, जहां सुबह चौकीदार रमेश मईड़ा ने महिला का शव देखा। कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर पर खून फैला हुआ था। रमेश ने तुरंत ग्राम सरपंच छोटू भाभर को सूचना दी, जिनके माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया। प्रारंभिक जांच में हत्या गोली से या धारदार हथियार से की गई होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राधा अपने पति को छोड़कर कुछ समय से किसी अन्य पुरुष के साथ रह रही थी। फिलहाल पुलिस महिला के निजी जीवन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ratlam News: सीएम काफिले की 19 गाड़ियां बंद! रतलाम में मिलावटी डीजल से मचा हड़कंप, पेट्रोल पंप सील

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम, 27 जून 2025 – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रतलाम दौरे के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रीजनल इंडस्ट्रियल समिट (MP Rise 2025) में शामिल होने आ रहे सीएम काफिले की 19 गाड़ियां अचानक बंद हो गईं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी गाड़ियां इंदौर से रतलाम पहुंचीं थीं और रास्ते में डोसीगांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया गया था। लेकिन डीजल भरवाने के तुरंत बाद ही वाहन एक-एक कर बंद होने लगे और पेट्रोल पंप परिसर में ही रुक गए। जांच में सामने आया पानी मिला डीजल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में डीजल में पानी की मिलावट की पुष्टि हुई, जिससे गाड़ियों के इंजन फेल हो गए। पेट्रोल पंप को तुरंत सील कर दिया गया है और इंदौर से वैकल्पिक गाड़ियां मंगवाई गईं। पेट्रोल पंप प्रबंधन ने इस घटना के लिए बारिश के चलते टैंक में पानी के रिसाव को जिम्मेदार बताया, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही और संभावित मिलावट का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। आम जनता की सुरक्षा पर उठे सवाल मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल में मिलावट की शिकायतें पहले भी आती रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़ा यह मामला बेहद संवेदनशील बन गया है। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की जांच उच्च स्तर पर की जा रही है। यह घटना सिर्फ वीवीआईपी काफिले तक सीमित नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और ईंधन की गुणवत्ता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है।