गुड फ़्राइडे: प्रभु यीशु की क्रूस यात्रा देखकर गमगीन हुए समाजजन, सेंट अन्ना चर्च में हुआ आयोजन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। गुड फ्राइडे यानी पुण्य शुक्रवार की आराधना रेलवे कॉलोनी स्थित सेंट अन्ना चर्च में हुई। चर्च में दोपहर 1 बजे प्रभु यीशु की क्रूस यात्रा का सजीव मंचन समाजजनों के बीच किया गया। जिसमें बताया गया की किस प्रकार प्रभु यीशु को यातनाएं देकर उन्हें मृत्यु दी गई थी। क्रूस यात्रा में प्रभु यीशु द्वारा पिता परमेश्वर से प्रार्थना से लेकर, गेतसमनी बाग में येसु की प्राणपीड़ा, प्रार्थना के दृश्य सहित यूदस द्वारा यीशु का चुम्बन करके रोमन साम्राज्य के सैनिकों द्वारा पकड़वाया जाना, येसु भारी भरकम क्रूस को उठाकर चलने जैसे आदि दृश्य शामिल थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ईसाई समाजजन मौजूद रहे। सेंट अन्ना चर्च के फादर कासमीर डामोर ने बताया गुड फ्राइडे के दिन ईसाई धर्म को मानने वाले अनुयायी गिरजाघर जाकर ईसा मसीह को याद करते है। 29 मार्च यानी आज गुड फ्राइडे है। गुड फ्राइडे को होली फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे और ग्रेट फ्राइडे के नाम से भी जाना जाता है। माना जाता है कि इसी दिन ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाया गया था। ईसाइयों की मान्यता के अनुसार, इस दिन ईसा मसीह ने पूरी दुनिया से बुराई को खत्म करने के लिए अपना बलिदान दिया था। गुड फ्राइडे के दिन को ईसाई लोग बड़े शोक के रूप में याद करते हैं और फास्टिंग भी करते है। शनिवार को ईसाई समाजजन रात्रि जागरण करते हुए आराधना करेंगे वहीं रविवार को ईस्टर संडे मनाया जाएगा। मान्यता है की शुक्रवार को मृत्यु के बाद रविवार के दिन इसाह मसीह पुनर्जीवित हो उठते है। इसी खुशी में ईस्टर संडे का पर्व मनाया जाता है।

रंगपंचमी की तैयारी: हुड़दंगी व शराबियों की होगी चेकिंग, एएसपी ने किया गेर स्थल का निरीक्षण

आम जनता को ना हो कोई भी परेशानी – एएसपी राकेश खाखा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मालवा में लोग रंगपंचमी को बड़े उत्साह के साथ मनाते है। यह त्यौहार होलिका दहन के पांच दिन बाद पंचमी तिथी को मनाया जाता है। मध्यप्रदेश के रतलाम में रंग पंचमी बड़े ही भव्य आयोजन के साथ मनाई जाती है। इस साल भी रंगपंचमी को लेकर बड़ी धूम-  धाम से मनाए जाने को लेकर तैयारियां कर ली गई है। शहर के धानमंडी से भव्य गेर का आयोजन होगा। इसको लेकर पुलिस भी एक्शन मोड में नजर आ रही है। कई ऐसे मामले सामने आए है जिनमें महिलाओं व अन्य लोगों के साथ हुड़दंगी अभद्रता करते नजर आ रहे है। ऐसी कोई घटना रतलाम जिले में ना हो इसको लेकर एसपी राहुल लोढा ने सख्त चेतावनी देते हुए वीडियो संदेश भी जारी किया है। शुक्रवार को एएसपी राकेश खाखा व सीएसपी अभिनव बारंगे ने पुलिस जवानों व अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए। एएसपी राकेश खाखा ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बताया की सार्वजनिक रूप से शराब पीने वाले, अभद्रता करने वालों पर सख्त कार्रवाई करे। इसके अलावा यह भी ध्यान रखे की त्यौहार मनाने वाली आम जनता इससे परेशान ना हो। पुलिस का काम किसी को परेशान करना नहीं है लेकिन जो लोग तनाव की स्थिति पैदा करे और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे उन पर तुरंत कार्रवाई करे। जिससे शांति व सौहाद्र के साथ जनता रंगपंचमी का त्यौहार मना सके। कंट्रोल रूम पर दिशा निर्देश देने के बाद एएसपी, सीएसपी व टीआईधानमंडी क्षेत्र पहुंचे। जहां पर अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की और गेर का रूट जाना। इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी अनिल राय, डीएसपी महिला सेल अजय सारवान, स्टेशन रोड़ टीआई दिनेश भोजक, आईए टीआई राजेंद्र वर्मा, अजाक टीआई लिलियन मालवीय, सूबेदार एसआई मोनिका चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानीएएसपी राकेश खाखा ने पब्लिक वार्ता से चर्चा में बताया की अमूमन कुछ शरारती तत्व त्यौहार को बिगाड़ने में लगे रहते है। जिससे सौहाद्र व सांप्रदायिक सदभाव को ठेस पहुंचती है। ऐसी किसी भी अप्रिय स्थिति ना हो उसे पहले ही रोकने के लिए रतलाम पुलिस की तैयारी पूरी है। जिस प्रकार होली व धुलेटी का पर्व शांति से मनाया गया है उसी प्रकार रंगपंचमी भी मनाई जाएगी। पुलिस हर चौराहे पर ब्रीथ एनेलाइजर से चेकिंग करेगी। खुले में शराब पीने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। गेर के दौरान ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम में सीसीटीवी पर हर मूवमेंट को देखा जाएगा। पुलिस की तैयारियां पूरी है। आमजन से भी अपील है की वे शांति व भाईचारे के साथ रंगपंचमी का पर्व मनाए। यह रहेगा रूट, ट्रैफिक होगा डायवर्टगेर रानी जी के मन्दिर धानमण्डी से शुरु होकर गणेश देवरी होते हुए न्यू क्लॉथ मार्केट जमनालाल स्वीट्स की दुकान से महालक्ष्मी जी मन्दिर के सामने होते हुए घांस बाजार चौराहा, चौमुखी पुल, चाँदनीचोक, तोपखाना, हरदेवलाला पिपली से आबकारी चोराहा होते हुए ब्राम्हणो के वास, रानीजी का मन्दिर होते हुए नाहरपुरा चौराहा से डालुमोदी बाजार पहुँचकर समाप्त होगी। गैर रंग पंचमी जूलुस के दौरान आम जनता की सुविधा को देखते हुए रतलाम यातायात पुलिस द्वारा निम्नानुसार यातायात व्यवस्था एवं डायवर्सन प्लॉन तैयार किया गया –

किसानों का विरोध: अमानक बताकर नहीं खरीदा समर्थन मूल्य पर गेहूं, आगरा – मुंबई हाईवे किया जाम

पब्लिक वार्ता – शाजापुर,अजय वर्मा। जिले के ग्राम अभयपुर में किसानों द्वारा नारेबाजी करते हुए आगरा – मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। करीब 2 घंटे तक जाम रहने के बाद किसानों ने प्रदर्शन खत्म किया। यह पूरा घटनाक्रम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी को लेकर हुआ। किसानों का आरोप था की गेहूं खरीदी के दौरान किसानों का गेहूं को अमानक स्तर का बताकर केंद्र पर कर्मचारी खरीदी नहीं कर रहे। किसानों के चक्काजाम की जानकारी लगते ही मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी एवं सुनेरा टीआई पुलिस बल के साथ पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को समझाइश देकर चक्का जाम समाप्त करवाया। जाम और विरोध प्रदर्शन के चलते करीब दो घंटे से अधिक समय तक समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीदी नहीं हो सकी। एसडीएम मनीषा वास्कले, तहसीलदार मधु नायक और जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी देवेन्द्र शर्मा ने किसानों से बातचीत कर समस्या का समाधान किया। अब केंद्र पर ही चलना लगाकर गेहूं में से मिट्टी और कुस्सी को निकाला जाएगा। जिसके बाद समर्थन मूल्य पर खरीदी होंगी। 80% गेंहू कर रहे रिजेक्टकेंद्र के प्रभारी ने अधिकारियों को बताया जिन किसानों के गेहूं में मिट्टी और कुस्सी ज्यादा है, उन्हें अमानक बताकर नहीं खरीद रहे है। मानक स्तर का गेहूं खरीदा जा रहा है । अधिकारियों द्वारा अमानक स्तर के गेहूं को परीक्षण करवा कर देखा भी गया, वहीं किसानों का आरोप है बुधवार शाम से गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां यहां खड़ी हुई है। केंद्र पर पदस्थ कर्मचारीयों द्वारा 80 प्रतिशत गेहूं रिजेक्ट किया जा रहा है। जिस कारण प्रदर्शन करना पड़ा। वहीं अधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। अब चलना लगाकर गेंहू खरीदी पर सहमति हुई है।

सिविक सेंटर फर्जी रजिस्ट्री कांड: लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम व रजिस्ट्रार ऑफिस में खंगाले दस्तावेज

भ्रष्ट अधिकारियों व भूमाफियाओं पर जल्द हो सकती है एफआईआर दर्ज! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। नगर निगम सम्मेलन में उठे राजीव गांधी सिविक सेंटर स्थित जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कांड की गूंज अब लोकायुक्त तक जा पहुंची है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे लोकायुक्त पुलिस रतलाम पहुंची। टीम ने नगर निगम पहुंचकर दस्तावेज खंगालना शुरू किए। जिसके बाद टीम महलवाड़ा स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंची। यहां भी करीब 1 घंटे तक दस्तावेज देखे गए। दोनो जगहों से लोकायुक्त की टीम फाइले एकत्रित कर अपने साथ ले गई है। सूत्रों की माने तो जल्द ही नगर निगम व रजिस्ट्रार अधिकारियों सहित कई प्रॉपर्टी के दलाल पर अनियमितता व भ्रष्टाचार की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज हो सकती है। फिलहाल इस मामले में लोकायुक्त ने आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से इनकार किया है। आपको बता दे शहर के भूमाफिया कहे जाने वाले प्रोपर्टी ब्रोकर राजेन्द्र पितलिया पर षडयंत्रपूर्वक सिविक सेन्टर की अवैध रजिस्ट्रियां करवाने का आरोप लगातार लग रहा है। इसमें तत्कालीन निगम आयुक्त एपीएस गहरवार, उपायुक्त विकास सोलंकी सहित कई अधिकारियों पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप नगर निगम के पार्षदों ने लगाए थे। अब इनकी शिकायत लोकायुक्त व ईओडब्लू (EOW) के पास पहुंची है। लोकायुक्त ने शिकायत के बाद अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है, वही ईओडब्लू से अभी तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई की सूचना नहीं मिली है। लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान ने मीडिया को बताया कि सिविक सेन्टर की जमीनों की अवैध रजिस्ट्रियां कराई जाने की शिकायत लोकायुक्त पुलिस को भी प्राप्त हुई थी, जिस पर से लोकायुक्त पुलिस द्वारा मामला संज्ञान में लिया गया। इसी मामले की जांच के लिए नगर निगम व रजिस्ट्रार ऑफिस से दस्तावेज मांगे गए थे। डीएसपी ने बताया कि मामले से जुडी फाइलों के दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतिलिपियां और कुछ अन्य जानकारियां ली गई है। इसके अलावा सिविक सेन्टर से जुडी सभी रजिस्ट्रियों की प्रतिलिपियां भी मांगी गई है। रजिस्ट्रार कार्यालय से भी नगर निगम द्वारा कराई गई सिविक सेन्टर के भूखण्डों की लीज डीड और इसके लीज धारकों द्वारा आगे अन्य व्यक्तियों को करवाई गई रजिस्ट्रियों की प्रमाणित प्रतिलिपियां ली गई है। इन दस्तावेजों के अध्ययन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हत्या पर आक्रोश: गिरफ्तारी के बाद परिजनों की मकान तोड़ने की मांग, एएसपी को बैठना पड़ा सीढ़ियों पर

मामला गज्जू – केशव दोहरे हत्याकांड का, फरार आरोपियों पर घोषित होगा इनाम! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम में हुए दो दोस्तों के3 जघन्य हत्याकांड के खुलासे के बाद अब परिजन आरोपियों के घर तोड़ने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। आक्रोशित परिजन व मृतक के साथी बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। परिजनों की मांग थी की आरोपियों की अवैध संपत्ति की जांच कर अवैध निर्माण तोड़ा जाए। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने आए लोग व परिजन कलेक्टर राजेश बाथम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। लेकिन कलेक्टर नहीं आए। करीब 1 घंटे बाद में एएसपी राकेश खाखा ने सीढ़ियों पर बैठकर परिजनों की बात सुनकर उन्हें समझाईश दी। तब जाकर वे माने और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई, सीएसपी अभिनव वारंगे मौजूद रहे। मृतक गजेंद्र के भाई राकेश ने बताया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अवैध संपत्ति व अवैध निर्माण तोड़ा जाए। दोनों के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। आर्थिक सहायता की भी मांग की है। अधिकारियों से आश्वासन मिला है। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि केस दर्ज किया जा चुका है। 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग परिजन कर रहे है। सभी तथ्यों पर पुलिस अमल कर कार्रवाई करेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया जा रहा है। यह है मामला21 व 22 मार्च की दरमियानी रात रतलाम फोरलेन पर गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को कांडरवासा फंटे के पास केशव (29) पिता विष्णु गुर्जर निवासी ग्राम सेमलिया, गजेंद्र उर्फ गज्जू (30) पिता पूनमचंद्र डोडिया निवासी ग्राम अमलेटा मृत मिले थे। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए थे। वहीं शवों से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त मिली थी। पहले माना गया कि दोनो युवकों की मौत सड़क हादसे में हुई। लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए 22 मार्च को शवों को घर ले जाते समय फोरलेन अमलेटा फंटे पर जाम लगा दिया था। मामले की जांच की बात कही थी। तब जाकर पुलिस तह तक गई और आरोपियों और मृतकों के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली। जिन पर परिजन और ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं, उन्हीं ने इस डबल हत्याकांड को अंजाम दिया। आपसी गैंगवार के चलते दोनों की हत्या की गई। जिसका खुलासा एसपी राहुलकुमार लोढ़ा ने मंगलवार को किया। डबल मर्डर मामले में अभी तक 21 आरोपी के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर चुकी है। जिसमे  7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सूर्यपालसिंह (29) पिता मदनसिंह पडियार निवासी ग्राम बड़ोदिया, राहुल (30) पिता शंकरलाल जाट निवासी ग्राम रामगढ़ ( थाना सैलाना), बबलू (31) पिता अमृतलाल गुर्जर निवासी ग्राम बिबड़ोद (थाना दीनदयाल नगर थाना), शैलेंद्र उर्फ शेलू (28) पिता रमेश डिंडोर निवासी पीपली चौक (नामली), अंकित (28) पिता मुकेश कुमावत निवासी नामली, योगेश (23) भंवरलाल राठौर निवासी नामली, अभिषेक (20) पिता रणछोड़ जाट निवासी ग्राम धमोत्तर (थाना नामली) को गिरफ्तार किया है। वहीं 14 आरोपी अभी भी फरार हैं।

हत्या का पर्दाफाश: गज्जू और केशव को मारकर फेंका था हाईवे पर, मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार

मामला चार दिन पहले मिली दो दोस्तों की लाश का, पुलिस ने किया खुलासा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम कांडरवासा फंटे पर चार दिन पहले दो दोस्तों के शव मिले थे। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे दुर्घटना मान रही थी, लेकिन परिजनों ने जब हंगामा किया तो पुलिस सतर्क हुई और जांच में जुटी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना वाली रात क्षेत्र में एक्टिव मोबाइल की जानकारी जुटाई। दुर्घटना ग्रस्त कार के मालिक से पूछताछ की। जिसमें एक बाद एक इस मर्डर की कड़ियां खुलती गई। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि दोनों दोस्तों को 10 से अधिक हमलावरों ने लाठियों, हॉकियों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। कांडरवासा फंटे पर गुरुवार की रात को गजेंद्र उर्फ राहुल (गज्जू) उम्र 25 वर्ष पिता पूनमचंद डोडिया निवासी अमलेटा और केशव उम्र 29 वर्ष पिता विष्णुलाल गुर्जर निवासी सेमलिया के शव मिले थे। पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही थी, लेकिन मृतकों के परिजन ने हत्या की आंशका जताते हुए इप्का फैक्टरी के यहां जाम लगाया था। इसके बाद एएसपी मौके पर पहुंचे और मौजूद लोगों को प्रकरण में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। मंगलवार को एसपी राहुल कुमार लोढा ने प्रेस वार्ता करते हुए हत्या के इस मामले का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 14 आरोपी फरार है। आरोपियों में सूर्यपाल पिता मदनसिंह पडियार निवासी ग्राम बड़ोदिया, राहुल पिता शंकरलाल जाट निवासी ग्राम रामगढ़ सैलाना, बबलू पिता अमृतलाल गुर्जर निवासी ग्राम बिबड़ोद, शैलेन्द्र उर्फ शैलू पिता रमेश डिंडोर निवासी नामली, अंकित पिता मुकेश कुमावत निवासी नामली, योगेश पिता भवरलाल राठौर निवासी नामली, अभिषेक पिता रणछोड़ जाट निवासी ग्राम धमोत्तर नामली शामिल है। पुलिस फरार 14 आरोपियों की तलाश कर रही है। ऐसे रची गई थी साजिशएसपी राहुल लोढा ने बताया की मुख्य आरोपी सूर्यपालसिंह व साथियों ने योजना बनाकर हत्या की साजिश को अंजाम दिया। मृतक केशव व गज्जू बांगरोद में अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गए थे। वहां से आने के दौरान आरोपियों ने ब्लेक क्रेटा कार से बांगरोद से नेगड़दा के बीच मृतकों की बाइक को टक्कर मारी। जिसके बाद हॉकी, फावड़े व गेती से उनके साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। आरोपियों ने दोनों के शव कार में रखकर हाईवे पर फेंक दिए जिससे यह हत्या एक्सीडेंट लगे और वहां से भाग निकले। पुलिस जांच के दौरान सामने आया की आरोपियों का मृतकों से पुराना विवाद था। और बदला लेने की नीयत से उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सायबर व अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस रिमांड में है इनसे और भी पूछताछ जारी है। इनके द्वारा आपराधिक गतिविधियों को कारित करने के लिए केसरिया ग्रुप व विश्वास ग्रुप की भी बाते सामने आ रही है। जिन पर भी पुलिस जांच कर रही है। फरार आरोपीकान्हा जाट निवासी नेगडदा, दीपक जाट निवासी नेगडदा, प्रदीप जोशी निवासी नेगडदा, समरथ चौधरी निवासी ग्राम नेगड़दा, रोहित कुमावत निवासी नामली, दीपक गेहलोत निवासी नामली, विजय मेट निवासी नामली, सौरभ गेहलोत निवासी नामली, सौरभ मराठा रोंगे जाति मराठा निवासी मिडटाऊन कालोनी रतलाम, राजाराम चौधरी जाति गायरी निवासी जड़वासा कला, दीपक गुर्जर निवासी बिबडोद थाना डीडीनगर रतलाम, चरणसिंह जाट निवासी नेगड़दा, ध्रुव जाट निवासी नामली, भवानसिंह निवासी ग्रामबड़ोदिया।

बुरा ना मानो होली है: घास बाजार चौराहे पर युवाओं की टोली जमाएगी रंग, तैयारियां शुरू

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। देशभर में रंगों के सबसे बड़े त्यौहार होली की तैयारियां जोरों पर चल रही है। भारत के इस प्रमुख त्यौहार का डंका यहां की गलियों के अलावा विदेशियों को भी खूब भाता है। मध्यप्रदेश के रतलाम में होलिका दहन के अगले दिन सोमवार को धुलेटी पर जमकर माहौल जमता है। शहर के घास बाजार चौराहे पर आशीष सोनी मित्र मंडल द्वारा भव्य आयोजन होगा। जानकारी देते हुए आशीष सोनी ने बताया की इस वर्ष घास बाजार चौराहे पर युवाओं की टोली होली का त्यौहार सामुहिक रूप से मनाने जा रही है। यहां रंगारंग गुलाल के अलावा लाइव मुजिक इवेंट का आनंद लेंगे। डीजे साउंड, वाटर फाउंटेन और कलर फोगिंग सिस्टम प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी जो देर शाम तक चलेगा।

हत्या या दुर्घटना: संदिग्ध अवस्था में मिली दो युवकों की लाश, परिजनों ने किया हाइवे जाम

दोनों युवक थे गहरे दोस्त, एक कि होना थी अप्रैल माह में शादी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। नामली थाना अंतर्गत कांडरवासा फंटे के समीप संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। रात करीब 2 बजे हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को 2 शव डिवाइडर के समीप पड़े मिले। शव मिलने के तुरंत बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे दुर्घटना बता रही है। वहीं मृतकों के परिजन हत्या होने की आशंका जता रहे है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राहुल लोढा ने फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. अतुल मित्तल को जांच के लिए भेजा है। पीएम कर शव सौंपने के बाद निष्पक्ष जांच के की मांग को लेकर परिजनों ने इप्का के पास हाइवे जाम कर दिया। उनकी मांग है की एसपी खुद आकर उनकी बात सुने। फिलहाल पुलिस उन्हें समझाने में जुटी है। हाइवे के दोनों और लंबा जाम लग गया है। नामली थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान के अनुसार गुरुवार देर रात मृतक केशव पिता विष्णु गुर्जर (29) निवासी सेमलिया व उसका दोस्त राहुल उर्फ गज्जू पिता पूनमचंद डोडिया (30) निवासी अमलेटा गांव पलदुना से दोस्त के जन्मदिन से लोट कर आ रहे थे। दोनों दोस्त बाइक पर थे। इसी दौरान हादसे में दोनों की जान चली गई। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताने के बाद फिलहाल पुलिस अन्य बिंदुओं के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है। दोनों के शव मेडिकल कॉलेज पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी। वहीं दोनों की मौत की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में परिजन व साथी मेडिकल पहुंचे। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। दोनो कॉलेज से गहरे दोस्तकेशव और गज्जू कॉलेज समय से गहरे दोस्त थे। इनका जुड़ाव सुनील सूर्या गैंग से था। कुछ माह पूर्व ही सैलाना में एक ढाबे से मारपीट के एक मामले में दोनों जेल से छूटकर आये थे। झगड़ों व गैंगवार के चलते परिजनों और साथियों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक युवक गज्जू की कुछ दिनों बाद अप्रैल माह में शादी थी। जिसकी तैयारी चल रही थी। मृतक के साथियों के अनुसार जेल से छूटने के बाद दोनों दोस्तों ने आपराधिक गतिविधियां छोड़कर सामान्य जीवन शुरू किया था।

बंदूकधारी भगवती: 62 साल की बुजुर्ग महिला पुलिस थाने में लेकर पहुंची बंदूक, देखकर हर कोई रह गया दंग!

जानिए क्या है पूरा मामला… पब्लिक वार्ता – शाजापुर,अजय वर्मा। थाने के बाहर जब एक बुजुर्ग महिला दोनाली बंदूक कंधे पर टांगकर पहुंची तो हर कोई हैरानी से उसे देख रहा था। सभी के मन में यही सवाल था की आखिर यह बंदूकधारी महिला है कौन और बंदूक लेकर थाने में क्यों आई है। कहीं यह फूलन देवी की तरह कोई…! लेकिन यह ना तो फूलन देवी है ना ही उस प्रकार की किसी गतिविधियों में शामिल है। यह बुजुर्ग महिला बहुत ही सामान्य परिवेश से है। यह केवल कानून का पालन करते हुए अपने पास रखा हथियार जमा कराने थाने पहुंची है। यह हथियार इस बुजुर्ग महिला के स्वर्गीय पिता की निशानी है जो आज तक उसके पास सुरक्षित है। मामला मध्यप्रदेश के शाजापुर का है। लालपुरा निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने आगामी लोकसभा चुनाव के चलते अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक कोतवाली थाने में जमा करवाई। महिला का नाम भगवती बाई है। नगर में रहने वाली भगवती बाई दूसरे घरों में जाकर घरेलू कामकाज कर अपना जीवन यापन करती है। उनका मानना है की पिता के देहांत के बाद अपनी सुरक्षा के लिए उनकी बंदूक का लाइसेंस अपने नाम करवा लिया। भगवती बाई ने बताया की पिता झालाजी मालवीय चौकीदार थे और मैं उनकी इकलौती संतान थी। मैंने शादी नहीं की। पिता की मौत के बाद उनकी इस बंदूक को अपने पास ही रखने का निर्णय किया। जब पिता की मृत्यु हुई तब मेरी उम्र 30 वर्ष थी। मेरे अकेले रहने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से मैंने उनकी बारह बोर का लाइसेंस अपने नाम करवाया। में भरण पोषण के लिए मजदूरी का काम करती हूं। पिता की मृत्यु के बाद से अकेले रहने का फैसला किया, इसलिए सुरक्षा के लिए भी बंदूक रखना पड़ी। भगवती इस बंदूक का उपयोग साल में 1- 2 बार करती भी है, व उसकी नियमित साफ-सफाई का भी ख्याल रखती है। एसआई जया सुनेरी ने बताया आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद थाने में हथियार जमा करवाए जा रहे है। एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने नाम पर दर्ज बारह बोर की बंदूक जमा करवाई। अभी तक कोतवाली थाने में 116 बंदूकें जमा हो चुकी है और जिन लोगों के पास लायसेंसी हथियार है, उन्हें भी जमा करने के निर्देश दिए गए है।

“फोन” लेना है क्या? : कोड वर्ड में पिस्टल बेचने वाले 4 बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, बड़ी वारदात टली

खाचरोद व जावरा के बदमाश गिरफ्तार, धार जिले का मुख्य सप्लायर फरार पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। पुलिस ने जिले के जावरा में अवैध हथियार मामले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 4 अवैध पिस्टल व 11 जिंदा राउंड भी जप्त किए। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार बताई जा रही है। मामले में 1 आरोपी फरार है जो की सिकलीगर कारीगर है। आरोपी पिस्टलों की खरीद फरोख्त के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल करते थे। बदमाशों ने पिस्टल का कोड फोन रखा हुआ था। पुलिस आरोपियों के द्वारा शहर या अन्य जिलों में बेची गई पिस्टल आदि की भी जानकारी जुटा रही है। जावरा सिटी थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया की एसपी राहुल लोढा के निर्देशन व जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में अवैध हथियार के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने पर सूचना प्राप्त हुई की शहर के हिस्ट्रीशीटर बदमाश पिस्टल के अवैध धंधे में लिप्त है। सूचना पर मच्छी भवन मैदान जावरा से आरोपी शोएब खान निवासी उदासी की बाडी तालनाका व शाजेब खान निवासी कमलीपुरा जावरा को पकडा तथा उनके कब्जे से कुल 03 पिस्टल 09 राऊण्ड जप्त किए। आरोपीगण जावरा शहर मे कोई बडी घटना मिलकर कारित करने वाले थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने पिस्टल उज्जैन के खाचरोद से लाना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने टीम बनाकर खाचरोद के सप्लायर्स की तलाश शुरू कर दी। टीम ने भुरा पिता छोटे खान पठान निवासी जमातखाने के सामने व शोएब मेव पिता रफिक मेव उर्फ मामा निवासी खाचरोद को दबिश देकर गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने 1 पिस्टल व 2 जिंदा राउंड जप्त किए। खाचरोद के पकड़ाए इन आरोपियों से जब पूछताछ की गई तो इनका कनेक्शन धार के सिकलीगर कारीगर से मिला। आरोपियों ने पुलिस को बताया की धार जिले के बारिया गंधवानी निवासी गुरुचरण पिता महेन्द्रसिह चांवला से वे पिस्टलों की अवैध खरीदी करते थे। पुलिस अब फरार आरोपी गुरुचरण की तलाश में जुटी है। सराहनीय भुमिका:मामले के खुलासे में टीआई जितेन्द्र सिह जादौन, एसआई जगदीशसिंह तोमर , एएसआई हीरालाल परमार, आर. अंतिम चौधरी, राधेश्याम चौहान, राजेश पवार, आरक्षक ललीत जगावत, आरक्षक रामप्रसाद मीणा एवं सायबर सेल रतलाम की भूमिका सराहनीय रही।