Ratlam News: जावरा पुलिस को बड़ी सफलता: बकरा चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जावरा में बकरा चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रतलाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए चार बड़े बकरे और वारदात में इस्तेमाल की गई एक यूवी कार बरामद की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 6.62 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, फरियादी शाकिर पटेल निवासी महिदपुर गेट जावरा ने थाना जावरा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 और 27 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात बदमाश उनके घर के पीछे बने कमरे का ताला तोड़कर आठ बकरा-बकरी चोरी कर ले गए। चोरी गए पशुओं की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई थी। मामले में थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 144/2026 धारा 331(4) और 305A बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। साइबर सेल और तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस ने जावरा, नागदा, उज्जैन और इंदौर में तलाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर निवासी अब्दुल दानिश, जीशान उर्फ हम्मू, अमीनुद्दीन और जुनेद शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चार बड़े बकरे, एक सिल्वर रंग की यूवी कार, सब्जी काटने का चाकू, दो लोहे की टामी और नकदी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जावरा शहर और आसपास के इलाकों में अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस रिमांड लेकर अन्य मामलों की जांच की जाएगी।

Ratlam News: जावरा में गुप्ती से हमला: मामूली विवाद में युवक घायल, आरोपी फरार

जावरा में मामूली विवाद के बाद युवक पर गुप्ती से हमला, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जावरा शहर थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर गुप्ती से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो देखे प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक कमालसिंह को सीएच जावरा से सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे। यहां फरहान उर्फ गोलू (19) पिता कामील अब्बासी, निवासी अकब बिजली घर के पीछे जावरा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, 16 अप्रैल को फरियादी के बड़े भाई दानिश ने समीर हुसैन को गली में वाहन धीरे चलाने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर समीर हुसैन ने फरहान को ईदगाह मैदान पर बुलाया। फरियादी अपने दोस्त सारेफ शेख के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखी गुप्ती से फरियादी के बाएं गाल, दाहिने कंधे और दाहिने हाथ के अंगूठे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायल युवक को उसके दोस्त द्वारा तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर देहाती नालसी दर्ज कर थाना जावरा शहर में आरोपी समीर हुसैन के खिलाफ धारा 118(1), 296(बी), 351(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Ratlam News: रतलाम में दरिंदगी: 5 साल की मासूम से घर में घुसकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक 42 वर्षीय व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी खुद दो बच्चों का पिता है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। खेल रही बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना रविवार शाम की है। जावरा तहसील के औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक गांव में 5 साल की मासूम अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला शाकीर (42) वहां पहुंचा और बच्ची को किसी बहाने से फुसलाकर अपने घर के अंदर ले गया। आरोपी ने घर के भीतर मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिजन और आसपास के लोग वहां पहुंचे, तब मामले का खुलासा हुआ। मेडिकल जांच में हुई रेप की पुष्टि परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस बच्ची को गंभीर हालत में मेडिकल परीक्षण के लिए जावरा जिला अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि की है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। दो बच्चों का पिता है आरोपी शाकीर पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शाकीर दो बच्चों का पिता है और उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। वह जावरा क्षेत्र का ही रहने वाला है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। रविवार देर रात ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी शाकीर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Ratlam News: चलती ट्रेन के वॉशरूम में जज की पत्नी की मौत, मोबाइल लोकेशन से जावरा में रुकवाई ट्रेन

रतलाम के जावरा में चलती ट्रेन के वॉशरूम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी उषा चौहान मृत मिलीं। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने ट्रेन रुकवाई। डॉक्टरों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में चलती ट्रेन के वॉशरूम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव वॉशरूम में मिला, जिसे दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है। जीआरपी के अनुसार राजस्थान के निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ 4 मार्च को कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) से यात्रा कर रहे थे। दोनों का अलग-अलग कोच में आरक्षण था। दंपती सोयत स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे और निंबाहेड़ा जा रहे थे। वॉशरूम जाने के बाद नहीं लौटीं निंबाहेड़ा पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने फोन कर अपने पति को बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। ट्रेन जब निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान उतर गए, लेकिन उषा चौहान नहीं उतरीं। स्टेशन पर काफी देर तक तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन महिला को ट्रेन से उतरते हुए नहीं देखा गया। इससे संदेह हुआ कि वह अभी भी ट्रेन के भीतर ही हो सकती हैं। मोबाइल लोकेशन से ट्रेन का पता चला जीआरपी ने उषा चौहान के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो ट्रेन के अंदर ही मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने पहले मंदसौर में ट्रेन रुकवाई, लेकिन वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके बाद ट्रेन को रतलाम जिले के जावरा रेलवे स्टेशन पर रुकवाया गया। यहां संबंधित कोच की तलाशी ली गई तो वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां उषा चौहान अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित महिला को तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नीमच जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के अनुसार डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर परिजन भी जावरा पहुंच गए थे। बाद में परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले लिया। उषा चौहान की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। उनका अंतिम संस्कार जोधपुर में किया जाएगा।

Ratlam News: श्मशान में टोना-टोटका का शक: रतलाम में दो युवक खंभे से बांधकर पीटे, VIDEO वायरल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत उखेड़िया गांव के मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में टोना-टोटका करने के शक में ग्रामीणों ने दो युवकों को खंभे से बांधकर जमकर पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, फिर भी वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जाएगी। WATCH VIDEO श्मशान में पूजा सामग्री देख भड़के ग्रामीण घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भूतेड़ा गांव के चार युवक उखेड़िया के श्मशान घाट में नींबू, अंडा, देशी शराब और पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री के साथ मंत्र पढ़ते नजर आए। एक स्थानीय ग्रामीण ने उन्हें संदिग्ध गतिविधि करते देख गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण श्मशान घाट पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर चारों युवक घबरा गए। इस दौरान दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि बाकी दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। खंभे से बांधकर की पिटाई, कपड़े फटे पकड़े गए दोनों युवकों को मुक्तिधाम परिसर में ही एक खंभे से बांध दिया गया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। पिटाई के दौरान युवकों के कपड़े फट गए और शरीर से खून भी निकल आया। युवक बार-बार गांव के चौकीदार को बुलाने की बात कहते रहे, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। वशीकरण और धन प्राप्ति का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि युवक वशीकरण और धन प्राप्ति की लालसा में श्मशान घाट में टोना-टोटका करने आए थे। इसी बात से नाराज होकर ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। समाज के नेता के हस्तक्षेप के बाद छोड़े गए युवक ग्रामीण दोनों युवकों को पुलिस के हवाले करना चाहते थे, लेकिन समाज के एक स्थानीय नेता के हस्तक्षेप के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हंगामे की सूचना मिलने पर सरसी चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी लोग वहां से जा चुके थे। पुलिस बोली— शिकायत नहीं, VIDEO के आधार पर जांच जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया— “इस मामले में फिलहाल कोई भी शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ कर जांच की जाएगी। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल पुलिस फरार दो युवकों और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Ratlam News: रतलाम में महिला पर कुरान शरीफ जलाने का आरोप, जावरा में धार्मिक भावनाएं आहत; FIR दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। हुसैन टेकरी इलाके में मुस्लिम समुदाय के पवित्र ग्रंथ कुरान शरीफ जलाने के आरोप में एक महिला के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैन टेकरी निवासी महिला अतिया पर पवित्र कुरान शरीफ जलाने का आरोप है। इस संबंध में पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जावरा के जेल रोड निवासी साहिल पुत्र शकील हुसैन ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पिछले करीब छह माह से हजरत ख्वाजा गरीब नवाज वेल्फेयर एसोसिएशन, मध्यप्रदेश में सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार दोपहर लगभग 2:15 बजे समिति के अध्यक्ष मोहम्मद युसुफ ने फोन कर सूचना दी कि हुसैन टेकरी क्षेत्र में अजा खाना जेहरा के पीछे एक महिला द्वारा कुरान शरीफ जलाया जा रहा है। सूचना मिलने पर साहिल मौके पर पहुंचे। वहां अजा खाना जेहरा के खादीम अनवर अली ने बताया कि वह दोपहर करीब 11:30 बजे खिदमत कर रहे थे, तभी पीछे से धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर जाकर देखा तो महिला अतिया कुरान शरीफ को आग लगा रही थी। अनवर अली ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन महिला जला हुआ कुरान शरीफ लेकर वहां से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजजनों को सूचना दी गई। इसके पश्चात सीरत कमेटी जावरा के सदर मोहम्मद साबिर, युसुफ पुत्र मोहम्मद उमर अंसारी सहित अन्य लोग रात करीब 10 बजे जावरा औद्योगिक थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है और आरोपिता की तलाश जारी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

Ratlam News: जावरा इंडस्ट्रियल एरिया में क्लोरीन गैस रिसाव, 10 फैक्ट्रियों में काम बंद; 5 लोग बीमार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम क्लोरीन गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। फेरिक सल्फेट बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक गैस लीक होने पर फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गैस फैलते ही कर्मचारी जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे। WATCH VIDEO फायरकर्मी भी चपेट में आए, 5 लोगों की हालत बिगड़ी घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद तीन कर्मचारी गैस रिसाव को नियंत्रित नहीं कर सके। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और पानी डालकर कंट्रोल करने का प्रयास किया। इस दौरान तीन दमकलकर्मी – पुष्कर देवरिया, बालाराम गेहलोत और कुलदीप गेहलोत गैस की चपेट में आ गए। इसके अलावा पास की फैक्ट्री के दो कर्मचारी भी प्रभावित हुए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है। सावधानी के तहत 10 फैक्ट्रियों में छुट्टी गैस फैलाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास की करीब 10 फैक्ट्रियों में काम बंद करवाया और कर्मचारियों को घर भेज दिया।  रेडक्रॉस और सिविल अस्पताल की एंबुलेंस तैनातप्रभावितों को सांस लेने में दिक्कत, चक्कर और उल्टी की शिकायत टेक्निकल टीम ने रात तक रिसाव पर काबू पाया गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही रतलाम की इप्का फैक्ट्री और नागदा से विशेषज्ञ टीम जावरा पहुंची। टीम ने रात करीब 9:45 बजे गैस सिलेंडर के रिसाव पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। रिसाव कर रहे सिलेंडर को पानी में डुबोया गयाछोटा क्लोरीन टैंक ब्लॉकेज कर दिया गया विधायक, कलेक्टर और एसपी मौके पर घटना की सूचना मिलते ही जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मास्क लगाकर फैक्ट्री का निरीक्षण किया। विधायक ने बताया —“स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।” पुराना सिलेंडर बना हादसे का कारण प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्लांट में रखा पुराना क्लोरीन सिलेंडर रिसाव का कारण बना। प्रशासन की राजस्व टीम ने घटना का पंचनामा तैयार करना शुरू कर दिया है।

Ratlam News: रतलाम में पिता के मित्र ने तोड़ी भरोसे की दीवार: हिंदू नाबालिग से दुष्कर्म, मुंबई में दर्ज केस पहुंचा जावरा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भरोसे को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय हिंदू किशोरी से उसके पिता के मित्र ने दुष्कर्म किया। इस गंभीर प्रकरण की शुरुआत मुंबई में हुई थी, जहां डिंडोशी थाना पुलिस ने POCSO Act के तहत जीरो पर केस दर्ज किया था। अब यह मामला रतलाम पुलिस के पास पहुंच चुका है। थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि एसपी कार्यालय के माध्यम से डिंडोशी थाना, जिला मुंबई से प्राप्त मराठी भाषा की एफआईआर का हिंदी अनुवाद किया गया। इसके बाद अभियोजन अधिकारी की राय लेकर आरोपी तोहित अंसारी (45 वर्ष), निवासी बड़ा मालीपुरा, जावराके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कैसे हुआ खुलासापीड़िता की मां के मुताबिक, उनकी 17 वर्षीय बेटी 27 सितंबर को अचानक घर से गायब हो गई थी। एक दिन बाद लौटने पर जब परिवार ने पूछताछ की तो उसने बताया कि पिता के दोस्त तोहित अंसारी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने 5 अगस्त को फोन पर बात कर किशोरी को जावरा स्थित आका हुसैन बड़ा रोजा दरगाह के सामने बने सराय गेस्ट हाउस में बुलाया था। वहीं उसने जबरदस्ती की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मेडिकल में हुआ बड़ा खुलासामुंबई पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें वह करीब पांच सप्ताह की गर्भवती पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अगस्त से सितंबर के बीच कई बार इस घिनौने कृत्य को दोहराया। पिता का मित्र निकला दरिंदापरिवार मूल रूप से मुंबई का रहने वाला है, लेकिन कुछ वर्षों से रतलाम के हुसैन टेकरी क्षेत्र में मजदूरी के लिए रह रहा था। इसी दौरान किशोरी के पिता की पहचान तोहित अंसारी से हुई थी, जो बाद में परिवार का परिचित बन गया। उसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने नाबालिग के साथ यह अपराध किया।

Ratlam News: रतलाम में 45 फीट गहरे कुएं में दबे दो मजदूर, दर्दनाक मौत; मिट्टी धंसने से हुआ हादसा, रात 1.45 बजे निकाले गए शव

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज डेस्क। Ratlam News: जिले के जावरा-बड़ावदा रोड स्थित ग्राम जूना गड़गड़िया में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो मजदूरों की कुएं में दबकर मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब खेत में नए कुएं की गोलाकार बाउंड्री का निर्माण कार्य चल रहा था। बारिश से कमजोर हुई मिट्टी हादसे की बड़ी वजह बनी। मृतकों की पहचान विक्रम सिंह (43) पिता वैशाल सिंह और अमर सिंह (32) पिता गोपाल सिंह, दोनों निवासी ग्राम केलूखेड़ा, थाना बरखेड़ाकला, तहसील ताल, जिला रतलाम के रूप में हुई है। दोनों मजदूर कुएं के अंदर बाउंड्री निर्माण का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वे लगभग 45 फीट गहरे कुएं में मलबे के साथ दब गए। राहत और रेस्क्यू में लगी पूरी रात घटना शाम करीब 7 बजे की है। खेत में रास्ता खराब होने और गीली मिट्टी के कारण प्रशासन को मौके पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू करने में कई घंटे की देरी हुई। रात करीब 12 बजे जावरा से पोकलेन मशीन मंगवाई गई और किनारे से खुदाई कर कुएं तक पहुंचने का रास्ता बनाया गया। अंततः रात 1.45 बजे दोनों के शव बाहर निकाले जा सके। जिम्मेदार कौन? हादसे के बाद मौके पर एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा, एसडीएम त्रिलोचन गौड़ और सीएसपी दुर्गेश आमों पहुंचे। रेस्क्यू में जेसीबी मशीन काम नहीं आई क्योंकि मिट्टी अधिक गीली थी। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से पोकलेन से खुदाई कर शव निकाले गए। यह हादसा सरपंच प्रतिनिधि दशरथ गुर्जर के खेत में हुआ, जहां निर्माण कार्य कराया जा रहा था। सवाल उठ रहे हैं कि क्या कुएं के निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था? क्या मजदूरों को सुरक्षा उपकरण दिए गए थे? इन सवालों के जवाब अभी बाकी हैं, लेकिन एक बात तय है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और गैरजिम्मेदारी का नतीजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए बुधवार सुबह मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों मजदूरों के असमय निधन से गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Ratlam News: जावरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 60 ग्राम MD ड्रग्स के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 6 लाख की ड्रग्स जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जावरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को 60 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी जा रही है। जावरा शहर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह जादौन के मार्गदर्शन में सउनि सगीर खान व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को जावरा-उज्जैन बायपास स्थित मीणापुरा तिराहा से दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में उमर (36 वर्ष) पिता पुत्तन खां निवासी ऊंटखाना, जावरा एवं हफीज (22 वर्ष) पिता मेहमूद निवासी सागरपेशा, जावरा शामिल हैं। दोनों आरोपी रजनीगंधा के पाउच में भरकर एमडी ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने तस्करों से 60 ग्राम एमडी ड्रग्स के अलावा 90 हजार रुपये कीमत की लाल-काली रंग की हीरो HF डीलक्स बाइक (बिना नंबर प्लेट) और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस मामले में थाना जावरा पर अपराध क्रमांक 218/2025 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एमडी ड्रग्स को रजनीगंधा के पाउच में भरकर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और अब इस नेटवर्क के पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई में जावरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह जादौन, सउनि सगीर खान, जाकिर खान, अजय कुमार दुबे, मृदंग सातपुते, राधेश्याम चौहान, यशवंत जाट, राजेश पंवार, रामप्रसाद मीणा, सुरेन्द्रपाल सिंह सिसौदिया, राजेश परिहार, नारायण सिंह, सुगडसिंह, देवेन्द्र शर्मा, मोहित नोगिया, विष्णु सिंह ह. एवं साइबर सेल रतलाम की अहम भूमिका रही।