Ratlam News: युवती को अश्लील फोटो भेजने वाला नेता मोहम्मद रफीक गिरफ्तार, शिकायत के बाद एक्शन में पुलिस

रतलाम/जावरा- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जावरा शहर में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला मंत्री रहे मोहम्मद रफीक उर्फ मुन्ना पेंटर को एक युवती को वॉट्सऐप पर एडिट किया हुआ अश्लील फोटो भेजने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 78(2), 79 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जावरा शहर थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने जानकारी देते हुए बताया कि 35 वर्षीय युवती रविवार को परिजनों के साथ थाने पहुंची थी। उसने बताया कि आरोपी ने 7 जून को दोपहर में उसके वॉट्सऐप पर दो फोटो भेजे, जिनमें से एक फोटो अश्लील था। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने फोटो डिलीट कर दिए, लेकिन बाद में विवाद करने के लिए उसके घर पहुंच गया। काम के बहाने नंबर लिया और भेजने लगा मैसेजपुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद रफीक ने कुछ समय पहले पीड़िता के घर रंगरोगन (पेंटिंग) का कार्य किया था। इसी दौरान उसने युवती का मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया और तब से उसे मैसेज भेजने लगा। शनिवार को आपत्तिजनक फोटो भेजे जाने के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की। पार्टी से पहले ही हो चुका था निष्कासनइस घटना के बाद भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि मोहम्मद रफीक वर्तमान में पार्टी का कोई पदाधिकारी नहीं है। उन्हें वर्ष 2022 में निकाय चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन दाखिल करने के कारण भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। पुलिस कर रही आगे की जांचफिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर साइबर सेल की मदद से भी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।

MP News: रतलाम में तिलक पर विवाद: मुस्लिम युवक ने हिंदू नेता को मारा चांटा, गोली मारने की दी धमकी; हिंदू संगठनों का थाने पर प्रदर्शन

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: रतलाम के जावरा शहर में शुक्रवार शाम एक सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई, जब एक मुस्लिम युवक आसिम कुरैशी ने हिंदू जागरण मंच के नगर संयोजक सूरज महावर को तिलक लगाने पर कथित रूप से चांटा मार दिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने जावरा सिटी थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया। घटना शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सूरज महावर मुगलपुरा इलाके में स्थित एक नमकीन दुकान में काम करते हैं। उसी समय मोहल्ले का रहने वाला आसिम कुरैशी वहां आया और सूरज महावर से कहा, “यह मुस्लिम मोहल्ला है, तिलक लगाकर मत आना। घर में पिस्टल है, गोली मार दूंगा।” इसके बाद उसने चांटा मारा और धक्का भी दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आसिम की धमकी और मारपीट स्पष्ट रूप से दिख रही है। सूरज महावर ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आसिम के साथ उसकी मां, पिता और एक पड़ोसी महिला भी मौजूद थीं। उन्होंने सूरज को बचाने की बजाय उसके हाथ पकड़कर उसका पर्स छीनने की कोशिश की। सूचना मिलते ही जावरा सिटी थाने पर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुरक्षा की दृष्टि से छह थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय और सीएसपी दुर्गेश आर्मों ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मों ने बताया कि आरोपी आसिम कुरैशी, उसके पिता सलीम कुरैशी, मां और बहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी आठ दिन पहले ही हत्या के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से छूटने पर उसके स्वागत में आतिशबाजी की गई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इस घटना के विरोध में शनिवार सुबह 11 बजे सर्व हिंदू समाज ने घंटाघर चौराहे पर तिलक लगाकर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत सख्त कार्रवाई की जाए और उसका मकान भी ढहाया जाए।

Ratlam News: जमीन डायवर्शन के लिए 6 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगेहाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: उज्जैन लोकायुक्त टीम ने रतलाम जिले के जावरा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। यह रिश्वत जमीन के डायवर्शन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में मांगी गई थी। आरोपी पटवारी की पहचान प्रवीण जैन के रूप में हुई है, जो जावरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत खेड़ाखेड़ी के हल्का बामनखेड़ी में पदस्थ है। जानकारी के अनुसार, महिला आवेदक श्यामुबाई ने हुसैन टेकरी, जौरा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर निर्माण के लिए 525 वर्गफीट का प्लॉट खरीदा था। डायवर्शन की प्रक्रिया के लिए जब वह हल्का पटवारी से मिली तो उसने 6 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। इसके बाद श्यामुबाई ने 17 मई को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद बुधवार 2:15 बजे जावरा स्थित पटवारी के निजी ऑफिस (पुरानी कोर्ट के पास, सागर पैसा मोहल्ला) में ट्रैप की कार्रवाई की। महिला को तय राशि के साथ भेजा गया और जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। टीम में शामिल अधिकारी:इस कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र वर्मा, इंस्पेक्टर राजेंद्र वर्मा, कॉन्स्टेबल अनिल अटोलिया, शिवकुमार शर्मा, हितेश ललावत और नेहा शर्मा मौजूद थे। फिलहाल आरोपी पटवारी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। नोट: आमजन से अपील है कि यदि किसी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत मांगी जाए तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय से संपर्क करें।

Ratlam News: जावरा में खुले में चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस ने 1.60 लाख रुपये नकद और ताश की गड्डी के साथ 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने जुए के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मौके से ₹1,60,000 नगद राशि और ताश की 52 पत्तियों की गड्डी जब्त की गई है। इस कार्रवाई के पीछे रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी वी. डी. जोशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने होटल तीर्थ पैलेस के पास एक खुले बाड़े में दबिश दी, जहां आरोपी दीवारों की आड़ में ताश से जुए की गतिविधियों में लिप्त थे। गिरफ्तार आरोपी: जप्त सामग्री: आरोपियों के विरुद्ध थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 272/25 धारा 13 जुआ एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। सराहनीय भूमिका:थाना प्रभारी वी. डी. जोशी, उनि प्रतापसिंह भदौरिया, सउनि जसराज चंदेल, प्र.आर. संजय आंजना, हर्षवर्धनसिंह, योगेश सैनी, विष्णु चंद्रावत, मनोहर गायरी, महेन्द्रसिंह, विनोद माली, योगेन्द्र, चेतन राठौर, शादाब बैग और महिला आरक्षक कोशल्या धनगर की भूमिका उल्लेखनीय रही।

MP News: जावरा रोड पर शराब की दुकान हटाने की मांग, स्थानीय नागरिकों में रोष  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।  MP News: वार्ड क्रमांक 31, जावरा रोड पर स्थित देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग जोर पकड़ रही है। प्रांतीय मंत्री अनिल रानीवाल ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर जनहित और समाजहित में दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की अपील की है। मुख्य आपत्तियाँ   शराब की दुकान मेन रोड पर होने के कारण आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय नागरिकों को असुविधा होती है।   दुकान के पास ही पीर बाबा की दरगाह दस मीटर, शीतला माता मंदिर तीस मीटर और शासकीय विद्यालय सत्तर मीटर की दूरी पर स्थित हैं। धार्मिक स्थल और स्कूल के पास शराब की दुकान होना सामाजिक दृष्टि से आपत्तिजनक है।   शराबियों की गतिविधियों से सड़क पर झगड़े और विवाद बढ़ रहे हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों को असुरक्षा महसूस होती है।   यह इलाका मुख्य सड़क से जुड़ा होने के कारण यहाँ से भारी वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे शराबियों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।   प्रशासन को दी चेतावनी   पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि जल्द से जल्द इस शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया गया, तो स्थानीय नागरिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।   स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया   क्षेत्रवासियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों, धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के पास शराब की दुकान होने से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। महिलाओं और बच्चों को यहाँ से गुजरने में डर लगता है।   क्या होगा अगला कदम   वप्रिल दो हजार पच्चीस में नए शराब दुकान लाइसेंस जारी होने हैं, ऐसे में प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि इस दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है।  

जावरा में संघर्ष एकता ग्रुप द्वारा आज होगा तिरंगा यात्रा का आयोजन, युवाओं से शामिल होने की अपील

पब्लिक वार्ता – जावरा,जयदीप गुर्जर। नगर में संघर्ष एकता ग्रुप द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा। यह यात्रा जावरा के शहीद भगत सिंह कॉलेज से दोपहर 12:00 बजे शुरू होगी। जो की नगर के मुख्य क्षेत्र फाटक, रतलामी गेट, पिपली बाजार, घण्टाघर, नीम चौक आदि से होकर कोर्ट परिसर क्षेत्र में समाप्त होगी। इस अवसर पर संघर्ष एकता ग्रुप के किशोर मालवीय ने बताया की यात्रा देश के वीरों के बलिदानों को याद करने और उनके सपनों को पूरा करने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना होगा। तिरंगा यात्रा में स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों और कविताओं का आयोजन भी किया जाएगा। संघर्ष एकता ग्रुप ने सभी से तिरंगा यात्रा में शामिल होने और देश के प्रति अपनी एकता और समर्थन दिखाने की अपील की है।

जावरा UPDATE : मंदिर में गोवंश का कटा सिर फेंकने के मामले में 2 और गिरफ्तार, रासुका लगाकर निकाला जुलूस

गोवंश के बचे अवशेष को तलाशने में जुटी पुलिस, पुलिस ने जारी की सोशल मीडिया एडवाइजरी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जावरा के शिव मंदिर जागनाथ महादेव में गोवंश का कटा सिर फेंकने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने देर रात जावरा के नौशाद उर्फ हनुमार (40) पिता भुरे खां कुरैशी निवासी जूना कबाड़ा और शाहरुख (25) पिता अब्दुल सत्तार निवासी अरब साहब कॉलोनी को गिरफ्तार किया। शुक्रवार सुबह घटना सामने आने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो चुकी थी। जिसके बाद पुलिस ने आनन फानन में कटा सिर फेंकने वाले दो आरोपी सलमान और शाकिर को सुबह ही गिरफ्तार कर लिया था। इन दोनों पर गोवंश का कटा सिर फेंकने का आरोप है। वहीं आज गिरफ्तार नोशाद और शाहरुख द्वारा गोवंश काटने की भूमिका बताई जा रही है। शनिवार को आरोपियों का जुलूस पुलिस ने निकाला। एएसपी राकेश खाखा ने बताया चारों आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका NSA) की कार्रवाई की। चारों आरोपियों को उज्जैन के भेरूगढ़ स्थित सेंट्रल जेल भेज दिया गया। आरोपी नौशाद पर पहले से 28 केस दर्ज हैं। एक बार जिला बदर भी रह चुका है। बाकी के तीनों आरोपियों की पहले से कोई क्रिमिनल हिस्ट्री नहीं मिली है। सलमान गैरेज पर काम करता है। शाकिर कुछ नहीं करता है। गोवंश कहां काटा गया था उसके अवशेष कहां फेंके गए इस सब पर पुलिस पूछताछ करके छानबीन कर रही है। इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है। पुलिस सभी तथ्यों पर गहनता से जांच में जुटी है। शहर में आगामी त्यौहार को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री को लेकर एडवाइजरी जारी की गई। अगर कोई भी नियमों का उलंघन करता है तो उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पूरा मामला जानने के लिए पढ़िए पूरी खबर

मामला जावरा का : मंदिर में गौवंश का कटा सर फेंकने वालों के घर पर चला बुल्डोजर, आरोपी सलमान और शाकिर का मकसद नहीं आया सामने

पुलिस ने किया लाठी चार्ज और दागे आंसू गैस के गोले, 8 लेन पर 14 गौवंश की मौत, फूंका ट्रक डीआईजी-कलेक्टर से रिपोर्ट तलब, खुफिया विभाग अलर्ट, दूसरे एंगल और कनेक्शन पर होगी जांच? पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के जावरा शहर में शुक्रवार सुबह तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामला शिव मंदिर में गोवंश का कटा सिर मिलने का है। आक्रोशित लोगों ने जावरा शहर बंद करवाने के साथ फोरलेन जाम कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज एवं तकनिकी संसाधनो की मदद से जावरा के ही रहने वाले आरोपी सलमान पिता मोहम्मद मेवाती मुसलमान उम्र 24 साल निवासी मेवातीपुरा और शाकीर पिता शाहिद कुरैशी उम्र 19 साल निवासी जेल रोड को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 295,295(क) ,153(क) भादवि ,4,9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम , 11 डी पशु क्रुरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। सुबह से बढ़ते तनाव के बीच भारी पुलिस बल को लगाया गया। हालांकि पुलिस ने अब तक इनके शांति व्यवस्था भंग करने के पीछे का मकसद सार्वजनिक नहीं किया है। आपको बता दे आज मुस्लिम समाज के लिए प्रमुख दिन जुम्मा यानी शुक्रवार भी था, वहीं 2 दिन बाद ईद-उल-अदा यानी बकरीद का प्रमुख त्यौहार है। जावरा की हुसैन टेकरी अपने चेहल्लुम पर्व को लेकर विश्व प्रसिद्ध है। यहां चेहल्लुम में हर धर्म के लोग हिस्सा लेते है। ऐसे में इनके द्वारा किए गए इस गंभीर घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे है। मामले की जांच में कई चौकाने वाले खुलासे हो सकते है। रोते बिलखते रहे परिजन, खुफिया विभाग अलर्टमंदिर में गोवंश का कटा सिर फेंकने के आरोपी शाकिर और सलमान के मकान पर पुलिस-प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। अवैध मकान तोड़ने की कार्रवाई से पूर्व भारी भीड़ जमा हो गई। मकान टूटता देख आरोपियों के परिजन रोते बिलखते रहे। मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया था। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार प्रदेश का खुफिया विभाग अलर्ट मोड पर आ चुका है। लोकसभा चुनाव के निपटने के बाद हुए इस घटनाक्रम ने प्रदेश सरकार को सकते में डाल दिया है। पूरे मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की कोई प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है। जबकि पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री यादव गौरक्षा और गौसंवर्धन को लेकर विभिन्न घोषणाएं करते नजर आ रहे है। ग्रह विभाग ने डीआइजी व कलेक्टर से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। दोनों आरोपियों की मानसिकता और लिंक को भी तलाशा जा रहा है। क्योंकि रतलाम जिले में युवकों की प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ने की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी है। फिलहाल पुलिस का कहना है की दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य निकलकर आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई होगी। इधर दागे आंसू गैस, उधर फूंका ट्रकजावरा में गोवंश के मंदिर में मिले अवशेष के मामले ने तूल पकड़ा हुआ ही था की इसी बीच दोपहर करीब 12.30 बजे 8 लेन पर गौवंश से भरा ट्रक पलट गया। जिसके बाद वहां मौके पर कई लोग इकठ्ठा हो गए। इसमें 26 गोवंश में से 14 की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में आग लगा दी। इधर, शहर में एक अन्य जगह भीड को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। घटना के बाद हिंदू संगठन और दूसरे लोग जावरा सिटी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग की। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश करता रहा। मंदिर में फेंका था गोवंश का सिर!रतलाम के जावरा के जागनाथ मंदिर परिसर में गोवंश का कटा सिर मिला है। शुक्रवार तड़के पुजारी मंदिर पहुंचे तो सिर देखकर लोगों व पुलिस को सूचना दी। इस घटना से नाराज हिंदू संगठन जावरा को शांतिपूर्ण ढंग से बंद कराया। इसके बाद फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना मिलते ही डीआइजी मनोज सिंह, कलेक्टर राजेश बाथम, एएसपी राकेश खाखा सहित भारी मात्रा में प्रशासन व पुलिस का अमला पहुंचा। शाम करीब 6 बजे ज्ञापन के बाद पूरा मामला शांत हुआ। इससे पहले 5 बजे मंदिर का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुद्धिकरण किया गया। हिंदू समाज की और से ज्ञापन में आरोपियों पर रासुका लगाने, ऐसे और भी गोवंश तस्करी में लिप्त आरोपियों को चिन्हित करने, अवैध मकान तोड़ने, शहर में संचालित बूचडख़ानों को ध्वस्त करने जैसी मांगे रखी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती पूरे शहर में की गई है। विधायक व शहर काजी ने की अपीलघटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय ने कहा कि घटना दुर्भाग्य पूर्ण है। पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में है। उन्होंने सरकार पर विश्वास बनाए रखने की मांग की और लोगों से शांति व्यवस्था की अपील की। वहीं दूसरी और सांप्रदायिक रंग लेते इस मामले में मुस्लिम युवकों के होने की जानकारी लगने के बाद जावरा शहर काजी हाफिज भुरू भाईजान ने शहर में समाजजनों से शांति व सौहाद्र की अपील की है। उन्होंने जारी एक पत्र में कहा की मुस्लिम समाज इसकी कड़ी निंदा करता है। आरोपियों का कोई भी धर्म हो उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामकता ना फैलाए ना ऐसी बातों पर ध्यान दे। अफवाहों से सावधान रहें। पुलिस ने भी आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

जावरा में तनाव : देर रात शिव मंदिर में फेंका गौवंश का कटा सर, पुलिस ने 2 संदिग्धों को किया गिरफ्तार

खबर लगते ही लोगों में छाया आक्रोश, जावरा करवाया बंद, भारी पुलिस बल तैनात पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के जावरा शहर में शुक्रवार सुबह तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामला शिव मंदिर में गोवंश का कटा सिर मिलने का है। खबर लिखे जाने तक आक्रोशित लोगों ने जावरा शहर बंद करवाने के साथ फोरलेन जाम किया है। रतलाम के जावरा के जागनाथ मंदिर परिसर में गोवंश का कटा सिर मिला है। शुक्रवार तड़के पुजारी मंदिर पहुंचे तो सिर देखकर लोगों व पुलिस को सूचना दी। इस घटना से नाराज हिंदू संगठन जावरा को शांतिपूर्ण ढंग से बंद कराया। इसके बाद फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। शहर में भारी पुलिस बल तैनात है।  एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि दो संदिग्धों को राउंडअप कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। संयुक्त कलेक्टर अनिल भाना, एसडीएम राधा महंत, सीएसपी जावरा शहर दुर्गेश आर्मो समेत तमाम पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद है। मौके पर पहुंचे जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय ने कहा कि घटना दुर्भाग्य पूर्ण है। पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में है। सांप्रदायिक रंग लेते इस मामले में जावरा शहर काजी हाफिज भुरू भाईजान ने शहर में समाजजनों से शांति व सौहाद्र की अपील की है। जारी एक पत्र में शहर काजी ने कहा की मुस्लिम समाज इसकी कड़ी निंदा करता है। आरोपियों का कोई भी धर्म हो उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामकता ना फैलाए ना ऐसी बातों पर ध्यान दे। मंदिर के पुजारी गोरवपुरी गोस्वामी ने बताया कि प्रतिदिन की तरह तड़के 3 बजे मंदिर आए। गेट खोला तो भगवान गणेश जी की मूर्ति के यहां गोवंश का सिर कटा पड़ा हुआ था। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अधिकारी आए। विधायक राजेंद्र पांडे भी मंदिर पहुंचे। मंदिर से सिर हटवा कर साफ-सफाई कराई गई। बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सामने आए है। हालांकि, इस बारे में अभी पुलिस कुछ कहने को तैयार नहीं है। खबर लिखे जाने तक विरोध जारी रहा….

अब हत्यारे की तलाश! : ढोढर में मिली युवती की अज्ञात लाश की हुई पहचान, पुलिस ने की गड्ढा खोदकर लाश सुपुर्द

पुलिस अब आगे बढ़ाएगी जांच, अधिकांश समय स्विच ऑफ रखती थी मृतिका मोबाइल पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के ढोढर में मंगलवार दोपहर पांच दिन पहले मिला युवती का शव अब तक अज्ञात था। शनिवार को फोरलेन किनारे मिला युवती के अर्धनग्न शव की शिनाख्त हो गई। युवती गांव नरेड़ीबेरा (तहसील खाचरौद) जिला उज्जैन की रहने वाली थी। युवती रतलाम में किराये के मकान में अकेली रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। वहीं शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शुक्रवार को शव दफना दिया था। अगले दिन यानी शनिवार को परिजनों के सामने आने के बाद पुलिस ने शव को गड्डा खोदकर वापस निकाला है। दरअसल 2 अप्रैल को ढोढर के समीप फोरलेन स्थित रुपनगर फंटे से अंदर एक खेत में अर्धनग्न युवती की लाश मिली थी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच की तो पाया कि युवती की गला रेत कर हत्या की गई है। युवती के गले में सोने की चेन, हाथ में अंगूठी व कान में सोने के टॉप्स थे। इससे संभावना जताई गई कि युवती की हत्या लूट के इरादे से नहीं की गई है। घटना के बाद से पुलिस शव की शिनाख्ती के प्रयास में जुटी हुई थी। शनिवार सुबह उज्जैन जिले के नरेड़ी गांव के धीरेंद्रसिंह पिता भरतसिंह राठौर परिजनों के साथ रतलाम औद्योगिक पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि बहन का मोबाइल पिछले चार दिन से बंद है। किराये के घर पर ताला लगा हुआ है। तब पुलिस ने मंगलवार को ढोढर में मिले शव के फोटो परिजनों को दिखाए तो उन्होंने शिनाख्त कर ली। मृतिका का नाम सविता (20) पिता भरतसिंह राठौर है। भाई धीरेंद्रसिंह ने बताया कि उनके पिता नहीं है। बहन रतलाम में राम मंदिर के पीछे सखवाल नगर में अकेली रह कर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। राम मंदिर क्षेत्र स्थित सुप्रीम नर्सिंग एकेडमी पर कोचिंग पर वह जाती थी। पिता का निधन दो साल पहले कोरोना के दौरान हुआ था। घर में मां राजू कुंवर, भाई धीरेंद्र सिंह (18) व एक छोटी 16 वर्षीय बहन है। अधिकांश समय स्विच ऑफ रहता था मोबाइलमृतिका के भाई धीरेंद्र सिंह ने बताया की वह 6-7 महीनों से यहां अकेले रह रही थी। रविवार को आखिरी बार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच उसकी मृतिका सविता से सामान्य बात हुई थी। अगले दिन सोमवार को कॉल किया तो फोन बंद आया। बहन सविता अधिकांश समय मोबाइल स्वीच ऑफ रखती थी।  इसके बाद भी लगातार कॉल किया। लेकिन मोबाइल बंद ही मिला। इसके बाद चिंतित भाई और परिजन शनिवार सुबह रतलाम पहुंचे। औद्योगिक क्षेत्र थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराने के दौरान उन्हें पता चला कि उसका शव 2 अप्रैल को ढोढर क्षेत्र में मिला है। मृतिका के मामा गजरासिंह पिता शंभूसिंह ने बताया कि होली पर भानजी सविता घर आई हुई थी। वह रविवार को भानजे धीरेंद्र सिंह के साथ भानजी सविता को रतलाम लेकर आए थे। सुबह 9.30 बजे रतलाम बस स्टैंड पर छोड़ा था। भानजी सविता ने उनसे कहा था कि आपको जाना है तो चले जाओ बाद में आप घर आना। इसके कारण वह उसे बस स्टैंड पर ही छोड़कर वापस चले गए। पुलिस अब आगे बढ़ाएगी जांचशव की शिनाख्ती के बाद पुलिस अब हत्या के एंगल से जांच को आगे बढ़ाएगी। शव की शिनाख्ती नहीं होना पुलिस के लिए एक अनसुलझी गुत्थी बना हुआ था। पुलिस ने प्रदेश के हर जिले व थानों पर युवती के शिनाख्ती के प्रयास किए। जिसके बाद पुलिस ने अन्य राज्यों के गुमशुदगी के रिकॉर्डस भी खंगालने शुरू कर दिए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतिका का मोबाइल अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। वहीं पुलिस ने उस घर की तलाशी भी ली है जहां मृतिका किराए से रह रही थी। पुलिस कोचिंग संस्था पर उसकी दोस्ती किस किस के साथ थी इसे भी दिखवा रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल के माध्यम से भी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल आधिकारिक तौर पर पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है और जांच में जुटी है।