ड्रग्स पर जारी है प्रहार : दो अलग-अलग मामले में पति-पत्नी सहित 9 आरोपी गिरफ्तार, 13 लाख की एमडी जप्त

तस्कर “भाभी” सलाखों के पीछे, महीनेभर में रतलाम पुलिस ने नशे के 29 सौदागरों को दबोचा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले में बढ़ रही ड्रग्स तस्करी पर पुलिस का एक्शन जारी है। एसपी राहुल लोढा के निर्देशन में अब तक 29 नशे के सौदागर सलाखों के पीछे पहुंच गए है। पुलिस की यह कार्रवाई अब भी लगातार जारी है। पुलिस ने पति पत्नी सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया। यहां तस्करी के लिए महिला का उपयोग होता था जिसे आरोपी भाभी कोड वर्ड का इस्तेमाल कर बुलाते थे। आरोपी “भाभी” और उसका पति मंदसौर का रहने वाला है, भाभी का परिवार नशे के कारोबार के चलते एनडीपीएस एक्ट में पहले से ही जेल में बंद है। गौरतलब है की शहर के युवा नेता आशीष सोनी द्वारा 9 माह पहले तत्कालीन एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के रहते हुए शहर में सर्व समाज, महिलाओं व धार्मिक संगठनों के साथ मिलकर सामुहिक रूप से रैली निकालकर एमडी के नशे के खिलाफ आक्रोश जताया था। जिसके बाद पुलिस गंभीर हुई थी। एसपी बहुगुणा के जाने के बाद एसपी राहुल लोढा ने कमान संभालते हुए एमडी व अन्य नशीले पदार्थों पर सख्ती से कार्रवाई शुरू की। एसपी राहुल लोढा की कार्रवाई को लेकर जनता व पीड़ित परिवार भी खुश नजर आ रहे है और पुलिस का धन्यवाद दे रहे है। एमडी जैसे घातक नशे ने शहर के कई युवाओं को मौत का रास्ता दिखाया है, जिनके परिवार आज पूरी तरह से बिखर चुके है। बुधवार को रतलाम एसपी राहुल लोढा ने प्रेस वार्ता कर एमडी ड्रग्स पर हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो व शहर टीआई जितेंद्रसिंह जादौन भी मौजूद रहे। एसपी ने बताया की जावरा पुलिस ने एमडी ड्रग्स के दो अलग – अलग मामले में कार्रवाई की है। पहला मामला 2 अप्रैल के है, सूचना मिलने पर जावरा ईदगाह के सामने आमरोड से आरोपी शिवा उर्फ शिवनारायण पिता बसन्तीलाल परिहार उम्र 33 साल नि. सोनी कालोनी दलौदा मन्दसौर व उसकी पत्नी नीलु पति शिवा उर्फ शिवनारायण परिहार उम्र 30 साल के साथ साथ प्यारू मेव पिता नमीनुर मेव उम्र 57 साल निवासी हम्मालपुरा जावरा, आरिफ पिता मोहम्मद रईस खान पठान उम्र 23 साल निवासी अकब बिजली घर जावरा, फरीद उर्फ गोलु माडल पिता मोहम्मद साबीर खान उम्र 22 साल निवासी अकब बिजली घर जावरा को गिरफ्तार किया। इनके पास से 6 लाख रुपये किमत की 60 ग्राम एमडी जप्त की। यह एमडी ड्रग्स तस्करी के लिए महिला को रखते ताकी पुलिस को शक ना हो।आरोपी महिला निलु का परिवार भी एनडीपीएस के मामलो मे मंदसोर जैल मे है बंद । आरोपी कोडवर्ड मे “भाभी” लिखकर महिला निलु का मोबाईल नम्बर सेव रखते थे। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने जावरा उपजेल के पीछे आमरोड से आरोपी नितिन पिता प्रदीपसिह मीणा उम्र 25 साल निवासी होलीथडा डग थाना डग जिला झालावाड, नदीम पिता अब्दुल कादर उम्र 35 साल निवासी नाना साहब का मोहल्ला जावरा,  उमर पिता पुत्तन खाँ शेख मकसुदी उम्र 36 साल निवासी ऊंटखाना जावरा, शाकीर उर्फ मुर्गा पिता हमजा बक्श उम्र 62 साल निवासी नाना साहब का बाग जावरा को अवैध मादक पदार्थ एमडी 65 ग्राम किमती 6 लाख 50 हजार रूपये के साथ गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। आरोपियों की धड़पकड़ व मामले को उजागर करने में जावरा शहर थाना के एसआई रघुवीर जोशी, हेड कांस्टेबल गोपाल परिहार, कांस्टेबल अंतिम चौधरी, राधेश्याम चौहान, राजेश पवार, यशवंत जाट, जीवन विश्वकर्मा, ललीत जगावत,   रामप्रसाद मीणा, महिला आरक्षक अंजना सहित सायबर सेल के मनमोहन शर्मा व विपुल भावसार की सराहनीय भुमिका रही।

शव मिलने से फैली सनसनी : ढोढर के समीप खेत में मिली अज्ञात युवती की अर्धनग्न लाश, एसपी राहुल लोढा व फोरेंसिक टीम पहुंची मौके पर

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जावरा के ढोढर में महू-नीमच फोरलेन के समीप एक खेत में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दोपहर करीब 12 बजे मिले युवती के शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। ग्रामीणो की सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम जांच के लिए पहुंची। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती का शव 12 घंटे पुराना बताया जा रहा है। युवती का गला अज्ञात आरोपियों ने धारदार हथियार से रेता है। मृतक युवती के गले में चेन, अंगुली में अंगूठी के अलावा कान में सोने के टॉप्स भी पुलिस ने पाए हैं। मंगलवार दोपहर फोरलेन स्थित ढोढर अंतर्गत होटल भरत पैलेस और मंगलदास आश्रम के बीच एक खेत में अर्धनग्न अवस्था में युवती की लाश पाई गई। सूचना पर रिंगनोद थाना प्रभारी पातीराम डावरे और चौकी प्रभारी कन्हैया अवास्या ने पहुंच वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने पहुंचकर युवती के घटनास्थल पर जांच की। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. मित्तल ने बताया की मृत युवती के शरीर पर सोने की ज्वैलरी पाई गई थी। उम्र तकरीबन 25 वर्ष के लगभग है। खेत में शव अर्धनग्न अवस्था में था और युवती के शरीर पर सिर्फ अंडरगारमेंट्स ही मिले। शरीर के ऊपर एक खून से सना कुर्ता भी प्राप्त हुआ है। प्रारंभिक रूप से घटनास्थल (जहां युवती का शव प्राप्त हुआ) की बारिकी से जांच की जा रही है। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अलग-अलग बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा अस्पताल भेजा है। क्षेत्र के सीसीटीवी फूटेज के अलावा आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग की जा रही है। जल्द ही युवती की शिनाख्ती के साथ हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हत्या का पर्दाफाश: गज्जू और केशव को मारकर फेंका था हाईवे पर, मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार

मामला चार दिन पहले मिली दो दोस्तों की लाश का, पुलिस ने किया खुलासा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम कांडरवासा फंटे पर चार दिन पहले दो दोस्तों के शव मिले थे। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे दुर्घटना मान रही थी, लेकिन परिजनों ने जब हंगामा किया तो पुलिस सतर्क हुई और जांच में जुटी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना वाली रात क्षेत्र में एक्टिव मोबाइल की जानकारी जुटाई। दुर्घटना ग्रस्त कार के मालिक से पूछताछ की। जिसमें एक बाद एक इस मर्डर की कड़ियां खुलती गई। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि दोनों दोस्तों को 10 से अधिक हमलावरों ने लाठियों, हॉकियों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। कांडरवासा फंटे पर गुरुवार की रात को गजेंद्र उर्फ राहुल (गज्जू) उम्र 25 वर्ष पिता पूनमचंद डोडिया निवासी अमलेटा और केशव उम्र 29 वर्ष पिता विष्णुलाल गुर्जर निवासी सेमलिया के शव मिले थे। पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही थी, लेकिन मृतकों के परिजन ने हत्या की आंशका जताते हुए इप्का फैक्टरी के यहां जाम लगाया था। इसके बाद एएसपी मौके पर पहुंचे और मौजूद लोगों को प्रकरण में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। मंगलवार को एसपी राहुल कुमार लोढा ने प्रेस वार्ता करते हुए हत्या के इस मामले का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 14 आरोपी फरार है। आरोपियों में सूर्यपाल पिता मदनसिंह पडियार निवासी ग्राम बड़ोदिया, राहुल पिता शंकरलाल जाट निवासी ग्राम रामगढ़ सैलाना, बबलू पिता अमृतलाल गुर्जर निवासी ग्राम बिबड़ोद, शैलेन्द्र उर्फ शैलू पिता रमेश डिंडोर निवासी नामली, अंकित पिता मुकेश कुमावत निवासी नामली, योगेश पिता भवरलाल राठौर निवासी नामली, अभिषेक पिता रणछोड़ जाट निवासी ग्राम धमोत्तर नामली शामिल है। पुलिस फरार 14 आरोपियों की तलाश कर रही है। ऐसे रची गई थी साजिशएसपी राहुल लोढा ने बताया की मुख्य आरोपी सूर्यपालसिंह व साथियों ने योजना बनाकर हत्या की साजिश को अंजाम दिया। मृतक केशव व गज्जू बांगरोद में अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गए थे। वहां से आने के दौरान आरोपियों ने ब्लेक क्रेटा कार से बांगरोद से नेगड़दा के बीच मृतकों की बाइक को टक्कर मारी। जिसके बाद हॉकी, फावड़े व गेती से उनके साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। आरोपियों ने दोनों के शव कार में रखकर हाईवे पर फेंक दिए जिससे यह हत्या एक्सीडेंट लगे और वहां से भाग निकले। पुलिस जांच के दौरान सामने आया की आरोपियों का मृतकों से पुराना विवाद था। और बदला लेने की नीयत से उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सायबर व अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस रिमांड में है इनसे और भी पूछताछ जारी है। इनके द्वारा आपराधिक गतिविधियों को कारित करने के लिए केसरिया ग्रुप व विश्वास ग्रुप की भी बाते सामने आ रही है। जिन पर भी पुलिस जांच कर रही है। फरार आरोपीकान्हा जाट निवासी नेगडदा, दीपक जाट निवासी नेगडदा, प्रदीप जोशी निवासी नेगडदा, समरथ चौधरी निवासी ग्राम नेगड़दा, रोहित कुमावत निवासी नामली, दीपक गेहलोत निवासी नामली, विजय मेट निवासी नामली, सौरभ गेहलोत निवासी नामली, सौरभ मराठा रोंगे जाति मराठा निवासी मिडटाऊन कालोनी रतलाम, राजाराम चौधरी जाति गायरी निवासी जड़वासा कला, दीपक गुर्जर निवासी बिबडोद थाना डीडीनगर रतलाम, चरणसिंह जाट निवासी नेगड़दा, ध्रुव जाट निवासी नामली, भवानसिंह निवासी ग्रामबड़ोदिया।

“फोन” लेना है क्या? : कोड वर्ड में पिस्टल बेचने वाले 4 बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, बड़ी वारदात टली

खाचरोद व जावरा के बदमाश गिरफ्तार, धार जिले का मुख्य सप्लायर फरार पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। पुलिस ने जिले के जावरा में अवैध हथियार मामले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 4 अवैध पिस्टल व 11 जिंदा राउंड भी जप्त किए। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार बताई जा रही है। मामले में 1 आरोपी फरार है जो की सिकलीगर कारीगर है। आरोपी पिस्टलों की खरीद फरोख्त के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल करते थे। बदमाशों ने पिस्टल का कोड फोन रखा हुआ था। पुलिस आरोपियों के द्वारा शहर या अन्य जिलों में बेची गई पिस्टल आदि की भी जानकारी जुटा रही है। जावरा सिटी थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया की एसपी राहुल लोढा के निर्देशन व जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में अवैध हथियार के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने पर सूचना प्राप्त हुई की शहर के हिस्ट्रीशीटर बदमाश पिस्टल के अवैध धंधे में लिप्त है। सूचना पर मच्छी भवन मैदान जावरा से आरोपी शोएब खान निवासी उदासी की बाडी तालनाका व शाजेब खान निवासी कमलीपुरा जावरा को पकडा तथा उनके कब्जे से कुल 03 पिस्टल 09 राऊण्ड जप्त किए। आरोपीगण जावरा शहर मे कोई बडी घटना मिलकर कारित करने वाले थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने पिस्टल उज्जैन के खाचरोद से लाना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने टीम बनाकर खाचरोद के सप्लायर्स की तलाश शुरू कर दी। टीम ने भुरा पिता छोटे खान पठान निवासी जमातखाने के सामने व शोएब मेव पिता रफिक मेव उर्फ मामा निवासी खाचरोद को दबिश देकर गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने 1 पिस्टल व 2 जिंदा राउंड जप्त किए। खाचरोद के पकड़ाए इन आरोपियों से जब पूछताछ की गई तो इनका कनेक्शन धार के सिकलीगर कारीगर से मिला। आरोपियों ने पुलिस को बताया की धार जिले के बारिया गंधवानी निवासी गुरुचरण पिता महेन्द्रसिह चांवला से वे पिस्टलों की अवैध खरीदी करते थे। पुलिस अब फरार आरोपी गुरुचरण की तलाश में जुटी है। सराहनीय भुमिका:मामले के खुलासे में टीआई जितेन्द्र सिह जादौन, एसआई जगदीशसिंह तोमर , एएसआई हीरालाल परमार, आर. अंतिम चौधरी, राधेश्याम चौहान, राजेश पवार, आरक्षक ललीत जगावत, आरक्षक रामप्रसाद मीणा एवं सायबर सेल रतलाम की भूमिका सराहनीय रही।

चोर मचाए “शोर” : रतलाम की पुलिस टीम पर गुना में हुई फायरिंग, मामला पूर्व गृहमंत्री के भतीजे के यहां हुई हाई प्रोफाइल चोरी का

पारदी बदमाश महिला व बच्चों को बनाते है ढाल, इनके सामने दो जिलो की पुलिस बेबस! पब्लिक वार्ता – रतलाम/गुना,जयदीप गुर्जर। जिले के जावरा में हुए हाई प्रोफाइल चोरी कांड को 2 माह से अधिक समय बीत चुका है। लाख कोशिशों के बावजूद पुलिस के हाथ खाली नजर आ रहे। वहीं बीती रात पुलिस टीम पर गुना में फायरिंग की घटना ने सभी को सकते में डाल दिया। चोरी के आरोप में रतलाम पुलिस ने गुना जिले के पारदी बदमाशों की घेराबंदी की। रतलाम पुलिस ने धरनावदा थाना क्षेत्र के खेजड़ा चक गांव में घेराबंदी करते हुए बदमाशों की धरपकड़ की योजना बनाई। लेकिन जैसी ही पुलिस गांव में पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पारदी बदमाशों के पास रायफल, पिस्टल, 12 बोर बंदूक, देसी कट्टे थे। जिनके सहारे वे पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भाग गए। हमले में बाल-बाल बची रतलाम पुलिस ने धरनावदा थाने में FIR दर्ज कराई है। घटना के बाद पुलिस ने कई घरों में दबिश भी दी लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। मामला पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के भतीजे व सराफा व्यापारी प्रकाश कोठारी के यहां हुई चोरी का है। इस सनसनीखेज वारदात के आरोपियों को पकडने गुना गई रतलाम पुलिस की टीम पर बदमाशों व अन्य ग्रामीणों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है की दोनों तरफ से यह फायरिंग हुई है। हालांकि पुलिस ने बदमाशों की तरफ से फायरिंग की पुष्टि की है लेकिन दोनों तरफ से फायरिंग की घटना से इनकार किया है। जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने बताया की हम लगातार पुलिस टीम के संपर्क में हैं। आरोपी लगातार अपना स्थान बदलते हुए मूवमेंट कर रहे हैं और हमारी टीम उनका पीछा कर रही है। पूरे भारत में पारदी बदमाश कुख्यातपारदी बदमाश पूरे भारत में चोरी-डकैती करने के लिए कुख्यात  हैं। गुना जिले के खेजड़ा चक, बीलाखेड़ी, कनारी चक , कनेरा समेत कुछ ऐसे गांव हैं जहां पारदी बदमाशों का डेरा है। यहीं से भारत के विभिन्न राज्यों में जाकर अपराध घटित करते है।बदमाशों के पास चौबीसों घंटे अच्छा खासा असलहा हथियार भी मौजूद रहता है। इनकी चोरी जैसी वारदात को अंजाम देने का तरीका भी एक सा होता है। रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढ़ा जो कि गुना एसपी भी रहे है, उन्होंने इस चोरी को तरीका ए वारदात से ही ट्रेस किया। जिस कारण से आरोपी जल्द ट्रेस हो गए। मगर अब तक पुलिस की गिरफ्त से सभी आरोपी दूर है और बेखौफ पुलिस पर फायरिंग भी कर रहे है। दबिश टीम में 30 से अधिक जवानजावरा में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात के आरोपियों का पता चलने के बाद रतलाम पुलिस की टीम लगातार गुना में डेरा जमाए हुए हैं। वहां की स्थानीय पुलिस से भी सपोर्ट लेकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। टीम में जावरा सिटी थाना टीआई हरीश जेजुरकर समेत जिले के करीब 30 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और पुलिस जवान शामिल हैं। आरोपी महिलाओं और बच्चों को आगे करके सुरक्षा का ढाल भी बनाते हैं जिससे पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न हो रही है। फायरिंग के बाद भाग निकले आरोपीफायरिंग का यह मामला गुना जिले के धरनावदा थाने के खेजड़ा चक गांव में बुधवार को उस समय हुआ जब पुलिस दल आरोपियों तक पहुंचने ही वाला था। इसी दौरान टीम पर आरोपियों की तरफ से फायरिंग होना शुरू हो गई। सूत्रों की माने तो स्थानीय टीआई व जावरा सिटी टीआई बाइक पर सवार थे जो बदमाशों से करीब 100 मीटर की दूरी पर थे। फायरिंग के दौरान बाइक खेत में जा गिरी और पुलिस अधिकारियों ने खुद को कवर किया। तीन-चार दिन से बड़े इनपुट होने से पुलिस की बड़ी पार्टी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। यह है पूरा मामलाजावरा के बड़े सराफा व्यापारी और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के भतीजे जावरा व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष बजाजखाना निवासी प्रकाश कोठारी की दुकान में बदमाशों ने 5 करोड़ से अधिक की चोरी को अंजाम दे दिया था। बदमाश उनके यहां से 5 किलो सोना और 4 क्विंटल चांदी के जेवर ले गए। 16 सितंबर की सुबह चोरी का पता चला तो पूरे जावरा में सनसनी फैल गई थी। बदमाश उनके मकान के पीछे के कमलीपुरा तरफ मकान के निर्माणाधीन हिस्से से आए और चोरी की वारदात करके उसी रास्ते वापस चले गए। इतनी बड़ी चोरी होने की सूचना के बाद पुलिस के तमाम आला अधिकारी भी जावरा पहुंचे थे। व्यापारी कोठारी ने आरोपियों को पकडऩे वाले को 11 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा भी की थी। यह है जावरा चोरी कांड के आरोपीगंगाराम उर्फ गंगू पिता बापूडा पारदी निवासी खेजड़ाचक थाना धरनावदा, पवन पिता बापुडा पारदी निवासी सदर गुना, कालिया उर्फ हरिसिंह पिता सागरिया निवासी सदर गुना, मुरारी पिता जगन्नाथ निवासी बिलाखेड़ी थाना धरनावदा के साथ एक अज्ञात आरोपी है। आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी की वस्तु बरामदगी के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिशें दी है परंतु अभी आरोपी पुलिस गिरफ्तार से दूर है। इस वारदात को अंजाम देने के लिए जिस वाहन का उपयोग चोरों ने किया था वह एक पुलिस दरोगा का है, जिसको वह किराए पर ले गए थे।फायरिंग कर भाग जाने के बाद झागर पुलिस चौकी ने नामजद पांच आरोपियों और पन्द्रह अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग करने आदि के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रतलाम जिले की दो टीमें अभी गुना जिले में हैं, जो जावरा चोरी कांड के आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग जगह दबिश भी देती रही।

जावरा की जंग : निर्दलीय जीवनसिंह ने बिगाड़ा दो दलों का समीकरण, जनसंपर्क में जमकर बरसे शेरपुर

भाजपा में परिवारवाद, नेताओं को बेटों के भविष्य की चिंता – जीवनसिंह शेरपुर पब्लिक वार्ता – रतलाम/जावरा,जयदीप गुर्जर। रतलाम की जावरा विधानसभा में चुनावी माहौल बड़ा ही रोचक बनता जा रहा है। निर्दलीय मैदान में उतरे जीवनसिंह शेरपुर ने दो प्रमुख दलों की मेहनत बढ़ा दी है। यहां त्रिकोणीय मुकाबले में निर्दलीय के पड़ला ज्यादा भारी नजर आ रहा है। चुनावी शोर शांत होने में 8 दिन और बाकी है। ऐसे में सभी प्रत्याशी जनता का समर्थन मांगने में अपना अपना जोर लगा रहे है। अपने बोलने के अंदाज और बेबाक छवि से जीवनसिंह की बच्चों व युवाओं में लोकप्रियता खासी बढ़ चुकी है। कई आन्दोलनों व सामाजिक मुद्दों को लेकर जीवनसिंह आगे रहे है। ऐसे में अब इस चुनाव में उसका नतीजा साफ देखा जा सकता है। निर्दलीय प्रत्याशी जीवनसिंह शेरपुर ने जावरा के कई इलाकों में जनसपंर्क किया। इस दौरान लोगों ने जेसीबी से फूलों को उड़ाकर स्वागत किया। जनसंपर्क के दौरान जीवन सिंह बोले मैं कोई नेता नहीं बुजुर्गों, माताओं का बेटा हूं मे सुख-दुख में साथ हमेशा खड़ा रहुगा है। शेरपुर ने इस दौरान कहा की आज चुनाव के दौरान कुछ मौकापरस्त लोग जो अभी-अभी आपके सामने नजर आ रहे हैं, उनको आपने पहले कभी देखा नहीं होगा। यह वही लोग हैं, जो एक बार आएंगे और फिर शक्ल तक नहीं दिखाएंगे।आप सभी लोगों को यह तय करना होगा कि आपको विकास करने वालों को वोट देना है या भ्रमित व झूठे वादे करने वाले को। इस बार दोनो पार्टियों के खिलाफ जनता चुनाव लड़ रही है, इसलिए दोनो पार्टी के उम्मीदवारों की नींद उड़ गई है। दोनों पार्टियां को अब आप की याद आ रही है।भाजपा के कुछ नेता यह नहीं चाहते हमारे परिवार के अलावा कोई सांसद या विधायक बने। इसलिए इन्हीं के पार्टी के नेताओं को चुनाव में हराने के लिए लगे रहते हैं क्योंकि इनको पता है। अगर किसी और ने चुनाव जीतकर विधानसभा का टिकट मांग लिया तो उनके बेटे का भविष्य खतरे में हो जाएगा।

जावरा का जीवन! : निर्दलीय हुंकार भरने के बाद जीवनसिंह शेरपुर का हल्ला बोल, भाजपा – कांग्रेस की घोषणाओं पर कही दो टूक

अगर वो बोले राष्ट्र हित में वोट करना, तो आप समझना मुझे वोट करना – जीवनसिंह शेरपुर पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जावरा विधानसभा से निर्दलीय मैदान में उतरे जीवनसिंह शेरपुर अब हल्ला बोल मोड पर दिखाई दे रहे है। जीवनसिंह नामांकन भरने के बाद से ही क्षेत्र में जनसपंर्क पर जुट चुके है। इसी के साथ उनका जनसंपर्क अभियान तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को जावरा में सरदार पटेल जयंती पर माल्यार्पण के बाद शेरपुर ने जनसंपर्क की शुरुआत की। इस दौरान शेरपुर अपने समर्थकों के साथ जावरा गोठड़ा, मुंडला, कामलिया, चौकी, सेदपुर, लालुखेड़ी, आलमपुर ठिकरिया आदि गांवों में पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं व लोगों ने जगह – जगह उनका स्वागत किया गया। मंगलवार को जीवनसिंह ने जनसंपर्क के दौरान भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों को आड़े हाथों लिया। इसी के साथ आरोप – प्रत्यारोप की राजनीति जावरा विधानसभा में शुरू हो चुकी है। शेरपुर ने वर्तमान विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे पर  तंज कसते हुए कहा की हमारा विधायक किसानों की फसले खराब होती है तो उसकी आवाज तक सदन में नहीं उठाता है। किसानों को पूरा मुआवजा तक नहीं मिल रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी जीवनसिंह शेरपुर ने अपने भाषण में कहा की चाहे वो विधायक बने या ना बने, मगर जनता की समस्या आज से मेरी समस्या है और रहेगी। आपकी हर समस्यायों को प्राथमिक से दूर करूंगा।क्षेत्र का गरीब मेरे लिए पहले होगा। भाजपा वाले बोल रहे हैं हम महिलाओं को हजार रुपए देंगे तो कांग्रेस वाले बोल रहे हैं हम महिलाओं को पंद्रह सौ देंगे लेकिन हमारे बच्चों के भविष्य के बारे में कोई बात नहीं कर रहा की हम आपके बच्चे को रोजगार देंगे, अच्छी शिक्षा देंगे या अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्था देंगे। यह लोग जितना दे रहे उस से दो गुना ले रहे है। कांग्रेस ने बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिया। क्या पूरे विधानसभा में एक भी लायक उम्मीदवार नहीं था कि कांग्रेस को बाहर से उम्मीदवार चुनना पड़ा। कांग्रेस पुरी तरह खत्म हो गई है।