Ratlam Road Accident: बाइक समेत पेड़ से टकराया युवक, रातभर लापता, सुबह मिला शव

Ratlam Road Accident: बाजना थाना क्षेत्र में युवक की दर्दनाक मौत। शादी कार्यक्रम से लौटते समय हादसा, सुबह परिजनों को सड़क किनारे मिला शव। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रतलाम (Ratlam Road Accident) में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक 21 वर्षीय युवक की बाइक पेड़ से टकराने के बाद मौके पर ही मौत हो गई। युवक रातभर घर नहीं पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने सुबह तलाश की और सड़क किनारे उसका शव मिला। घटना का वीडियो देखे Ratlam Road Accident: कैसे हुआ हादसा? यह दर्दनाक घटना रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान ईश्वर डोडियार (21 वर्ष), निवासी भडानखुर्द के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, ईश्वर मंगलवार को ग्राम देवली में एक शादी समारोह (नोतरा) में शामिल होने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई, लेकिन सुबह जब तलाश शुरू की गई तो एक दुखद खबर सामने आई। जानकारी के मुताबिक, ईश्वर बुधवार सुबह करीब 5 बजे बाइक से देवली से निकला था। बाजना-कुशलगढ़ मार्ग पर एक मोड़ पर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ व पत्थरों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन का क्या कहना है? घटना की सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनीष डाबर ने बताया: “प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक का बैलेंस बिगड़ने से युवक पेड़ और पत्थरों से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हुई। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।” शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बाजना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ ईश्वर डोडियार की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

रतलाम में JSG संगिनी उमंग का सेवा अभियान, 100+ गमछे व टोपियां वितरित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। JSG संगिनी उमंग रतलाम द्वारा “उमंग के रंग, सेवा के संग” थीम के तहत विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर सामूहिक जाप के साथ सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। JSG एमपी रीजन के निर्देशानुसार अप्रैल माह में महामंत्र जाप एवं गर्मी से राहत के लिए सेवा गतिविधि संचालित की गई। इसी क्रम में 27 अप्रैल 2026 को संगिनी उमंग रतलाम परिवार ने स्थानीय सब्जी विक्रेता महिलाओं को तेज धूप से बचाव हेतु 100 से अधिक गमछों का वितरण किया, वहीं पुरुष वर्ग को टोपियां प्रदान की गईं। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में सखियों ने उपस्थित होकर सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह प्रोजेक्ट जोन कोऑर्डिनेटर श्री निर्मल मेहता के सानिध्य में सम्पन्न हुआ, जिनका स्वागत संगीता पोरवाल द्वारा किया गया। प्रोजेक्ट का नेतृत्व ग्रुप सखी संगीता मनोज पोरवाल ने किया, जिनका अभिनंदन सचिव निर्मला पटवा एवं अध्यक्ष रेनू लूनिया ने किया। उल्लेखनीय है कि 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर जीतो द्वारा आयोजित सामूहिक नवकार मंत्र जाप में भी JSG संगिनी उमंग रतलाम की सखियों ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया और सामाजिक एकता का संदेश दिया। यह आयोजन न केवल सेवा भावना का उदाहरण बना, बल्कि समाज में सहयोग और एकजुटता का संदेश भी प्रसारित किया।

Ratlam News: रतलाम में हैवानियत: बाथरूम की दीवार फांदकर पड़ोसी ने 17 वर्षीय किशोरी से किया रेप

रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र में एक शादीशुदा पड़ोसी की घिनौनी करतूत सामने आई है। डरा-धमकाकर 5 महीने तक नाबालिग का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके में रहने वाली एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके ही पड़ोसी ने पांच महीनों तक हैवानियत की। आरोपी राजेश, जो खुद शादीशुदा है और एक बेटी का पिता है, उसने पीड़िता का जीवन नर्क बना दिया। घटना की शुरुआत करीब 5 महीने पहले 23 दिसंबर 2025 को हुई थी। पीड़िता जब अपने घर के बाथरूम में नहाने गई थी, तभी बगल में रहने वाला आरोपी राजेश दीवार फांदकर अंदर घुस आया। वहां उसने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और गांव में बदनाम करने की धमकी दी, जिससे सहमी नाबालिग चुप रह गई। डर का फायदा उठाकर 5 महीने तक किया शोषण पहली घटना के बाद आरोपी के हौसले बुलंद हो गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजेश उसे लगातार धमकियां देता रहा। “उसने कहा था कि अगर किसी को बताया तो वह मुझे खत्म कर देगा।” इसी डर की आड़ में आरोपी पिछले 5 महीनों (दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026) तक लगातार पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा। वह अक्सर बाथरूम की दीवार फांदकर अंदर घुस जाता और किशोरी के साथ गलत काम करता। प्रेग्नेंसी किट ने खोला राज: अस्पताल की सलाह पर दर्ज हुई FIR इस घिनौने अपराध का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग गर्भवती हो गई। मार्च महीने से मासिक धर्म (पीरियड) रुकने के बाद पीड़िता को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। जब वह अस्पताल जांच के लिए पहुंची, तो प्रेग्नेंसी किट में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अस्पताल प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए पीड़िता को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। रविवार रात परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस की कार्रवाई: पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। रविवार रात एक महिला अधिकारी ने पीड़िता के बयान दर्ज किए, जिसके आधार पर आरोपी राजेश के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की गई है। “आरोपी के खिलाफ धारा 62(2) (m), 351(3) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।”

Ratlam News: रतलाम में ‘भारत सरकार’ कार का कहर, वकील की मौत तेज रफ्तार VIP कार ने ली वकील की जान

रतलाम में तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से वरिष्ठ वकील हनुमानप्रसाद अग्रवाल की मौत हो गई। ‘भारत सरकार’ लिखी कार का ड्राइवर फरार, पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। सीएसपी कार्यालय के पास तेज रफ्तार लग्जरी कार ने एक्टिवा सवार 65 वर्षीय वरिष्ठ वकील हनुमानप्रसाद अग्रवाल को टक्कर मार दी, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो देखे! घटना के बाद शहर के अभिभाषकों में भारी आक्रोश फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में वकील स्टेशन रोड थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए घेराव किया। रतलाम में तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से वकील की मौत पुलिस के अनुसार मृतक हनुमानप्रसाद पुत्र भवानीप्रसाद अग्रवाल, निवासी झालानी कॉलोनी, एक्टिवा से जा रहे थे। इसी दौरान सीएसपी कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार काली लग्जरी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने तत्काल वहां से गुजर रही एम्बुलेंस को रुकवाया और घायल को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 8:30 बजे उनकी मौत हो गई। ‘भारत सरकार’ लिखी कार ने मचाया हड़कंप प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार के आगे रेलवे का मोनो स्टीकर लगा था। साथ ही कार के सामने अंग्रेजी में Government of India और पीछे हिंदी में भारत सरकार लिखा हुआ था। इससे मौके पर मौजूद लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक गौतम ने पुलिस को बताया कि कार बहुत तेज गति में थी और टक्कर मारने के बाद चालक वाहन को सेंट जोसेफ स्कूल की ओर भगा ले गया। पुलिस ने कार जब्त की, आरोपी ड्राइवर फरार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुलमोहर कॉलोनी क्षेत्र से हादसे में शामिल कार DL 4 CAE 9774 को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि वाहन रेलवे के किसी अधिकारी का निजी वाहन है। फिलहाल पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। वकीलों का थाने पर हंगामा, कार्रवाई की मांग हादसे की खबर मिलते ही रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में वकील स्टेशन रोड थाने पहुंच गए। वकीलों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। देर रात 11 बजे तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। पुलिस अधिकारियों द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद वकील रात करीब 1 बजे वहां से लौटे। रतलाम में बढ़ते सड़क हादसों पर सवाल रतलाम शहर में लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले सामने आ रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और VIP स्टीकर लगे वाहनों के दुरुपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान स्थिति फिलहाल पुलिस ने कार जब्त कर ली है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है। वकील की मौत के बाद शहर में गुस्से का माहौल है और लोग दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रतलाम में गायत्री परिवार की जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न, जन्मशताब्दी वर्ष को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। अखिल विश्व गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे आयोजनों के तहत शनिवार को रतलाम के गायत्री शक्तिपीठ डोंगरेधाम में शताब्दी संकल्प अनुयाज कार्यशाला के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से सक्रिय गायत्री परिजन शामिल हुए, जिन्हें जिला एवं तहसील समन्वय समितियों में विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। प्रशिक्षण उज्जैन उपजोन की टीम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देवपूजन से हुई। मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा और मंजुला पालीवाल ने अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का मंगल तिलक व मंत्र दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। प्रशिक्षण सत्र में उज्जैन से आए डॉ. शशिकांत शास्त्री ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण का उद्देश्य, आदर्श कार्यकर्ता के गुण, प्रज्ञा संस्थान तथा बाल संस्कारशाला की उपयोगिता पर डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी। उपजोन समन्वयक प्रभाकर सोनोने ने ट्रस्टों की कानूनी जानकारी, अर्थानुशासन, साधना, स्वाध्याय एवं मंडल निर्माण पर मार्गदर्शन दिया। प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ समन्वयक विवेक चौधरी ने युवा जागरण, पर्यावरण संरक्षण, व्यसन मुक्ति और कुरीति उन्मूलन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं उज्जैन उपजोन प्रभारी उर्मिला तोमर ने आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी आंदोलन की वर्तमान समय में आवश्यकता बताई। जिला समन्वयक दामोदर शर्मा धराड़ ने स्वास्थ्य, स्वावलंबन, साहित्य विस्तार और शिक्षण-प्रशिक्षण विषय पर विचार रखे। महिला जागरण अभियान के तहत युवा कार्यकर्ता निशा धनोतिया ने महिलाओं से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आई.पी. त्रिवेदी ने किया, जबकि अर्जुनसिंह चौहान ने सत्संकल्प पाठ करवाकर आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि गायत्री परिवार मध्यप्रदेश संगठन ने इस वर्ष अपनी सभी तहसील और जिला इकाइयों का पुनर्गठन किया है। जन्मशताब्दी वर्ष में नए लक्ष्यों को लेकर कार्य विस्तार का संकल्प लिया गया है। भीषण गर्मी के बावजूद जिलेभर से बड़ी संख्या में परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जावरा, आलोट, रावटी, सैलाना, बाजना सहित रतलाम शहर के सदस्य उपस्थित रहे।

Ratlam News: रतलाम में नकली घी का बड़ा खेल? एजेंसी पर छापा, 90 किलो घी जब्त, 7 सैंपल जांच को भेजे

रतलाम में नकली घी की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जय मां दूधेश्वरी एजेंसी पर छापा मारा। 90 किलो घी जब्त, 7 सैंपल भोपाल लैब भेजे गए। जानें पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में नकली घी बेचने की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहन नगर स्थित जय मां दूधेश्वरी एजेंसी पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान अलग-अलग कंपनियों के घी के छोटे-बड़े पैकेट बड़ी मात्रा में बरामद किए गए। विभाग ने करीब 80 से 90 किलो घी जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 से 70 हजार रुपए बताई जा रही है। वीडियो देखे इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया है, क्योंकि विभाग को शक है कि सस्ते दाम पर बाजार में नकली घी खपाया जा रहा था। 7 सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान कुल 7 सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। अधिकारियों के मुताबिक, दुकान में डीएफ गोल्ड, श्री मूल, गौ संत और मोती सागर ब्रांड के घी मिले हैं। इनमें 20-20 रुपए के देशी घी के पाउच भी शामिल थे। किस ब्रांड पर सबसे ज्यादा शक? विभाग को खासतौर पर डीएफ गोल्ड घी पर शक है। बताया जा रहा है कि पहले भी शहर में इसी नाम से घी बरामद हो चुका है, जिसे राज्य प्रयोगशाला ने अमानक घोषित किया था। निर्माता कंपनियों की जानकारी एजेंसी संचालक ने क्या कहा? दुकान संचालक गोपाल व्यास ने बताया कि वे यह घी इंदौर के डीलर से खरीदते हैं और सभी सामान के जीएसटी बिल उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि पिछले 7 से 8 महीनों से घी मंगवाया जा रहा था और शहर की विभिन्न दुकानों पर सप्लाई की जाती थी। पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले रतलाम में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों पर पहले भी कई बार कार्रवाई हो चुकी है। त्योहारों और शादी सीजन में ऐसे मामलों में तेजी देखी जाती है, जब नकली घी, मावा और मसाले बाजार में खपाने की कोशिश की जाती है। फिलहाल क्या स्थिति है? फूड विभाग ने मौके पर मौजूद घी को सीज कर दिया है। अब सभी की नजर भोपाल लैब रिपोर्ट पर है, जिससे तय होगा कि यह घी असली है या नकली। यदि रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली तो एजेंसी संचालक और संबंधित निर्माता कंपनियों पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।

रॉयल कॉलेज में वरिष्ठ IAS राहुल जैन ने दिए सफलता के मंत्र, रोजगार-स्वरोजगार पर किया मार्गदर्शन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ IAS अधिकारी एवं भारत सरकार के वित्त आयोग में संयुक्त सचिव श्री राहुल जैन शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और आध्यात्म जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन श्री प्रमोद गुगालिया ने की। उन्होंने राहुल जैन का परिचय देते हुए बताया कि वे वर्ष 2005 बैच (मध्यप्रदेश कैडर) के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। वे मध्यप्रदेश के ग्वालियर, रीवा और नर्मदापुरम जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं तथा TNCP में निदेशक पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे भारत सरकार के वित्त आयोग में संयुक्त सचिव के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही वे चार्टर्ड अकाउंटेंट भी हैं। युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान राहुल जैन ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना, कॉरपोरेट मित्र पोर्टल और iGOT Platform जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की अपील की। डिग्री से ज्यादा जरूरी है स्किल उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल अकादमिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल विकास सबसे ज्यादा जरूरी हो गया है। विद्यार्थियों को किताबों के ज्ञान के साथ उद्योग जगत की मांगों के अनुसार खुद को तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। डिजिटल अनुशासन और संस्कारों पर दिया जोर राहुल जैन ने डिजिटल अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग समय बर्बाद करने के लिए नहीं, बल्कि कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था और संस्कार हमारी असली पूंजी हैं। परिवार, समाज और अच्छे संस्कार मिलकर व्यक्तित्व को मजबूत बनाते हैं। ये रहे उपस्थित कार्यक्रम में समाजसेवी श्री ओमजी अग्रवाल, श्री मांगीलाल जैन, श्री अजय बाकीवाला, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष सोनी, डॉ. कल्पना पाटीदार, डॉ. अमित शर्मा, प्रो. कपिल कैरोल, प्रो. दीपिका कुमावत, डॉ. संदीप सिद्ध, प्रो. समीक्षा मेहरा, प्रो. ज्योत्सना सोलंकी, प्रो. मृदुला उपाध्याय सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीएड प्राचार्य डॉ. आर.के. अरोरा ने किया, जबकि आभार प्रबंधन संकाय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण मंत्री ने व्यक्त किया।

MP News: कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई पर FIR: जनपद CEO को धमकी, मारने दौड़े और रास्ता रोका

MP News: अलीराजपुर में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदरसिंह चौहान पर जनपद पंचायत CEO को धमकाने, अभद्रता करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में FIR दर्ज हुई है। जानिए पूरा मामला। अलीराजपुर/रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदरसिंह चौहान पर FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग को धमकाया, अभद्र व्यवहार किया और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इस मामले ने जिले की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। क्या है पूरा मामला  पुलिस FIR के अनुसार, घटना 22 अप्रैल 2026 दोपहर करीब 3 बजे की बताई गई है। जनपद पंचायत अलीराजपुर की CEO प्रिया काग जब अपने कार्यालय पहुंचीं, तब कार्यालय के मुख्य गेट पर इंदरसिंह चौहान खड़े थे। आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के कुछ आवेदन निरस्त किए जाने को लेकर गुस्से में सवाल-जवाब शुरू कर दिए। जब अधिकारी ने शासन के नियमों के अनुसार आवेदन निरस्त होने का कारण बताया, तब आरोपी भड़क गए। CEO को दी धमकी, मारने दौड़े शिकायत में कहा गया है कि इंदरसिंह चौहान ने CEO से कहा— “तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा।” इसके बाद आरोपी कथित तौर पर अधिकारी की ओर मारने के लिए बढ़े और थप्पड़ मारने की कोशिश की। उसी दौरान जनपद पंचायत के लेखाधिकारी सावन भिण्डे ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली। रास्ता रोका, पीछा करने का भी आरोप CEO प्रिया काग ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि जब वह वहां से जाने लगीं तो आरोपी ने उनका रास्ता रोक दिया। इसके बाद वह पीछे के कमरे की ओर गईं, जहां तक आरोपी उनका पीछा करते हुए पहुंचे। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि पूरी घटना कार्यालय के CCTV कैमरों में कैद है। पहले भी कैमरे हटवाने का आरोप FIR में यह भी उल्लेख है कि इससे पहले अधिकारी के कार्यालय कक्ष में लगे कैमरे भी उनकी अनुपस्थिति में निकलवा दिए गए थे। इस कारण अधिकारी ने खुद को कार्यस्थल और घर दोनों जगह असुरक्षित महसूस करने की बात कही है। किन धाराओं में केस दर्ज? अलीराजपुर थाना पुलिस ने आरोपी इंदरसिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिनमें शामिल हैं: प्रशासन और राजनीति में मचा हड़कंप चूंकि आरोपी का नाम कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के परिवार से जुड़ा है, इसलिए यह मामला अब राजनीतिक रूप भी ले सकता है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वर्तमान स्थिति पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक आरोपी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अलीराजपुर का यह मामला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।

Ratlam News: आलोट में फार्म हाउस से 55 क्विंटल गेहूं चोरी, दो कर्मचारियों पर केस दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस से करीब 55 क्विंटल गेहूं चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मालिक की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए गेहूं की कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। घटना का वीडियो देखे पुलिस के अनुसार फरियादी किसान जगदेवगंज, आलोट निवासी है और ग्राम ताजली स्थित बाठिया कृषि फार्म पर खेती करता है। किसान ने खेत पर बने शेड में गेहूं की फसल कटवाकर बिक्री के लिए रखी थी। फरियादी ने बताया कि वह 18 अप्रैल को परिवार सहित पालीताना यात्रा पर गया था। 21 अप्रैल को वापस लौटने पर खेत पर रखे गेहूं के ढेर में कमी दिखाई दी। इसके बाद उसने फार्म हाउस पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। सीसीटीवी फुटेज में 19 अप्रैल दोपहर करीब 12 बजे फार्म हाउस पर काम करने वाले देवीलाल पिता हिरालाल गायरी निवासी जीवनगढ़ और विनोद पिता चंदर मालवीय निवासी मूंज ट्रैक्टर पर लगे लोडर की मदद से गेहूं ट्रॉली में भरते दिखाई दिए। आरोप है कि दोनों करीब 55 क्विंटल गेहूं दूसरी ट्रॉली में भरकर ले गए और बाद में खाली ट्रॉली वापस फार्म हाउस पर खड़ी कर दी। मामले में किसान ने आलोट थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा जाएगा।

Ratlam News: शादी समारोह में युवक पर हमला, सिर में आई चोट; चार लोगों पर केस दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के अम्बेडकर नगर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हो गया। समाज से बहिष्कृत होने की बात कहने वाले एक युवक पर चार लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। घटना में युवक के सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो देखे पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह लोहारी का काम करता है और प्रकाश बावरी के घर आयोजित शादी समारोह में सुबह करीब 8 बजे शामिल होने गया था। इसी दौरान मोहल्ले के सत्यानारायण, अनिल तंवर, रोहन और योगेंद्र वहां मिले। आरोप है कि चारों ने उससे पूछा कि वह कार्यक्रम में क्यों आया है। युवक ने बताया कि उसे शादी में बुलाया गया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सत्यानारायण ने ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी, जिससे सामने की तरफ चोट लगी और खून बहने लगा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी मारपीट की। घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।