रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस से करीब 55 क्विंटल गेहूं चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मालिक की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए गेहूं की कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

घटना का वीडियो देखे
पुलिस के अनुसार फरियादी किसान जगदेवगंज, आलोट निवासी है और ग्राम ताजली स्थित बाठिया कृषि फार्म पर खेती करता है। किसान ने खेत पर बने शेड में गेहूं की फसल कटवाकर बिक्री के लिए रखी थी।
फरियादी ने बताया कि वह 18 अप्रैल को परिवार सहित पालीताना यात्रा पर गया था। 21 अप्रैल को वापस लौटने पर खेत पर रखे गेहूं के ढेर में कमी दिखाई दी। इसके बाद उसने फार्म हाउस पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।
सीसीटीवी फुटेज में 19 अप्रैल दोपहर करीब 12 बजे फार्म हाउस पर काम करने वाले देवीलाल पिता हिरालाल गायरी निवासी जीवनगढ़ और विनोद पिता चंदर मालवीय निवासी मूंज ट्रैक्टर पर लगे लोडर की मदद से गेहूं ट्रॉली में भरते दिखाई दिए। आरोप है कि दोनों करीब 55 क्विंटल गेहूं दूसरी ट्रॉली में भरकर ले गए और बाद में खाली ट्रॉली वापस फार्म हाउस पर खड़ी कर दी।
मामले में किसान ने आलोट थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा जाएगा।