Ratlam News: आलोट अस्पताल में BMO से मारपीट: डॉक्टरों की हड़ताल, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

आलोट सरकारी अस्पताल में BMO डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य के साथ मारपीट के बाद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने हड़ताल कर दी। घटना CCTV में कैद हुई, पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट सरकारी अस्पताल में सोमवार रात एक गंभीर विवाद ने तूल पकड़ लिया। सड़क दुर्घटना में घायल युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर करने की सलाह देने पर बीएमओ (BMO) डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना से नाराज डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मंगलवार सुबह काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी और थाने के सामने धरना देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना का CCTV देखे क्या है पूरा मामला? जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल मुमताज को सोमवार रात करीब 9:30 बजे आलोट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. रोहित चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। रात करीब 11 बजे अमजद नामक व्यक्ति ने बीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य को फोन कर आईसीयू में बुलाया। डॉ. मौर्य ने घायल का निरीक्षण करने के बाद पुनः मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर अमजद और उसके साथी भड़क गए। चैंबर तक ले जाकर की गई मारपीट आरोप है कि आरोपी पहले गाली-गलौच पर उतरे और फिर डॉ. मौर्य के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आरोपियों ने डॉक्टर को उनके चैंबर तक ले जाकर हमला किया। शोर सुनकर अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर डॉक्टर को बचाया। डॉ. मौर्य ने शिकायत में बताया कि उनके सिर, नाक, आंख, होंठ और चेहरे पर चोटें आई हैं तथा आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। CCTV फुटेज पुलिस ने किया जब्त थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम के अनुसार डॉक्टर की शिकायत पर अमजद और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल घटना के विरोध में मंगलवार सुबह अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी आलोट थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अन्य मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार राजेश पाटीदार को एसडीएम के नाम ज्ञापन दिया गया। प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना और हड़ताल समाप्त कर दी गई। निजी चिकित्सक संघ और विधायक भी आए समर्थन में निजी चिकित्सक संघ और औषधि विक्रेता संघ ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। वहीं आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने घायल बीएमओ से मुलाकात कर हालचाल जाना और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Ratlam News: आलोट में फार्म हाउस से 55 क्विंटल गेहूं चोरी, दो कर्मचारियों पर केस दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस से करीब 55 क्विंटल गेहूं चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मालिक की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए गेहूं की कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। घटना का वीडियो देखे पुलिस के अनुसार फरियादी किसान जगदेवगंज, आलोट निवासी है और ग्राम ताजली स्थित बाठिया कृषि फार्म पर खेती करता है। किसान ने खेत पर बने शेड में गेहूं की फसल कटवाकर बिक्री के लिए रखी थी। फरियादी ने बताया कि वह 18 अप्रैल को परिवार सहित पालीताना यात्रा पर गया था। 21 अप्रैल को वापस लौटने पर खेत पर रखे गेहूं के ढेर में कमी दिखाई दी। इसके बाद उसने फार्म हाउस पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। सीसीटीवी फुटेज में 19 अप्रैल दोपहर करीब 12 बजे फार्म हाउस पर काम करने वाले देवीलाल पिता हिरालाल गायरी निवासी जीवनगढ़ और विनोद पिता चंदर मालवीय निवासी मूंज ट्रैक्टर पर लगे लोडर की मदद से गेहूं ट्रॉली में भरते दिखाई दिए। आरोप है कि दोनों करीब 55 क्विंटल गेहूं दूसरी ट्रॉली में भरकर ले गए और बाद में खाली ट्रॉली वापस फार्म हाउस पर खड़ी कर दी। मामले में किसान ने आलोट थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा जाएगा।

Ratlam News: आलोट में 56 किलो डोडाचुरा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार: रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध रतलाम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना आलोट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 56 किलो 700 ग्राम डोडाचुरा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 13 हजार रुपये बताई जा रही है। WATCH VIDEO पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आलोट श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना आलोट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आलोट रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 02 की ओर जंगल क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। दिनांक 11 जनवरी 2026 को प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से तीन आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान दो ट्रॉली बैग और तीन हैंड बैग से सफेद पारदर्शी प्लास्टिक पैकेटों में भरा 56 किलो 700 ग्राम डोडाचुरा बरामद किया गया। साथ ही आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में रानो पति टोनी बाजीगर (50 वर्ष) निवासी बलजोट नगर करतारपुर जिला जालंधर (पंजाब), सीमा पिता पाली बाजीगर (26 वर्ष) निवासी संगवाल थाना वीलबा जिला जालंधर (पंजाब) और रामसिंह पिता बद्रीसिंह गुर्जर (35 वर्ष) निवासी कनाहेड़ा थाना सुवासरा जिला मंदसौर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना आलोट पर अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पूछताछ के दौरान डोडाचुरा की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक मनोज पाटीदार, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौहान सहित थाना आलोट पुलिस के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

Ratlam News: आलोट में ट्रैक्टर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा, देसी कट्टा व मोबाइल जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आलोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरवलिया सोलंकी में बीती रात ट्रैक्टर चोरी के एक बड़े प्रयास को ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने एक आरोपी को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। WATCH VIDEO प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी पूर सिंह पिता बालू सिंह सोलंकी का ट्रैक्टर (क्रमांक MP 43 Z 7093) रात में घर के बाहर खड़ा था। देर रात करीब 1 बजे छह अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर को करीब 500 मीटर तक धक्का देकर ले गए और बाद में उसे स्टार्ट कर फरार होने लगे। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। ट्रैक्टर ले जाते समय ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने पीछा किया। करीब दो किलोमीटर दूर आनंदगढ़ क्षेत्र में दानू सिंह के घर के बाहर रोड पर ट्रैक्टर रोके जाने के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की, जिससे दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद तीन आरोपी भाग निकले, जबकि एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम ईश्वर सिंह पिता गंगाराम सोंधिया राजपूत निवासी लाकाखेड़ी, उमट थाना गंगाधर (राजस्थान) बताया। सूचना मिलते ही ताल और आलोट पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर प्रमोद राठौड़ ने बताया कि आरोपी को ग्रामीणों ने ट्रैक्टर सहित पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। घटना के दौरान आरोपी ट्रैक्टर के नीचे आने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह ग्रामीण थाने पहुंचे, जहां प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

0%