रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आलोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरवलिया सोलंकी में बीती रात ट्रैक्टर चोरी के एक बड़े प्रयास को ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने एक आरोपी को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

WATCH VIDEO
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी पूर सिंह पिता बालू सिंह सोलंकी का ट्रैक्टर (क्रमांक MP 43 Z 7093) रात में घर के बाहर खड़ा था। देर रात करीब 1 बजे छह अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर को करीब 500 मीटर तक धक्का देकर ले गए और बाद में उसे स्टार्ट कर फरार होने लगे। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

ट्रैक्टर ले जाते समय ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने पीछा किया। करीब दो किलोमीटर दूर आनंदगढ़ क्षेत्र में दानू सिंह के घर के बाहर रोड पर ट्रैक्टर रोके जाने के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की, जिससे दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद तीन आरोपी भाग निकले, जबकि एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम ईश्वर सिंह पिता गंगाराम सोंधिया राजपूत निवासी लाकाखेड़ी, उमट थाना गंगाधर (राजस्थान) बताया। सूचना मिलते ही ताल और आलोट पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर प्रमोद राठौड़ ने बताया कि आरोपी को ग्रामीणों ने ट्रैक्टर सहित पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
घटना के दौरान आरोपी ट्रैक्टर के नीचे आने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह ग्रामीण थाने पहुंचे, जहां प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में कपास और मक्का की आड़ में उगा रहे थे गांजा, पुलिस पहुंची तो भागने लगे दो युवक; खेत से मिले 127 पौधे
- BREAKING रतलाम के रॉयल कॉलेज में फ्रेशर्स पार्टी की धूम, फार्मेसी विद्यार्थियों को मिले सफलता के तीन मूलमंत्र
- Ratlam News: रतलाम स्टेशन के बाहर कार में मिला ड्राइवर का शव, तीन दिन से घर नहीं गया था युवक