Ratlam News: आलोट अस्पताल में BMO से मारपीट: डॉक्टरों की हड़ताल, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

आलोट सरकारी अस्पताल में BMO डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य के साथ मारपीट के बाद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने हड़ताल कर दी। घटना CCTV में कैद हुई, पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट सरकारी अस्पताल में सोमवार रात एक गंभीर विवाद ने तूल पकड़ लिया। सड़क दुर्घटना में घायल युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर करने की सलाह देने पर बीएमओ (BMO) डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना से नाराज डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मंगलवार सुबह काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी और थाने के सामने धरना देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना का CCTV देखे क्या है पूरा मामला? जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल मुमताज को सोमवार रात करीब 9:30 बजे आलोट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. रोहित चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। रात करीब 11 बजे अमजद नामक व्यक्ति ने बीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य को फोन कर आईसीयू में बुलाया। डॉ. मौर्य ने घायल का निरीक्षण करने के बाद पुनः मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर अमजद और उसके साथी भड़क गए। चैंबर तक ले जाकर की गई मारपीट आरोप है कि आरोपी पहले गाली-गलौच पर उतरे और फिर डॉ. मौर्य के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आरोपियों ने डॉक्टर को उनके चैंबर तक ले जाकर हमला किया। शोर सुनकर अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर डॉक्टर को बचाया। डॉ. मौर्य ने शिकायत में बताया कि उनके सिर, नाक, आंख, होंठ और चेहरे पर चोटें आई हैं तथा आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। CCTV फुटेज पुलिस ने किया जब्त थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम के अनुसार डॉक्टर की शिकायत पर अमजद और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल घटना के विरोध में मंगलवार सुबह अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी आलोट थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अन्य मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार राजेश पाटीदार को एसडीएम के नाम ज्ञापन दिया गया। प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना और हड़ताल समाप्त कर दी गई। निजी चिकित्सक संघ और विधायक भी आए समर्थन में निजी चिकित्सक संघ और औषधि विक्रेता संघ ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। वहीं आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने घायल बीएमओ से मुलाकात कर हालचाल जाना और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Ratlam News: रतलाम के आलोट से गायब युवक की हत्या: 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला शव, पुरानी दुश्मनी आई सामने

रतलाम के आलोट से लापता 22 वर्षीय युवक मनीष माली का शव 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला। परिजनों ने अपहरण और हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट से लापता युवक का मामला अब हत्याकांड में बदल गया है। 22 वर्षीय मनीष माली का शव 19 घंटे बाद उज्जैन में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पहले ही अपहरण की आशंका जताई थी, जो अब हत्या में बदलती दिख रही है। वीडियो देखे क्या है पूरा मामला? रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र के विक्रमगढ़ निवासी 22 वर्षीय मनीष माली शुक्रवार रात अचानक लापता हो गया था। मनीष अपने पिता के साथ हम्माली का काम करता था। शुक्रवार शाम दोनों साथ घर लौटे, लेकिन रात करीब 10:30 बजे मनीष बाजार जाने का कहकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह परिजन आलोट थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला शव शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि युवक का शव उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में मिला है। शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों का गुस्सा, थाने का घेराव शव मिलने की खबर के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। लोगों ने संदिग्ध आरोपियों को बाहर निकालने की मांग की और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को थाने का चैनल गेट बंद करना पड़ा। कुछ लोगों ने गेट तोड़ने की कोशिश भी की। पुराना विवाद बना हत्या की वजह? मृतक के पिता के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले मनीष का विक्रमगढ़ में रहने वाले मयंक नामक युवक से विवाद हुआ था। मयंक मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला है। परिजनों का आरोप है कि मयंक और उसके साथियों ने मनीष को जबरदस्ती सफेद कार में बैठाकर अगवा किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच और हिरासत में संदिग्ध पुलिस ने परिजनों द्वारा बताए गए नामों के आधार पर मयंक समेत कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। जानकारी के मुताबिक, कुछ संदिग्धों ने अपने मोबाइल फोन रिसेट कर दिए हैं, जिससे जांच और जटिल हो गई है। पुलिस की एक टीम उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र में भी जांच कर रही है।

Ratlam News: आलोट में महिला से मारपीट, पुलिस पर हल्की धाराओं में केस दर्ज करने के आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया मारू में रास्ते पर बने गड्ढे को भरने की बात को लेकर महिला के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने बीच सड़क पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बावजूद पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है और अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना का वीडियो देखे जानकारी के अनुसार फरियादी श्यामुबाई बागरी (उम्र लगभग 41 वर्ष) पत्नी भंवरलाल बागरी, निवासी ग्राम पिपलिया मारू, थाना आलोट, खेती-मजदूरी का काम करती हैं। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके घर के पीछे से कुएं की ओर जाने वाला कच्चा रास्ता है। उसी रास्ते में मोहनलाल बागरी ने मकान बनाने के लिए गड्ढा खोद दिया था। 8 मार्च को सुबह करीब 11 बजे श्यामुबाई अपने पति के साथ उस गड्ढे को भर रही थी। इसी दौरान मोहनलाल बागरी, उसकी पत्नी लीलाबाई बागरी तथा उसकी बेटियां कृष्णाबाई और दुर्गाबाई वहां पहुंचे और गड्ढा भरने को लेकर विवाद करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि चारों ने अश्लील गालियां देते हुए लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान मोहनलाल ने पत्थर फेंककर मारा, जो उसके चेहरे पर लगा। वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी बेटी धापुबाई के साथ भी कृष्णाबाई और दुर्गाबाई ने मारपीट की। इस घटना में महिला के चेहरे और शरीर पर, उसकी बेटी के गले और शरीर पर तथा उसके पति के हाथ और नाक पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान गांव के शांतिबाई और कारूलाल ने बीच-बचाव किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि अगर दोबारा गड्ढा भरा तो जान से खत्म कर देंगे। पीड़िता की शिकायत पर आलोट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि महिला का आरोप है कि गंभीर मारपीट और चोट के बावजूद पुलिस ने साधारण धाराओं में केस दर्ज किया है और अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस मामले को लेकर जब एसडीओपी पल्लवी गौर से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि वे थाने से मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करवाएंगी।

Ratlam News: आलोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पिस्टल व 8 जिंदा राउंड के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आलोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस मामले में फरार हथियार सप्लायर की तलाश कर रही है। वीडियो देखिए नाकाबंदी में पकड़ाए आरोपी पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जीवनगढ़ रोड स्थित महादेव मंदिर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान जावरा की ओर से आ रही टीवीएस अपाचे बाइक (MP 43 ZL 2994) को रोककर तलाशी ली गई। कमर से मिली अवैध पिस्टल तलाशी के दौरान आरोपी शादाब (25) की कमर से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। जब पिस्टल के मैगजीन की जांच की गई तो उसमें से 8 जिंदा राउंड भी मिले। दूसरे आरोपी जगदीश (26) के साथ मिलकर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उज्जैन से हथियार खरीदने का खुलासा प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी शादाब ने बताया कि उसने यह अवैध पिस्टल और कारतूस उज्जैन निवासी एजाज से खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी एजाज को फरार घोषित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आर्म्स एक्ट में केस दर्ज दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना आलोट में अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हथियार तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जप्त सामग्री पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक प्रमोद राठौर सहित पुलिस टीम के कई जवानों ने अहम भूमिका निभाई।

Ratlam News: 5 हजार का इनामी कंजर आरोपी गिरफ्तार, 5 मामलों में था फरार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा जिले में लम्बित स्थाई एवं फरारी वारंटों की तामिली के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आलोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। WATCH VIDEO इसी क्रम में थाना आलोट पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप लूट की योजना बनाने के मामले में फरार चल रहे कंजर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सोदान पिता कालिया उर्फ कालुलाल कंजर (उम्र 40 वर्ष), निवासी कंजर डेरा अरनिया, थाना उन्हेल, जिला झालावाड़ (राजस्थान) है। आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को अप.क्र. 607/2024 धारा 191(2,3), 190, 109 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय से जारी अन्य चार प्रकरणों में स्थाई वारंट लंबित थे, जिनमें उसे फार्मल गिरफ्तार किया गया है। सभी प्रकरणों में आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक प्रमोद राठौर, आरक्षक 490 दीपक पाटीदार एवं आरक्षक 89 अशोक गुर्जर की मुख्य भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय का माहौल है और फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान को गति मिली है।

Ratlam News: शिवधाम कॉलोनी विस्फोट: 8 साल से जाम ड्रेनेज बनी धमाके की वजह, नगर परिषद की लापरवाही पर भड़का जनआक्रोश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर की शिवधाम कॉलोनी में सोमवार देर रात हुए भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। हादसे के बाद मंगलवार सुबह कॉलोनीवासियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित नागरिकों ने शिवधाम कॉलोनी के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि यह हादसा अचानक नहीं, बल्कि नगर परिषद की आठ वर्षों से चली आ रही लापरवाही का नतीजा है WATCH VIDEO सोमवार रात करीब 10 बजे कॉलोनी के एक मकान में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों की पहचान रतन गुर्जर और देवीलाल गुर्जर के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए आलोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों युवक पानीपुरी का ठेला लगाकर जीवन यापन करते हैं। ड्रेनेज जाम से बनी बायोगैस, चिंगारी से हुआ धमाका कॉलोनीवासियों का कहना है कि शिवधाम कॉलोनी की ड्रेनेज पाइपलाइन पिछले करीब आठ वर्षों से पूरी तरह जाम है। कई बार नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों के अनुसार जाम पड़ी ड्रेनेज लाइन में गंदगी जमा होने से बायोगैस बनती रही, जो बाथरूम के रास्ते मकान के भीतर भर गई। जैसे ही बिजली का स्विच चालू किया गया, चिंगारी से गैस ने आग पकड़ ली और तेज धमाका हो गया। घायल युवक का बयान घायल रतन गुर्जर ने बताया कि गैस की नली पहले से कटी हुई थी, ऐसे में एलपीजी लीकेज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। आग लगने का अंदाजा लगाने से पहले ही जोरदार धमाका हो गया। उसने भाई की जान बचाने के लिए उसे बाहर धक्का दिया और खुद भी किसी तरह बाहर निकल पाया। धरने पर उठे प्रशासन से तीखे सवाल मंगलवार सुबह धरने पर बैठे कॉलोनीवासियों ने सवाल उठाया कि जब आठ वर्षों से लगातार शिकायतें की जा रही थीं, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या किसी बड़ी जनहानि के बाद ही प्रशासन जागता है? लोगों का आरोप है कि अधिकारी केवल निरीक्षण कर औपचारिकता निभाते रहे, जबकि समस्या जस की तस बनी रही। स्थायी समाधान और कार्रवाई की मांग प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि अब वे केवल आश्वासन नहीं चाहते। उनकी मांग है कि ड्रेनेज पाइपलाइन की स्थायी मरम्मत की जाए, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। नगर परिषद का पक्ष घटना की सूचना मिलने पर नगर परिषद के सीएमओ सीताराम चौहान मौके पर पहुंचे और जांच की बात कही। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और सिवरेज लाइन सुधार का कार्य समय-समय पर किया जाता रहा है। हालांकि धरनारत नागरिकों का कहना है कि जब खतरे की चेतावनी वर्षों पहले दी जा चुकी थी, तो जांच अब क्यों? शिवधाम कॉलोनी की यह घटना अब सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि जनसुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुकी है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन धरना समाप्त कराने के लिए केवल आश्वासन देता है या फिर वास्तव में ठोस और स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाता है।

Ratlam News: आलोट में ट्रैक्टर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा, देसी कट्टा व मोबाइल जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आलोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरवलिया सोलंकी में बीती रात ट्रैक्टर चोरी के एक बड़े प्रयास को ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने एक आरोपी को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। WATCH VIDEO प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी पूर सिंह पिता बालू सिंह सोलंकी का ट्रैक्टर (क्रमांक MP 43 Z 7093) रात में घर के बाहर खड़ा था। देर रात करीब 1 बजे छह अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर को करीब 500 मीटर तक धक्का देकर ले गए और बाद में उसे स्टार्ट कर फरार होने लगे। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। ट्रैक्टर ले जाते समय ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने पीछा किया। करीब दो किलोमीटर दूर आनंदगढ़ क्षेत्र में दानू सिंह के घर के बाहर रोड पर ट्रैक्टर रोके जाने के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की, जिससे दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद तीन आरोपी भाग निकले, जबकि एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम ईश्वर सिंह पिता गंगाराम सोंधिया राजपूत निवासी लाकाखेड़ी, उमट थाना गंगाधर (राजस्थान) बताया। सूचना मिलते ही ताल और आलोट पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर प्रमोद राठौड़ ने बताया कि आरोपी को ग्रामीणों ने ट्रैक्टर सहित पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। घटना के दौरान आरोपी ट्रैक्टर के नीचे आने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह ग्रामीण थाने पहुंचे, जहां प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Ratlam News: आलोट में CM मोहन मोहन यादव का दौरा: 6 जून को बदले रहेंगे यातायात के रास्ते, नो व्हीकल जोन और पार्किंग प्लान घोषित

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आगामी 6 जून 2025 को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आलोट, जिला रतलाम के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री यहां सीएम राइज स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय के उद्घाटन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के मद्देनज़र यातायात पुलिस रतलाम द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। शहर में कुछ मार्गों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है, वहीं अलग-अलग वर्गों के वाहनों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। नो व्हीकल जोन की व्यवस्था: मुख्यमंत्री के काफिले के मार्गों पर सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित क्षेत्रों में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा: यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन मार्गों के बजाय विकल्पित मार्गों का प्रयोग करें। पार्किंग की विशेष व्यवस्था: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले वीआईपी वाहनों और आम जनता के वाहनों के लिए निम्नानुसार पार्किंग की व्यवस्था की गई है: यातायात पुलिस की अपील: यातायात विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कोई भी वाहन निर्धारित रूट पर प्रवेश न करे और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन क्रेन से टो किए जा सकते हैं।

Ratlam News: हत्या की गुत्थी सुलझी: कुएं में मिली महिला की लाश का हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चाँदी के आभूषण बरामद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कुएं में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की थी। मृतिका की पहचान राजुबाई पति स्व. रामलाल मालवीय, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम रणायरा पीरखेडा थाना झारड़ा जिला उज्जैन के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मृतिका की हत्या उसके परिचितों ने ही की थी। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाका एवं एसडीओपी आलोट श्री साबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा संदेही शंकरलाल मालवीय और उसके भांजे ईश्वर मालवीय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने राजुबाई की हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि मृतिका द्वारा उधार दिए गए पैसों की मांग और पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर उन्होंने पहले गला दबाकर और फिर कुएं में धकेलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतिका के सोने-चाँदी के आभूषण और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर मृतिका के आभूषण, चप्पल, और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी – जब्त माल –– मृतिका के चाँदी के दो पायलों (वजन लगभग 400 ग्राम), चाँदी की चेन, नाक की बाली, सोने के टॉप्स व बालियाँ, चाँदी की अंगूठी और चप्पल, कुल अनुमानित कीमत ₹73,700। विशेष भूमिका –निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक रविंद्र मालवीय, उप निरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, आरक्षक शुभम सिंह, राहुल, प्रीतम, विश्वेन्द्र, मनोज। सराहनीय योगदान –प्र.आर. देवराज सिंह चौधरी, आर. देवेंद्र, आर. सोहन, आर. मनीष, आर. शांतिलाल, आर. कुलदीप सिंह, आर. विक्रम, आर. मनोज, आर. पवन, आर. हरीशंकर। पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं टीम के समन्वय से यह जघन्य हत्या का मामला सुलझा, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

Ratlam News: रतलाम के ताल में लोकायुक्त ने पटवारी संघ के अध्यक्ष को रिश्वत लेते पकड़ा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के ताल नगर में लोकायुक्त पुलिस उज्जैन के दल ने ताल तहसील पटवारी संघ के अध्यक्ष व पटवारी आरोपित प्रभु कुमार गरवाल को एक व्यक्ति से सीमांकन का पंचनामा देने के लिए चार हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से रुपये जब्त कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।