Ratlam News: रतलाम के आलोट से गायब युवक की हत्या: 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला शव, पुरानी दुश्मनी आई सामने

रतलाम के आलोट से लापता 22 वर्षीय युवक मनीष माली का शव 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला। परिजनों ने अपहरण और हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट से लापता युवक का मामला अब हत्याकांड में बदल गया है। 22 वर्षीय मनीष माली का शव 19 घंटे बाद उज्जैन में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पहले ही अपहरण की आशंका जताई थी, जो अब हत्या में बदलती दिख रही है।

वीडियो देखे

क्या है पूरा मामला?

रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र के विक्रमगढ़ निवासी 22 वर्षीय मनीष माली शुक्रवार रात अचानक लापता हो गया था। मनीष अपने पिता के साथ हम्माली का काम करता था। शुक्रवार शाम दोनों साथ घर लौटे, लेकिन रात करीब 10:30 बजे मनीष बाजार जाने का कहकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा।

रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह परिजन आलोट थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

19 घंटे बाद उज्जैन में मिला शव

शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि युवक का शव उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में मिला है। शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों का गुस्सा, थाने का घेराव

शव मिलने की खबर के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। लोगों ने संदिग्ध आरोपियों को बाहर निकालने की मांग की और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए।

स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को थाने का चैनल गेट बंद करना पड़ा। कुछ लोगों ने गेट तोड़ने की कोशिश भी की।

पुराना विवाद बना हत्या की वजह?

मृतक के पिता के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले मनीष का विक्रमगढ़ में रहने वाले मयंक नामक युवक से विवाद हुआ था। मयंक मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला है।

परिजनों का आरोप है कि मयंक और उसके साथियों ने मनीष को जबरदस्ती सफेद कार में बैठाकर अगवा किया और उसकी हत्या कर दी।

पुलिस जांच और हिरासत में संदिग्ध

पुलिस ने परिजनों द्वारा बताए गए नामों के आधार पर मयंक समेत कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।

जानकारी के मुताबिक, कुछ संदिग्धों ने अपने मोबाइल फोन रिसेट कर दिए हैं, जिससे जांच और जटिल हो गई है। पुलिस की एक टीम उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र में भी जांच कर रही है।