Ratlam News: 24 घंटे में दो बार एक ही घर में चोरी, रतलाम में बेलगाम हुए चोर?

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े एक ही मकान को दो बार निशाना बना रहे हैं। कस्तूरबा नगर की गली नंबर 6 में स्थित अनाज व्यापारी मनीष सोमानी के मकान में लगातार दो दिनों तक चोरी की वारदात हुई। पहले दिन जहां नकदी और ज्वेलरी चोरी हुई, वहीं अगले ही दिन स्कूटी भी चोरी हो गई। पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मनीष सोमानी ने मंगलवार को स्टेशन रोड थाने में शिकायत दी थी कि उनके मकान से 1.70 लाख रुपये नकद और लगभग 1.35 लाख रुपये कीमत की तीन सोने की अंगूठियां चोरी हो गईं। कुल मिलाकर 3.05 लाख रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस ने इस पर केवल आवेदन लिया, एफआईआर दर्ज नहीं की। घटना के बाद मनीष ने नए ताले लगवाए और शाम को अपने पिता के साथ गांव नायन चले गए। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने फिर से सूचना दी कि मकान का नकूचा फिर से कटा हुआ है और ताले नदारद हैं। मनीष जब लौटे तो उन्होंने पाया कि इस बार चोर पोर्च में रखी एक्सेस स्कूटी भी ले गए हैं। बाइक की चाबी मनीष अपने साथ ले गए थे, लेकिन स्कूटी की चाबी घर में ही थी। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध एमबी नगर में एक और मकान का ताला तोड़ते हुए नजर आए हैं, लेकिन पुलिस अब तक उनकी पहचान नहीं कर सकी है। शहर में लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पहला मामला है जब एक ही मकान को चोरों ने 24 घंटे में दो बार निशाना बनाया हो। इससे पहले भी कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। 18 अप्रैल को अंबेडकर सर्कल के सामने स्थित एक कॉम्प्लेक्स में मोबाइल शॉप और अन्य दुकानों में चोरी हुई थी, जिसमें एक लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई थी। वहीं 19 मार्च को कोर्ट के सामने रहने वाले इशान उपाध्याय के दो मंजिला मकान से सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी चोरी हो चुकी है। इन मामलों में भी पुलिस आज तक खाली हाथ है। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया का कहना है कि पुलिस टीम चोरों की तलाश में लगी है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पुरानी चोरियों को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। रतलाम में बढ़ती चोरियों ने आमजन की नींद उड़ा दी है। सवाल यह है कि आखिर कब जागेगी पुलिस?

Heat Waves Alert: रतलाम, मंदसौर और निमच में अगले दो दिन हीटवेव की चेतावनी, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Heat Waves Alert: मध्यप्रदेश में गर्मी ने दस्तक दे दी है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 39 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। 29 अप्रैल 2025 को शाम 5:30 बजे तक गुना में सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया है। राज्य के ग्वालियर, गुना, रतलाम, उज्जैन, सागर और टीकमगढ़ जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जबकि शेष जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। तापमान पूर्वानुमान:भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य सीमा में रहने की संभावना है, लेकिन यह 39 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हीटवेव चेतावनी:आगामी दो दिनों में रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों में लू चलने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। सावधानियां व सुझाव:

Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब चुनाव 2025: मुकेशपुरी गोस्वामी फिर बने अध्यक्ष, यश शर्मा निर्विरोध सचिव चुने गए

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित चुनाव रविवार को सम्पन्न हुए, जिसमें मुकेशपुरी गोस्वामी ने एक बार फिर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। सचिव पद पर यश शर्मा बंटी को निर्विरोध चुना गया। साथ ही कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सहसचिव और 11 कार्यकारिणी सदस्य भी चुने गए। चुनाव की प्रक्रिया पावर हाउस रोड स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित हुई। जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष राजीब ऊबी ने निर्वाचन अधिकारी की भूमिका निभाई। निर्वाचन से पूर्व आयोजित साधारण सभा में आय-व्यय पत्रक और अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सभा में वरिष्ठ पत्रकारों ने यश शर्मा के सचिव पद के लिए नाम का समर्थन किया, जो सर्वानुमति से स्वीकृत हुआ। चुनाव प्रक्रिया रही आकर्षण का केंद्र नामांकन से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया पूरे उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। दोपहर 12 बजे नामांकन व आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम तक चली। इस दौरान गीत-संगीत और शेरो-शायरी के साथ माहौल खुशनुमा बना रहा। मतदान शाम 4 बजे से 5:45 बजे तक चला, जिसके बाद मतपेटी सील कर दी गई। शाम 6:30 बजे मतगणना की गई। कार्यकारिणी में ये 11 सदस्य चुने गए 17 प्रत्याशियों में से निम्न 11 सदस्य सर्वाधिक मत प्राप्त कर कार्यकारिणी में शामिल हुए: अन्य पदों पर विजेता उम्मीदवार अध्यक्ष पद पर हुआ चतुष्कोणीय मुकाबला मुकेशपुरी गोस्वामी ने सुरेंद्र जैन, विजय मीणा और राजेंद्र केलवा को कड़े मुकाबले में हराकर 53 मतों के साथ अध्यक्ष पद पर पुन: कब्जा जमाया। विजेताओं का हुआ भव्य स्वागत, निकाली गई रैली चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद विजेताओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। पत्रकारों ने विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और दोपहिया वाहनों की रैली निकालकर कालिका माता मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

Ratlam News: रॉयल कॉलेज, रतलाम द्वारा आयोजित मेगा रोजगार मेला ऐतिहासिक रहा, 500 विद्यार्थियों को मिला रोजगार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, रतलाम द्वारा सालाखेड़ी स्थित परिसर में आयोजित मेगा रोजगार मेला 2025 ऐतिहासिक रहा। इस अवसर पर देशभर की 90 से अधिक औद्योगिक और व्यावसायिक कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न पदों के लिए लगभग 500 विद्यार्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मेले का उद्घाटन मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने रॉयल कॉलेज के इस प्रयास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित किया तथा एमएसएमई और स्टार्टअप इंडिया योजनाओं के लाभों की जानकारी दी। चेतन्य काश्यप ने रॉयल कॉलेज में स्टार्टअप के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने का सुझाव भी दिया, जिससे नवाचार और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमेन प्रमोद गुगालिया सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, समाजसेवी सुशील अजमेरा और उद्योगपति जयंत वोहरा भी शामिल हुए। प्रदीप उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि रतलाम जिले में 8 लेन पर 1500 हेक्टेयर क्षेत्र में निवेश क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में लाखों रोजगार अवसर उपलब्ध होंगे। समारोह की अध्यक्षता कर रहे प्रमोद गुगालिया ने कहा कि बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी चुनौती है और रोजगार मेले जैसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को तत्काल नौकरी के अवसर मिलते हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से जिले में बड़े उद्योग की स्थापना के लिए आग्रह किया ताकि युवाओं को बाहर पलायन न करना पड़े। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रविंद्र कौर अरोरा ने किया और आभार डॉ. उबेद अफज़ल ने व्यक्त किया। मेगा रोजगार मेले में इप्का लेबोरेटरीज, रिलायंस जियो, भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस, एयू बैंक, यूजीएस पावर वडोदरा, आईआईएफएल फाइनेंस, गेलड़ा वायर प्रा.लि., एलआईसी, श्री साईं इंटरनेशनल स्कूल, ज्ञानगंगा स्कूल सहित कई नामी कंपनियों ने भाग लिया। इस सफल आयोजन में टीपीओ प्रमुख डॉ. दिनेश राजपुरोहित, प्राचार्य डॉ. प्रवीण मंत्री, फार्मेसी प्राचार्य डॉ. मनीष सोनी, नर्सिंग प्राचार्य प्रो. जगदीश डूके और अन्य विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस मेगा रोजगार मेले ने रतलाम जिले में रोजगार सृजन की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

Ratlam News: हनुमान ताल का होगा सौन्दर्यीकरण और जीर्णोद्धार, 4.82 करोड़ की लागत से होगा कार्य

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam  News: रतलाम नगर के प्राचीन जल स्त्रोत हनुमान ताल का अब सौन्दर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्य अमृत 2.0 योजना के तहत शुरू हो गया है। शुक्रवार को आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की। इस कार्य पर लगभग 4.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चेतन्य काश्यप ने इस अवसर पर कहा कि हनुमान ताल रतलाम की अमूल्य धरोहर है। हमने रतलाम के बदलाव की दिशा तय कर ली है और अब विकास को महानगर की तर्ज पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को नगर के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि हनुमान ताल आसपास के क्षेत्र की जीवन रेखा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत तालाब में बोल्डर पिचिंग, टो-वॉल, रेलिंग, पाथवे, इको-फ्रेंडली डी-सिल्टिंग, सीवेज के जल रोकथाम और जल निकासी स्थानों के सुधार का कार्य किया जाएगा। साथ ही बंजली बायपास स्थित विसर्जन तालाब का भी विकास किया जाएगा, जिसमें पौधारोपण भी शामिल है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि रतलाम का विकास तेजी से हो रहा है और हनुमान ताल को एक रमणीक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, राजेन्द्र पाटीदार, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, विनोद यादव, आदित्य डागा, क्षेत्रीय पार्षद निशा सोमानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में भी हनुमान ताल में जल उपलब्धता बनी रहना इसके संरक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। सौन्दर्यीकरण व जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थान रतलाम के प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्थलों में से एक बन जाएगा। कार्यक्रम का संचालन मयूर पुरोहित ने किया और आभार निशा सोमानी ने माना।

Ratlam News: रतलाम हादसा: एक साथ उठीं 8 अर्थियां, कुएं में वैन गिरने से 12 की मौत; गांवों में मातम का माहौल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। आंतरी माता के दर्शन के लिए जा रही एक ईको वैन बाइक से टकराने के बाद बेकाबू होकर कुएं में गिर गई। हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में आठ रतलाम जिले के, दो उज्जैन और दो मंदसौर जिले के निवासी थे। सोमवार सुबह रतलाम जिले के खोजनखेड़ा गांव से छह अर्थियां एक साथ उठीं। वहीं पिपलिया और सुरजना गांव से एक-एक शवयात्रा निकली। उज्जैन और मंदसौर में भी दो-दो लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। अर्थियां उठते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और हर आंख नम हो उठी। कैसे हुआ हादसा हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावद फंटे के पास हुआ। वैन उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। रास्ते में सामने से आ रही एक बाइक से वैन की भिड़ंत हो गई, जिससे वैन अनियंत्रित होकर 80 फीट गहरे कुएं में गिर गई। वैन में सवार 14 में से 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक बाइक सवार और एक स्थानीय युवक, जो बचाव के लिए कुएं में उतरे थे, उनकी भी जान चली गई। बचाव कार्य में जान गंवाने वाला हीरो दोरवाड़ी गांव के मनोहर सिंह ने बचाव कार्य के दौरान चार लोगों की जान बचाई, लेकिन जहरीली गैस के कारण वे खुद भी जान गंवा बैठे। मनोहर सिंह की कुर्बानी ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासन की मौजूदगी हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने रेस्क्यू शुरू किया। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, कलेक्टर अदिति गर्ग और एसपी अभिषेक आनंद सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। क्रेन की मदद से वैन को कुएं से बाहर निकाला गया। कुएं का पानी मोटर से निकाला गया ताकि अंदर फंसे शवों को बाहर लाया जा सके। मुआवजा और सरकारी सहायता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को 1-1 लाख रुपए और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। घायल बच्चे की आपबीती हादसे में घायल देवेंद्र गहलोत ने बताया, “हम हराखेड़ी, उज्जैन से आंतरी माता के दर्शन के लिए निकले थे। अचानक सामने से बाइक आ गई और वैन कुएं में गिर गई। बाद में ग्रामीणों ने हमें बचाया और हॉस्पिटल पहुंचाया।”

Ratlam News: रतलाम में बंगाली कारीगरों की पुलिस जांच तेज, पहलगाम हमले के बाद बढ़ा सतर्कता स्तर

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद रतलाम पुलिस सतर्क हो गई है। शहर में रह रहे बंगाली कारीगरों का सत्यापन अभियान रविवार दोपहर से शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार रतलाम में दो से ढाई हजार के बीच बंगाली कारीगर निवास करते हैं, जो मुख्यतः सराफा बाजार में आभूषण निर्माण का कार्य करते हैं। इनमें से कई लोग वर्षों से परिवार समेत यहां रह रहे हैं। अधिकांश कारीगर माणक चौक थाना क्षेत्र में रहते हैं। सत्यापन कार्य एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव और एसआई शिवनाथ राठौर की उपस्थिति में शुरू किया गया। पुलिस टीम ने कारीगरों के आधार कार्ड की जांच ‘माय आधार’ एप के माध्यम से की। कारीगरों से उनका नाम, पता, मकान मालिक की जानकारी, परिवार के सदस्यों की संख्या और रतलाम में निवास की अवधि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाकर रजिस्टर में दर्ज की गईं। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि रतलाम में बाहर से आकर रह रहे लोगों का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है। सभी व्यक्तियों के वोटर आईडी और आधार कार्ड से ऑनलाइन मिलान किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान समय-समय पर चलते रहेंगे।

Ratlam News: गुर्जर समाज युवा इकाई ने दी कश्मीर के शहीदों को श्रद्धांजलि, आतंकवाद का पुतला घसीटकर किया दहन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में धर्म के नाम पर शहीद हुए हिंदुस्तानियों की आत्मा की शांति के लिए गुर्जर समाज युवा इकाई द्वारा हरमाला रोड चौराहे पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आतंकवाद के प्रतीकात्मक पुतले को चार चक्की चौराहे से घसीटते हुए हरमाला रोड चौराहे तक ले जाया गया और बाद में उसे जूते-लातों से मारकर आग के हवाले कर दिया गया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए गुर्जर समाज युवा इकाई के अध्यक्ष मुरलीधर गुर्जर ने कहा कि कश्मीर में हुए दर्दनाक घटनाक्रम से पूरा देश शोकाकुल है। उन्होंने शहीदों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सभी से भारतीय सेना के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। सभा के दौरान भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से वातावरण गूंज उठा। पुतला दहन से पूर्व मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुरलीधर गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, लोकेंद्र सिंह चावड़ा, पुष्पेंद्र गुर्जर, माधव गुर्जर, सुरेश गुर्जर, राजकुमार धभाई, वासुदेव पाटीदार, नाहरू मंसूरी, भगवती पांचाल, नरेंद्र सिंह गुर्जर, सतीश लोहार, दीपक माली, मांगीलाल माली, संतोष खराड़ी, नितिन योगी समेत बड़ी संख्या में युवा सदस्य एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने आतंकवाद के खिलाफ अपना गुस्सा और देशभक्ति का जज्बा जोरदार तरीके से प्रदर्शित किया।

Ratlam News: राॅयल कॉलेज में 27 अप्रैल को मेगा रोजगार मेला, कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप करेंगे शुभारंभ

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: राॅयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, सालाखेड़ी द्वारा 27 अप्रैल, रविवार को सुबह 9:30 बजे से मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री चेतन्य कश्यप जी के करकमलों से होगा। मेगा रोजगार मेले में मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान सहित अन्य राज्यों के 90 से अधिक औद्योगिक व व्यावसायिक संस्थान भाग लेंगे। ये संस्थान विभिन्न पदों के लिए प्रत्यक्ष साक्षात्कार के माध्यम से उम्मीदवारों का सीधा चयन करेंगे। 10वीं, 12वीं, स्नातक व स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। राॅयल कॉलेज के प्रशासक प्रो. प्रफुल्ल उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पहली बार जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इस अवसर में शामिल किया गया है। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, समाजसेवी श्री सुशील अजमेरा, पूर्व महापौर श्री शैलेन्द्र डागा और उद्योगपति श्री जयंत वोहरा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राॅयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन श्री प्रमोद गुगालिया जी करेंगे। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अभ्यर्थियों को QR कोड उपलब्ध कराया गया है। उल्लेखनीय है कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। मेगा रोजगार मेले के प्रभारी प्रो. दिनेश राजपुरोहित व संयोजक डॉ. रविंद्रकौर अरोरा हैं। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए राॅयल महाविद्यालय के 50 से अधिक प्राध्यापक नियुक्त किए गए हैं, जिनमें डॉ. प्रवीण मंत्री, डॉ. मनीष सोनी, प्रो. जगदीश डूके, डॉ. अमित शर्मा, प्रो. दीपिका कुमावत, प्रो. कपिल केरोल, डॉ. आनंद त्रिवेदी, प्रो. समीक्षा मेहरा, प्रो. गजराज सिंह राठौर, प्रो. अल्का उपाध्याय, प्रो. अपूर्वा जोशी, प्रो. स्नेहा चौरसिया, कशिश पोरवाल, गरिमा मिश्रा, आंचल नागर आदि प्रमुख हैं। इस मेगा रोजगार मेले से जिले के हजारों युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर मिलने की उम्मीद है।

Ratlam News: स्टिक आर्मी ने रतलाम हॉकी लीग प्रतियोगिता का फाइनल जीता, स्वाति खोईवाल और मोहित श्रीवास्तव बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम हॉकी लीग प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्टिक आर्मी और जिला हॉकी एसोसिएशन के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टिक आर्मी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में महिला सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार स्वाति खोईवाल और पुरुष सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मोहित श्रीवास्तव को प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य और मुकेश जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रतलाम जिला खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनुज शर्मा, जिला खेल अधिकारी रुचिका शर्मा और राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी डी. पी. मालवीय विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के प्रायोजक और खेल चेतना मेला के सचिव मुकेश जैन रहे। आयोजन का सफल संचालन मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला रतलाम हॉकी संगठन द्वारा किया गया। पुरस्कार वितरण से पूर्व पहलगाम में दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। स्वागत भाषण जिला हॉकी एसोसिएशन अध्यक्ष गोपाल मजावदिया ने दिया। जिला खेल अधिकारी रुचिका शर्मा ने खिलाड़ियों को खेल विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष मुकेश जैन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों में सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि प्रदीप उपाध्याय ने अपने संबोधन में रतलाम में शीघ्र ही हॉकी के एस्ट्रोटर्फ मैदान के निर्माण का आश्वासन दिया, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम का संचालन सचिव कपिल छपरी ने किया।