Ratlam News: रतलाम सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बवाल: परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, चेतक ब्रिज पर किया चक्काजाम

रतलाम में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चेतक ब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच करेगी। न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के महू-नीमच रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सोमवार को बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। बाइक दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चेतक ब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक अपने दोस्तों के साथ गया था, ऐसे में उसका अकेले एक्सीडेंट होना कई सवाल खड़े करता है। वीडियो देखे आमने-सामने बाइक टकराने से हुआ था हादसा जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे महू-नीमच रोड स्थित पहलवान बाबा की दरगाह के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गई थीं। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घायलों में करण पिता कैलाश गुजराती (31) निवासी आमलिया भेरु मंदिर के पास, काटजू नगर की सोमवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। चेतक ब्रिज पर चक्काजाम, गिरफ्तारी की मांग पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर गुस्साए परिजन सैलाना बस स्टैंड स्थित चेतक ब्रिज पर सड़क पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। परिजन कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि पुलिस ने दूसरी ओर से यातायात को सुचारू बनाए रखा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। भाई ने उठाए सवाल, कहा- तीन लोग साथ गए थे तो अकेले का एक्सीडेंट कैसे? मृतक के छोटे भाई सुनील गुजराती ने बताया कि रविवार शाम करण को उसके दोस्त अशोक, प्रेम, हनीश और किशन अपने साथ बुलाकर ले गए थे। रात करीब 10:30 बजे अशोक डांगी का फोन आया और उसने दुर्घटना की जानकारी दी। सुनील का कहना है कि जब उनका भाई दोस्तों के साथ गया था तो फिर अकेले उसका एक्सीडेंट कैसे हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के साथ करण गया था, उन्हीं लोगों ने उसके साथ कुछ गलत किया है। इसी संदेह के आधार पर परिवार हत्या की जांच की मांग कर रहा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल करण गुजराती कबाड़े का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार न्याय की मांग कर रहा है। पुलिस बोली- हर एंगल से होगी जांच औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि फिलहाल सड़क दुर्घटना के मामले में मर्ग कायम किया गया है। परिजनों द्वारा जताई गई शंकाओं की भी गंभीरता से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से भी लिखित शिकायत देने को कहा गया है।

Ratlam News: रतलाम केदारेश्वर घाट पर तेल ट्रक में भीषण आग, 1500 डिब्बे जलकर खाक

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सैलाना-सरवन मार्ग स्थित कल्याण केदारेश्वर घाट पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। अहमदाबाद से रतलाम आ रहा खाने के तेल से भरा ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे ट्रक में रखे करीब 1,500 तेल के डिब्बे जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना का वीडियो देखिए शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक रशीद पिता कल्लुखा (निवासी टैंकर रोड, रतलाम) अहमदाबाद से खाने का तेल लेकर रतलाम स्थित कृष्णा ट्रेडिंग के लिए रवाना हुआ था। देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच केदारेश्वर घाट पर अचानक ट्रक में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में डीजल टैंक तक पहुंच गई। इसके बाद आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड ने पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही सैलाना और रतलाम से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब एक से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से सरवन मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, ताकि अन्य वाहन किसी दुर्घटना का शिकार न हों। जनप्रतिनिधि और पुलिस मौके पर घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित परिषद के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस बल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आग बुझने के बाद मार्ग को फिर से सुचारू कर दिया। बड़ा नुकसान, जनहानि टली इस भीषण आग में ट्रक सहित करीब 1,500 तेल के डिब्बे जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Ratlam News: धार के बदनावर में सड़क हादसा: रतलाम के हिस्ट्रीशीटर की मौत, मोड़ पर बाइक पेड़ से टकराई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: धार जिले के बदनावर तहसील अंतर्गत कोद-बिड़वाल मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रतलाम के पीपल चौक निवासी 21 वर्षीय हर्ष उर्फ कटोरा पुत्र संतोष पंवार की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव इंदौर के देपालपुर ले गए। मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, पेड़ से टकराई बाइक जानकारी के अनुसार हर्ष अपनी नानी के यहां बिड़वाल में रह रहा था। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात वह बाइक से कोद-बिड़वाल मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर उसकी बाइक अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह राहगीरों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना रविवार सुबह मार्ग से गुजर रहे लोगों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक देखी। पास की झाड़ियों में हर्ष को मृत अवस्था में पड़ा देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। गंभीर चोटों के कारण हुई मौत पुलिस के मुताबिक हर्ष के जबड़े सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ना बताया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। कई मामलों में दर्ज था हिस्ट्रीशीटर बताया गया है कि हर्ष रतलाम के थाना स्टेशन रोड क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के 2, अवैध वसूली के 4, एट्रोसिटी एक्ट का 1 और आम लोगों से मारपीट के 9 से अधिक प्रकरण दर्ज थे।

Ratlam News: रतलाम फोरलेन हादसा: ट्रक से टकराई स्कूटी, युवक की मौके पर मौत

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: इंदौर-रतलाम फोरलेन पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय ई-स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे लापरवाहीपूर्वक खड़े ट्रक से पीछे से टकराने के कारण यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। प्राथमिक जांच में ट्रक चालक की गंभीर लापरवाही सामने आई है। WATCH VIDEO हादसा गुरुवार सुबह करीब 7:40 बजे धराड़ पुल के आगे, पुलिस चौकी से पहले हुआ। मृतक की पहचान हर्ष उर्फ बब्बू (20) पुत्र चैनसिंह गुर्जर, निवासी डोंगरेधाम कॉलोनी, रतलाम के रूप में हुई है। हर्ष रोजाना की तरह अपनी ई-बाइक स्कूटी (MP 43 ZL 0536) से बिलपांक स्थित दूध की दुकान जा रहा था। धराड़ के आगे फोरलेन की ले-बाय लाइन से सटकर ट्रक (MP 04 GA 6587) खड़ा था। कोहरे के कारण सड़क पर विजिबिलिटी कम थी। इसी दौरान हर्ष की स्कूटी ट्रक के पिछले हिस्से के कोने से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, बावजूद इसके सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टेंट का सामान लदा था ट्रक, नहीं लगे थे चेतावनी संकेत जानकारी के अनुसार ट्रक में टेंट का सामान भरा हुआ था, जिसमें बड़े डोम के एंगल बाहर की ओर निकले हुए थे। सुरक्षा मानकों के अनुसार ट्रक पर रेडियम रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगे थे, जिससे दूर से खड़े वाहन की पहचान हो सके। चालू फोरलेन के किनारे इस तरह भारी वाहन खड़ा करना भी नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है। पुलिस कार्रवाई सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को एम्बुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने बड़े भाई राहुल के साथ दूध व्यवसाय करता था। थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश जारी है और मामले में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।

Ratlam News: घना कोहरा बना हादसे की वजह, धामनोद साई मंदिर के सामने ट्रक–कार की आमने-सामने टक्कर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण धामनोद में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। साई मंदिर के सामने स्थित चौपाटी के पास एक फोर व्हीलर कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। WATCH VIDEO हादसे में कार सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल धामनोद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी कारण वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाया और यह दुर्घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और गति सीमित रखें।

Ratlam News: एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी से दहशत, कार का शीशा टूटा; बड़ा हादसा टला

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगरा रोड पर पशु आहार खली की दुकान संचालित करने वाले सरफराज खान के साथ एक्सप्रेस-वे पर एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। सरफराज खान ने बताया कि वे परिवार के एक सदस्य का इलाज करवाने बड़ौदा गए थे और लौटते समय रात करीब 9.30 बजे थांदला क्रॉस करने के बाद रावटी आने से पहले अचानक उनकी कार के आगे वाले शीशे पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंका गया। WATCH VIDEO पत्थर लगते ही कार का अगला कांच चकनाचूर हो गया, जिसके टुकड़े सरफराज खान के चेहरे तक जा पहुंचे। गनीमत रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। सरफराज ने बताया कि यदि पत्थर लगने से वाहन का संतुलन बिगड़ जाता, तो एक बड़ा सड़क हादसा हो सकता था। घटना के बाद सरफराज खान ने टोल प्लाजा पर इसकी जानकारी दी तथा पुलिस को भी मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर इस तरह की पत्थरबाजी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि एक्सप्रेस-वे पर गश्त बढ़ाई जाए और पत्थरबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Ratlam News: बहन की दवाई लेने निकले दो सगे भाइयों को पिकअप ने रौंदा, 12 वर्षीय मासूम की मौत

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के हरथली–सागोद रिंग रोड पर गुरुवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम की जान चली गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों सगे भाई साइकिल से अपनी बहन के सिरदर्द की दवाई लेने जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे सागोद गांव की ओर जा रहे दो सगे भाई साइकिल पर सवार थे। साइकिल बड़ा भाई राजेश चला रहा था और पीछे 12 वर्षीय मनीष बैठा था। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 04 एलसी 4863) ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं 13 वर्षीय राजेश के दाएं हाथ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक मनीष अपने बड़े भाई के साथ बहन के लिए दवाई लेने सागोद के मेडिकल स्टोर जा रहा था। पहले मनीष अकेले जाने वाला था, लेकिन बाद में राजेश भी उसके साथ हो गया। दुर्भाग्यवश यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया था और इलाज के लिए अस्पताल भी लेकर गए, लेकिन बच्चे की मौत की खबर सुनते ही चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा। हादसे के समय मृतक के माता-पिता पारस और संगीता खेत पर काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही वे सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पारस ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं और मनीष सबसे छोटा बेटा था, जो सातवीं कक्षा में पढ़ता था।

Ratlam News: डायल 112 की तत्परता से बची जान: डेलनपुर चौकी के पास सड़क हादसे में घायल को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत डेलनपुर चौकी के पास एक अज्ञात कार द्वारा बाइक सवार को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद डायल 112 एफआरवी स्टाफ की तत्परता से घायल की जान बचाई जा सकी। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, रतलाम जिले की एफआरबी क्रमांक RTM-04 थाना औद्योगिक क्षेत्र की टीम अपने एक नोडल प्वाइंट से दूसरे नोडल प्वाइंट की ओर जा रही थी। इसी दौरान डेलनपुर चौकी के पास उन्होंने देखा कि एक अज्ञात कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी है। हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान हरिओम पाटीदार (उम्र 37 वर्ष), निवासी धामनोद के रूप में हुई। एफआरवी स्टाफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायल की हालत गंभीर थी और मौके पर मौजूद भीड़ एंबुलेंस का इंतजार कर रही थी, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण समय नष्ट हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 स्टाफ ने बिना देरी किए घायल को अपनी एफआरवी में बैठाकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, रतलाम पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचाने और त्वरित इलाज मिलने से घायल हरिओम पाटीदार की जान बचाई जा सकी। पुलिस की इस संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है। सराहनीय भूमिका: डायल 112 पुलिस स्टाफ का यह मानवीय और जिम्मेदार कदम एक बार फिर यह साबित करता है कि आपात स्थिति में त्वरित निर्णय और समय पर कार्रवाई कितनी अहम होती है।

Ratlam News: स्पीड ब्रेकर पर हादसा: दूध टैंकर धुंआ उठा तो मचा हड़कंप

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के ढोढर चौकी क्षेत्र में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। महू-नीमच फोरलेन पर दूध से भरा टैंकर सामने चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर के बाद टैंकर से धुआं उठने लगा, जिसे देखकर पास की परवलिया बांछड़ा बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। हाल ही में जावरा में हुए फैक्ट्री गैस रिसाव की घटना के कारण लोग पहले से डरे हुए थे। ऐसे में टैंकर से उठता धुआं देखकर उन्होंने इसे गैस या एसिड का रिसाव मान लिया और बस्ती खाली कर दी। WATCH VIDEO एक घंटे की मशक्कत से चालक को निकाला हादसे में टैंकर चालक, ब्यावरा निवासी 26 वर्षीय सूरज पुत्र रामस्वरूप सोनी केबिन में फंस गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। उसे पहले जावरा अस्पताल और बाद में हालत गंभीर होने पर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। स्पीड ब्रेकर पर धीमा हुआ ट्रक, टकराया टैंकर ढोढर चौकी प्रभारी एसआई रघुवीर जोशी ने बताया कि दूध से भरा टैंकर मंदसौर से मक्सी की ओर जा रहा था। परवलिया के पास पहुंचते ही आगे चल रहा ट्रक स्पीड ब्रेकर के कारण धीमा हुआ और पीछे से आ रहे टैंकर ने गति नियंत्रित नहीं कर पाई, जिससे भिड़ंत हो गई। ट्रक चालक मौके से फरार हादसे के बाद आगे चल रहा ट्रक चालक अपना वाहन लेकर मौके से चला गया। टैंकर रास्ते में आ जाने से फोरलेन की एक दिशा में कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में हटाकर सामान्य किया गया। जांच जारी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे का कारण गति नियंत्रण नहीं रहना और स्पीड ब्रेकर माना जा रहा है।

Ratlam News: रतलाम-इंदौर फोरलेन हादसा: स्पीड ब्रेकर पर स्लो ट्रक में घुसी वैन, एक की मौत

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सालाखेड़ी चौकी क्षेत्र के सनावदा फंटे के पास मारुति वैन एक तमिलनाडु पासिंग ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वैन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है जिसे रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। WATCH VIDEO हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ जब एमपी 04 सीएफ 7303 नंबर की मारुति वैन, अपने आगे चल रहे टीएन 68 जे 3796 नंबर के ट्रक में अचानक जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण ट्रक की रफ्तार धीमी हुई, उसी दौरान तेज गति में पीछे आ रही वैन सीधे ट्रक में घुस गई। सूचना मिलने पर सालाखेड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक रतलाम में मुर्गा-मुर्गी व्यापार के सिलसिले में ताल से आ रहे थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। चौकी प्रभारी एएसआई बबलू डागा के अनुसार, “हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक गंभीर रूप से घायल है। परिजनों के आने के बाद पहचान की पुष्टि की जाएगी।”