रतलाम में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चेतक ब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच करेगी।
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के महू-नीमच रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सोमवार को बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। बाइक दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चेतक ब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक अपने दोस्तों के साथ गया था, ऐसे में उसका अकेले एक्सीडेंट होना कई सवाल खड़े करता है।

वीडियो देखे
आमने-सामने बाइक टकराने से हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे महू-नीमच रोड स्थित पहलवान बाबा की दरगाह के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गई थीं। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
घायलों में करण पिता कैलाश गुजराती (31) निवासी आमलिया भेरु मंदिर के पास, काटजू नगर की सोमवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
चेतक ब्रिज पर चक्काजाम, गिरफ्तारी की मांग
पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर गुस्साए परिजन सैलाना बस स्टैंड स्थित चेतक ब्रिज पर सड़क पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। परिजन कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि पुलिस ने दूसरी ओर से यातायात को सुचारू बनाए रखा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
भाई ने उठाए सवाल, कहा- तीन लोग साथ गए थे तो अकेले का एक्सीडेंट कैसे?
मृतक के छोटे भाई सुनील गुजराती ने बताया कि रविवार शाम करण को उसके दोस्त अशोक, प्रेम, हनीश और किशन अपने साथ बुलाकर ले गए थे। रात करीब 10:30 बजे अशोक डांगी का फोन आया और उसने दुर्घटना की जानकारी दी।
सुनील का कहना है कि जब उनका भाई दोस्तों के साथ गया था तो फिर अकेले उसका एक्सीडेंट कैसे हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के साथ करण गया था, उन्हीं लोगों ने उसके साथ कुछ गलत किया है। इसी संदेह के आधार पर परिवार हत्या की जांच की मांग कर रहा है।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
करण गुजराती कबाड़े का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
पुलिस बोली- हर एंगल से होगी जांच
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि फिलहाल सड़क दुर्घटना के मामले में मर्ग कायम किया गया है। परिजनों द्वारा जताई गई शंकाओं की भी गंभीरता से जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से भी लिखित शिकायत देने को कहा गया है।