रतलाम के तुलसी वाटर पार्क में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस कार्रवाई के बाद बड़ा खुलासा। थाई युवतियों ने देह व्यापार स्वीकार किया, 4 आरोपियों पर केस दर्ज, मानव तस्करी एंगल से भी जांच शुरू।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस की दबिश के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान थाईलैंड की तीन युवतियों ने मोबाइल ट्रांसलेटर के जरिए पूछताछ में स्वीकार किया कि वे स्पा सेंटर की आड़ में रुपये लेकर देह व्यापार कर रही थीं। मामले में पुलिस ने चार लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें एक अभी फरार है।
वीडियो देखे
स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार
शुक्रवार शाम पुलिस ने तुलसी वाटर पार्क स्थित स्पा सेंटर पर छापा मारकर थाईलैंड निवासी तीन युवतियों को बरामद किया था। जांच में सामने आया कि युवतियां टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थीं, लेकिन स्पा सेंटर में काम कर रही थीं।
एफआईआर के अनुसार पूछताछ में युवतियों ने बताया कि स्पा सेंटर में आने वाले ग्राहकों से मनचाही रकम लेकर देह व्यापार किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में स्पा संचालक और प्रबंधन से जुड़े लोग उनकी मदद करते थे।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने नामली निवासी वाटर पार्क मैनेजर दिलीप सिंह ठाकुर, राजस्थान के पाली निवासी स्पा संचालक नरेश चौहान और जोधपुर निवासी मैनेजर भरत मेवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वाटर पार्क संचालक रतलाम निवासी योगेश सिंह डाबी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
चारों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, आप्रवास एवं विदेशियों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
कमरों से मिले कंडोम, मोबाइल जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के कमरों से उपयोग किए हुए और नए कंडोम के कई पैकेट मिले। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मानव तस्करी एंगल से भी होगी जांच
जांच में जयपुर कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि युवतियों को संगठित नेटवर्क के जरिए राजस्थान से रतलाम लाया गया था। इसी कारण अब मामले की जांच मानव तस्करी के एंगल से भी की जाएगी।
एसपी अमित कुमार ने कहा कि उन स्थानीय लोगों की तलाश की जाएगी जिन्होंने युवतियों को रतलाम तक पहुंचाने, ठहराने और सिम कार्ड उपलब्ध कराने में मदद की। मामले में थाईलैंड दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों को नोटिस, कई स्पा सेंटर बंद
कार्रवाई के बाद जिले में संचालित कई स्पा सेंटर शनिवार को बंद नजर आए। वहीं एसपी अमित कुमार ने नामली थाना प्रभारी रमेश कोली और संबंधित बीट इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।