BREAKING सांदीपनि विद्यालय में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता, दो दिन चला वार्षिकोत्सव

📖 1 min read

रतलाम के सांदीपनि विद्यालय विनोबा में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक और गीतों से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की झलक दिखाई।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। रतलाम के सांदीपनि विद्यालय विनोबा में दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय एकता को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर उतारा। नृत्य, नाटक, गीत और भाषाई प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के साथ देश की सांस्कृतिक विविधता को भी दर्शाया। कार्यक्रम में भरतनाट्यम, कथक, महात्मा गांधी की दांडी यात्रा, पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति और मुंशी प्रेमचंद की कहानियों पर आधारित प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहीं।

दो दिनों तक चले इस आयोजन में अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों की मौजूदगी रही।

पहले दिन हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

वार्षिकोत्सव के पहले दिन हायर सेकेंडरी वर्ग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयोजन की शुरुआत भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम और कथक से हुई। इसके बाद मुंशी प्रेमचंद की कहानियों पर आधारित नाटकों ने दर्शकों को सामाजिक संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा में कालिदास की प्रसिद्ध रचना ‘अभिज्ञान शाकुंतलम’ और अंग्रेजी भाषा में भी प्रस्तुतियां दीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी भाषाई समझ और मंचीय कौशल का प्रदर्शन किया।

पहले दिन के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय थे। उनके साथ पार्षद आशा राजीव रावत और जिला उपाध्यक्ष प्रह्लाद राठौड़ भी मौजूद रहे।

प्रदीप उपाध्याय ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्कूल का आईना होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और पूर्व छात्र संघ को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई।

इस दौरान शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजय मीणा, उपाध्यक्ष कमल पाटीदार और प्राचार्य संध्या वोरा मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भावना रावत और विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से किया। आभार उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर ने माना।

दूसरे दिन नन्हे विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम के दूसरे दिन सुबह के सत्र में प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मंच संभाला। नन्हे बच्चों ने साक्षरता और आध्यात्म पर आधारित नाटक, गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ‘वंदे मातरम’ पर उनकी नृत्य प्रस्तुति भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।

इस सत्र में रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, पार्षद धीरज कुंवर और वरिष्ठ पत्रकार अदिति मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मनोहर पोरवाल ने अपने संबोधन में सांदीपनि विद्यालय के नए भवन को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय के नए भवन में स्थानांतरित होने से पहले कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप द्वारा स्कूल भवन तक पहुंच मार्ग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

इस सत्र का संचालन राजेंद्र शर्मा ने किया, जबकि आभार अजय मरमट ने व्यक्त किया।

दांडी यात्रा और पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति ने खींचा ध्यान

दूसरे दिन दोपहर के सत्र में माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देश के इतिहास और सांस्कृतिक विविधता पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।

विद्यार्थियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ऐतिहासिक दांडी यात्रा को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विशेषताओं को भी मंच पर दर्शाया।

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की मूल भावना को सामने रखती इन प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने देश की विविधता और एकता का संदेश दिया।

इस सत्र के मुख्य अतिथि रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पूरी गोस्वामी रहे। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार राजेश जैन और पार्षद शक्ति सिंह राठौर शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन कविता वर्मा और हर्षिता सोलंकी ने किया। आभार हीना शाह ने माना।

टीम विनोबा के सहयोग से संपन्न हुआ आयोजन

दो दिवसीय वार्षिक उत्सव को सफल बनाने में विद्यालय की ‘टीम विनोबा’ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में मुख्य परामर्शदाता राजाराम सेकवाड़िया, सह परामर्शदाता ज्योति मंडलोई, आशीष सोलंकी और प्राध्यापक सीमा चौहान का विशेष योगदान रहा।

↑
0%