Ratlam News: रतलाम बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फरार, होमगार्ड से मारपीट; 6 पकड़े गए

Ratlam News: रतलाम के बिरियाखेड़ी बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी होमगार्ड से मारपीट कर फरार हुए। पुलिस ने 6 को नामली के पास पकड़ा, एक की तलाश जारी है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सात बाल अपचारी सुरक्षा में तैनात होमगार्ड सैनिक से मारपीट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रतलाम पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रातभर तलाश अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर सुराग जुटाते हुए पुलिस ने रविवार सुबह रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर नामली के पास छह बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया। एक बाल अपचारी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। घटना का वीडियो देखे घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और एसडीएम तरुण जैन ने बाल सुधार गृह पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। होमगार्ड से मारपीट के बाद खोला गेट का ताला प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत शर्मा चैनल गेट के पास चादर ओढ़कर सो रहे थे। इसी दौरान सातों बाल अपचारियों ने कथित तौर पर उन्हें घेर लिया। बताया गया कि एक बाल अपचारी ने डंडे से हमला किया। इसके बाद सभी ने मिलकर होमगार्ड सैनिक के साथ मारपीट की। हमले के बाद बाल अपचारियों ने बिस्तर के नीचे रखी मुख्य शटर की चाबी निकाली और चैनल गेट का ताला खोल दिया। गेट खुलने के बाद सभी मुख्य द्वार से बाहर निकलकर फरार हो गए। रात करीब 3 बजे पुलिस को मिली सूचना थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 3 बजे मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया और जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया। पुलिस ने संभावित रास्तों पर तलाश शुरू करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरों की मदद ली। इसी अभियान के दौरान छह बाल अपचारियों को नामली के पास पकड़ लिया गया। फरार एक बाल अपचारी की तलाश अभी जारी है। 15 से 17 साल की उम्र के हैं बाल अपचारी पुलिस के अनुसार फरार हुए सभी बाल अपचारी 15 से 17 वर्ष की आयु के हैं। इनके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, मादक पदार्थों की तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक: घायल होमगार्ड का मेडिकल कराया जा रहा मारपीट की घटना में होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत शर्मा घायल हुए हैं। उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार बाल अपचारी को सुरक्षित अभिरक्षा में लेने के लिए टीमें लगातार तलाश कर रही हैं। बाल सुधार गृह की सुरक्षा होगी और मजबूत घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि फरार बाल अपचारी की तलाश प्राथमिकता से की जा रही है और उसे सुरक्षित अभिरक्षा में लेने के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Ratlam News: रतलाम फायरिंग केस: सराफा व्यापारी के घर गोलीकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1 करोड़ की वसूली के लिए 40 लाख की सुपारी का खुलासा

रतलाम फायरिंग केस में बड़ा खुलासा। सराफा व्यापारी के घर फायरिंग करवाने के मास्टरमाइंड वीनू शर्मा और उसके साथी अजय यादव गिरफ्तार। पुलिस जांच में 1 करोड़ की वसूली और 40 लाख की सुपारी का मामला सामने आया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के चर्चित रतलाम फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 21 दिन पहले शहर के सैफी नगर स्थित सराफा व्यापारी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता विनोद उर्फ वीनू शर्मा और उसके साथी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक करोड़ रुपये की कथित वसूली के लिए 40 लाख रुपये की सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई थी। वीडियो देखे क्या है पूरा मामला? 19 जून को रतलाम के डीडी नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में सराफा व्यापारी कमल जैन के घर दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और घर पर फायरिंग कर फरार हो गए। गोली खिड़की को चीरते हुए घर के अंदर जा पहुंची। घटना के समय व्यापारी की पत्नी घर के अंदर मौजूद थीं। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गईं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद व्यापारी ने बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक विनोद उर्फ वीनू शर्मा पर धमकाने और फायरिंग कराने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच शुरू की। 1 करोड़ की वसूली के लिए 40 लाख की सुपारी पुलिस पूछताछ में वीनू शर्मा ने कथित रूप से स्वीकार किया कि सरवन निवासी सराफा व्यापारी आदित्य सोमानी ने कमल जैन के बेटे दिव्यांश जैन से एक करोड़ रुपये की वसूली कराने के लिए 40 लाख रुपये में सुपारी दी थी। योजना के तहत पहले परिवार को धमकाया गया और बाद में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घर पर फायरिंग करवाई गई। पुलिस के अनुसार पूरी रकम की वसूली होने के बाद ही सुपारी की राशि का भुगतान किया जाना तय हुआ था। साजिश ऐसे रची गई जांच में सामने आया कि वीनू शर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश तैयार की। फायरिंग करने वाले आरोपियों की व्यवस्था की गई और वारदात से पहले व्यापारी परिवार को दो बार धमकाया गया। बाजार में भी दिव्यांश जैन को बुलाकर दबाव बनाने की कोशिश की गई थी। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने वीनू शर्मा के कब्जे से एक देसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस का बयान डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को रतलाम जिले में सागोद और मोरवनी के बीच बन रहे पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। फरारी के दौरान दोनों गुजरात, राजस्थान, होशंगाबाद, देवास और इंदौर सहित कई स्थानों पर छिपते रहे। पुलिस अब उन लोगों की भी पहचान कर रही है जिन्होंने आरोपियों को शरण या मदद दी। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहले भी अपराधों में शामिल रहा है वीनू शर्मा पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वीनू शर्मा पहले भी अवैध हथियार रखने के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और उसे तीन वर्ष की सजा हुई थी। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। वहीं फायरिंग करने वाला आरोपी वसीम उर्फ पांडू पहले भी एक चर्चित हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है। अब तक इतने आरोपी गिरफ्तार, दो अभी भी फरार इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक फायरिंग करने वाले, साजिश रचने वाले, हथियार उपलब्ध कराने वाले, बाइक उपलब्ध कराने वाले और धमकी देने वाले सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि वसीम पठान और अदनान शेरानी अभी भी फरार हैं। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित है और उनकी तलाश लगातार जारी है।

Ratlam News: रतलाम में नाले से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इप्का गेस्ट हाउस के पीछे झाड़ियों में मिला शव; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रतलाम में इप्का गेस्ट हाउस के पीछे नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इप्का गेस्ट हाउस के पीछे स्थित नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव झाड़ियों के बीच नाले के पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। रतलाम में नाले से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, मौके पर पहुंची पुलिस जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे स्थानीय लोगों ने सिटी फोरलेन स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय से कुछ दूरी पर इप्का गेस्ट हाउस के पीछे नाले में शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची स्टेशन रोड थाना पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। जिस स्थान पर शव मिला है, उसके पीछे इंदौर रेलवे लाइन भी गुजरती है, इसलिए पुलिस आसपास के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। CCTV फुटेज और पहचान में जुटी पुलिस पुलिस के मुताबिक मृतक ने काले रंग की पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी। दोपहर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कैसे पहुंचा। पहचान के लिए आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने क्या कहा? स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। हर एंगल से जांच कर रही पुलिस एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस प्राकृतिक मौत, दुर्घटना और अन्य संभावित कारणों सहित हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रतलाम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया परामर्श, जांच पैकेजों पर 50% तक की छूट

रतलाम में भारत पैथोलॉजी लैब एवं कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परामर्श दिया और जांच पैकेजों पर 50% तक की छूट दी गई। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। शहर में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को भारत पैथोलॉजी लैब एवं कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रतलाम सहस्त्र औदीच्य ब्राह्मण समाज के सहयोग से भारत पैथोलॉजी लैब, 80 फीट रोड, रतलाम में संपन्न हुआ। शिविर में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल, इंदौर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार पी.के. (एमडी मेडिसिन) एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सपना चौहान ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों सहित शहर के बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ सलाह का लाभ उठाया। शिविर के दौरान रक्तचाप, ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही विभिन्न पैथोलॉजी जांच पैकेजों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा भदोरिया डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा सोनोग्राफी जांचों पर 20 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की गई। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान रतलाम सहस्त्र औदीच्य ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल आचार्य एवं उनकी टीम ने दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। आयोजन में डॉ. आई.पी. त्रिवेदी, डॉ. गणेश आचार्य, शकुंतला पंड्या, मधुसूदन पंड्या, मनीष रावल, सुभाष भग, राकेश व्यास, अंशुमन जोशी, कृष्ण वल्लभ मेहता, बालकृष्ण उपाध्याय, सतीश शर्मा, जयंत उपाध्याय, मंगल जोशी एवं सुनील शर्मा सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की सफलता में भारत पैथोलॉजी लैब के दीपक शर्मा एवं कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल के सुशील उपाध्याय की भूमिका भी सराहनीय रही।

Ratlam News: कंटेनर ट्रक में छिपाकर लाई जा रही थी लाखों की बियर! रतलाम पुलिस ने 25 लाख की अवैध शराब पकड़ी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 5172 बल्क लीटर अवैध बियर जब्त करते हुए राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 25 लाख 68 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। घटना का वीडियो देखे पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। मामले में अब शराब सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वहीं उप पुलिस अधीक्षक महिला सेल अजय सारवान की निगरानी में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही थी। पुलिस को 18 मई 2026 की देर रात सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में टीम ने रतलाम बायपास फोरलेन रोड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के पास सेजावता क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने कंटेनर ट्रक क्रमांक RJ-14-GL-7177 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में ट्रक के भीतर 431 पेटियों में भरी 5172 बल्क लीटर अवैध बियर बरामद हुई। राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी पुलिस ने मौके से आरोपी भोमाराम पिता जेठाराम जाट (32 वर्ष) निवासी बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। 25 लाख से ज्यादा का मशरूका जब्त पुलिस के अनुसार जब्त की गई अवैध बियर की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 68 हजार रुपए बताई गई है। वहीं कंटेनर ट्रक की कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है। कुल मिलाकर कार्रवाई में लगभग 25 लाख 68 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया। जब्त सामग्री लगातार चल रहा है अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान रतलाम पुलिस पिछले कई महीनों से जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। हाल के दिनों में कई बड़ी कार्रवाइयों के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक दीक्षित, दिलीप खाती, हंसराज पटीगर सहित पुलिस टीम के कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Ratlam Circle Jail में यौन शोषण का आरोप: कोर्ट के आदेश के बाद मचा हड़कंप, बंद कमरे में दर्ज हुए पीड़ित के बयान

Ratlam Circle Jail रतलाम सर्किल जेल में बंद 19 वर्षीय युवक ने साथी कैदी पर यौन शोषण का आरोप लगाया। कोर्ट के आदेश पर मेडिकल जांच और सीजेएम के सामने बयान दर्ज हुए। जानिए पूरा मामला रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam Circle Jail: रतलाम की सर्किल जेल में सामने आए कथित यौन शोषण मामले ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एनडीपीएस एक्ट में बंद 19 वर्षीय युवक ने जेल के भीतर ही एक अन्य कैदी पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद मामला कोर्ट पहुंचा, जहां से मेडिकल जांच और बयान दर्ज कराने के आदेश जारी किए गए। मामला क्या है? मामला मध्य प्रदेश के Ratlam स्थित सर्किल जेल का है। जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार एक 19 वर्षीय युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था। युवक ने आरोप लगाया कि जेल में बंद एक अन्य आरोपी, जो दुष्कर्म मामले में बंद है, ने उसके साथ यौन शोषण किया। पीड़ित ने पहले जेल प्रशासन को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि वहां उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में जब युवक के पिता उससे मिलने जेल पहुंचे तो उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने भी जेल प्रबंधन से मौखिक शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट पहुंचा मामला, जज ने दिए सख्त निर्देश पीड़ित के पिता ने अधिवक्ताओं की मदद से 8 मई को जावरा स्थित एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत में आवेदन पेश किया। आवेदन में निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश ने तत्काल युवक का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराने और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के समक्ष बयान दर्ज कराने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बंद कमरे में दर्ज हुए बयान, मेडिकल रिपोर्ट तैयार सोमवार को Ratlam District Hospital में मेडिकल बोर्ड द्वारा युवक की जांच की गई। डॉक्टरों की टीम ने दो पन्नों की रिपोर्ट तैयार की है। इसके बाद सीजेएम के समक्ष बंद कमरे में करीब 30 मिनट तक युवक के बयान दर्ज किए गए। पीड़ित के अधिवक्ता देवेंद्र भटनागर ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और न्यायालय में दिए गए बयान आगे की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि घटना कब और कितनी बार हुई तथा कहीं अन्य बंदियों के साथ भी ऐसा तो नहीं हुआ। जेल प्रशासन पर उठे सवाल इस पूरे मामले ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल में हर समय निगरानी के लिए नाइट विजन कैमरे लगे होने का दावा किया जाता है। अब जांच में यह देखा जाएगा कि घटना के समय कैमरों की स्थिति क्या थी और फुटेज सुरक्षित हैं या नहीं। साथ ही यह भी जांच होगी कि दोनों बंदियों को एक ही बैरक या सेल में क्यों रखा गया था और यदि घटना हुई तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है। क्षमता से डेढ़ गुना ज्यादा बंदी रतलाम सर्किल जेल की अधिकृत क्षमता 380 बंदियों की है, लेकिन वर्तमान में यहां करीब 610 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें बड़ी संख्या विचाराधीन कैदियों की है। क्षमता से अधिक भीड़ के कारण जेल प्रशासन को सुरक्षा और निगरानी में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुसार मेडिकल परीक्षण और बयान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों और न्यायालय को भेजी जा रही है। फिलहाल क्या है स्थिति? फिलहाल मामले की जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि आरोप कितने सही हैं और इस मामले में किन अधिकारियों या बंदियों की जिम्मेदारी तय होती है। मामले ने प्रदेश की जेल सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

रतलाम में RSS का विशेष प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, ‘गुणवत्ता संचलन’ पर रहा फोकस

रतलाम में RSS द्वारा आयोजित एक दिवसीय विशेष वर्ग में कार्यकर्ताओं को गुणवत्ता संचलन, दंड प्रकट और संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया गया। जानें पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिला रतलाम द्वारा “गुणवत्ता संचलन” विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण वर्ग का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ग का उद्देश्य संघ के कार्य विस्तार को गति देना और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। वीडियो देखे प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विशेष वर्ग 11 अप्रैल (शनिवार) को आयोजित हुआ, जिसका समापन 12 अप्रैल (रविवार) को किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रतलाम के जैन कन्या स्कूल, काटजू नगर में किया गया, जहां चयनित कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रशिक्षण वर्ग में “गुणवत्ता संचलन” के साथ-साथ दंड प्रकट कार्यक्रम, प्रथम वर्ष अपेक्षित वर्ग, उपखंड स्तर की टोली संचालन गतिविधियां और जिला समता प्रतियोगिता जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण आयाम शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल और शारीरिक दक्षता का प्रशिक्षण दिया गया। संघ के अनुसार कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया में नियमित प्रशिक्षण और शारीरिक क्षमता का विशेष महत्व होता है। इसी उद्देश्य से इस प्रकार के वर्गों का आयोजन किया जाता है, जिससे संगठन की मजबूती और कार्यकुशलता में वृद्धि हो सके। आयोजन में अभ्यास वर्गों के संचालक, जिला, नगर एवं खंड स्तर की टोली के सदस्य तथा दंड विषय की तैयारी करने वाले कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों के लिए पूर्ण गणवेश में उपस्थित होना अनिवार्य रखा गया था।

MP News: KBC विजेता तहसीलदार अमिता सिंह गिरफ्तार, 2.57 करोड़ बाढ़ राहत घोटाले में जेल में भी दिखाया रौब

MP News: शयोपुर के 2.57 करोड़ बाढ़ राहत घोटाले में KBC विजेता तहसीलदार अमिता सिंह गिरफ्तार। शिवपुरी जेल में भी दिखाया पद का रुतबा, जानिए पूरा मामला। श्योपुर– पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में हुए करीब 2.57 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने मुख्य आरोपी और चर्चित तहसीलदार अमिता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। ग्वालियर से 26 मार्च को गिरफ्तारी के बाद उन्हें शिवपुरी सर्किल जेल भेजा गया, जहां महिला बैरक में रखा गया है। KBC से चर्चा में आई थीं अमिता सिंह अमिता सिंह पहले कौन बनेगा करोड़पति में हिस्सा लेकर सुर्खियों में आई थीं, जहां उन्होंने अमिताभ बच्चन के सामने खेलते हुए 50 लाख रुपये जीते थे। अब वही नाम एक बड़े घोटाले में सामने आने से मामला और चर्चित हो गया है। क्या है पूरा घोटाला मामला? वर्ष 2021 में श्योपुर जिले में आई बाढ़ के बाद राहत राशि वितरण के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। जांच में खुलासा हुआ कि: जेल में भी दिखाया ‘पद का रुतबा’ सूत्रों के अनुसार, शिवपुरी जेल पहुंचने के बाद भी अमिता सिंह का रवैया सामान्य नहीं रहा। इस व्यवहार के बाद जेल अधिकारियों ने उन्हें समझाइश दी कि जेल में नियमों का पालन करना होगा। आगे क्या होगा? मामले में पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। संभावना है कि इस घोटाले में अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

Ratlam News: रतलाम में नाबालिग की संदिग्ध मौत: गले में दुपट्टा, परिजनों ने जताई रेप के बाद हत्या की आशंका

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के सरवन थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी का शव उसके घर से करीब 200 फीट दूर जमीन पर पड़ा मिला, जिसके गले में दुपट्टा कसकर लिपटा हुआ था और उसमें गांठ लगी हुई थी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। वीडियो देखे शादी से उठाकर ले जाने का आरोप मामला सेमलखेड़ा ग्राम पंचायत के एक गांव का है। मृतका के पिता के अनुसार, बुधवार रात गांव में पारिवारिक शादी समारोह था, जहां उनकी दोनों बेटियां शामिल होने गई थीं। रात करीब 10 बजे वे शादी में गई थीं, जबकि घर पर मां, छोटा भाई और दादा-दादी मौजूद थे। पिता उस समय गेहूं कटाई के लिए मजदूरी पर गया हुआ था। छोटी बहन ने बताई पूरी घटना पिता ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे जब वह घर लौटा तो पता चला कि दोनों बेटियां घर नहीं पहुंची हैं। शादी स्थल पर पहुंचने पर जानकारी मिली कि बड़ी बेटी रात करीब 3 बजे घर के लिए निकल गई थी, जबकि छोटी बेटी वहीं थी। छोटी बेटी ने बताया कि उसकी बहन को चार युवक जबरन अपने साथ ले गए थे। चार आरोपियों के नाम सामने आए छोटी बेटी द्वारा बताए गए नामों के आधार पर पिता ने चारों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। एक-एक कर चारों युवकों को घर लाया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने लड़की के घर के पास होने की बात कही। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां घर से करीब 200 फीट दूर किशोरी का शव मिला। तीन आरोपी फरार, एक पुलिस हिरासत में पिता के अनुसार, पकड़े गए चार आरोपियों में से तीन मौके से फरार हो गए, जबकि एक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उनका कहना है कि अगर यह आत्महत्या होती तो शव पेड़ पर लटका मिलता, जबकि शव जमीन पर पड़ा मिला। डीजे के शोर में दब गई मदद की आवाज परिजनों का आरोप है कि जब आरोपियों ने किशोरी को जबरन ले जाया, तब छोटी बहन ने शोर मचाया था, लेकिन शादी में बज रहे डीजे के तेज शोर के कारण कोई सुन नहीं सका। सड़क पर चक्काजाम, सख्त कार्रवाई की मांग घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके मकान तोड़ने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर करीब आधे घंटे तक चक्काजाम किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है। सरवन थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है। एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि किशोरी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

Ratlam News: CEIR पोर्टल से जावरा पुलिस की बड़ी कामयाबी, ₹2.5 लाख के 11 गुम मोबाइल बरामद

रतलाम/जावरा- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से करीब ₹2.5 लाख कीमत के 11 गुम मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित धारकों को सुपुर्द किए। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर गुम मोबाइलों की पतारसी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहानके नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। CEIR पोर्टल से हुई ट्रैकिंग गठित टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण कर गुम मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की। कार्रवाई के दौरान कुल 11 मोबाइल फोन (10 एंड्रॉइड एवं 1 आईफोन) बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ₹2,50,000 बताई गई है। सभी मोबाइल धारकों को थाना बुलाकर आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन किया गया और विधिवत मोबाइल उनके सुपुर्द कर दिए गए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इन मोबाइल धारकों को मिले फोन मोबाइल पाने वालों में श्रवण गायरी, प्रकाश गायरी, अंकित हरीजन, नितिन दुबे, राहुल पाटीदार, आदित्य पाटीदार, अरुण कुमावत, मो. शाहीद, राधेश्याम, इसराइल हुसैन एवं हरीश शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक 52 संजय आंजना तथा आरक्षक 726 कुलदीप पाटीदार (सायबर सेल) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जावरा पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर वापस पाना संभव है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर जानकारी अपडेट करें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।

0%