US-Israel Strike Iran: ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर विरोधाभासी दावे, मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव

डिजिटल डेस्क- पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क। US- Israel Strike Iran: ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भ्रम और विरोधाभासी खबरें सामने आ रही हैं। एक ओर ईरानी सरकारी मीडिया के कुछ हिस्सों ने उनकी मौत की पुष्टि का दावा किया है, तो वहीं देश की अन्य प्रमुख एजेंसियों ने इन खबरों को खारिज करते हुए उन्हें जीवित बताया है। इस बीच मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। रविवार (1 मार्च 2026) को सामने आई रिपोर्ट्स में कहा गया कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमले में खामेनेई समेत उनके परिवार के चार सदस्यों—बेटी, दामाद और पोती—की भी मौत हो गई। ईरानी चैनल प्रेस टीवी ने दावा किया कि उनकी मौत के बाद देश में 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी गई है। हालांकि, ईरान की अन्य प्रमुख समाचार एजेंसियों—तसनीम और मेहर—ने इन खबरों का खंडन किया है। इन एजेंसियों के अनुसार, 1989 से ईरान का नेतृत्व कर रहे खामेनेई सुरक्षित और जीवित हैं। इन विरोधाभासी दावों ने पूरे मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स को एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद खामेनेई का शव बरामद किया गया है, लेकिन इस दावे की अब तक किसी स्वतंत्र स्रोत या आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर दावा किया कि खामेनेई एक सैन्य ऑपरेशन में मारे गए हैं। ट्रंप ने उन्हें “इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक” बताते हुए उनकी मौत को न्याय करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि मध्य-पूर्व में शांति स्थापित होने तक बमबारी जारी रह सकती है। इजरायल-अमेरिका के हमले के जवाब में ईरान ने भी कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। मौजूदा समय में वैश्विक स्तर पर इस खबर को लेकर सतर्कता और चिंता दोनों बनी हुई हैं, क्योंकि किसी भी आधिकारिक और स्वतंत्र पुष्टि का अभी इंतजार किया जा रहा है।

MP News: मध्य प्रदेश के IAS अवि प्रसाद की तीसरी शादी चर्चा में, दो पूर्व पत्नियां भी हैं कलेक्टर

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में तीसरी शादी की है। खास बात यह है कि उनकी तीनों पत्नियां भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी रही हैं और दो पूर्व पत्नियां वर्तमान में जिले की कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। 11 फरवरी को कूनो नेशनल पार्क में हुआ विवाह जानकारी के अनुसार, अवि प्रसाद ने 11 फरवरी 2026 को कूनो नेशनल पार्क में 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से विवाह किया। अंकिता धाकरे वर्तमान में राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। इस शादी की चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से हो रही है। कौन हैं IAS अवि प्रसाद? आईएएस अवि प्रसाद वर्तमान में मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे प्रदेश के कई जिलों में जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर रह चुके हैं। कटनी में कलेक्टर रहते हुए उन्होंने कुपोषण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर पहचान बनाई थी। पहली शादी: रिजु बाफना से, अब शाजापुर कलेक्टर अवि प्रसाद ने पहली शादी 2014 बैच की आईएएस अधिकारी रिजु बाफना से की थी। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों का तलाक हो गया। वर्तमान में रिजु बाफना शाजापुर जिले की कलेक्टर हैं। दूसरी शादी: मिशा सिंह से, अब रतलाम कलेक्टर पहली पत्नी से अलग होने के बाद अवि प्रसाद ने 2016 बैच की आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से दूसरी शादी की। यह रिश्ता करीब चार साल चला और बाद में दोनों अलग हो गए। मिशा सिंह वर्तमान में रतलाम जिले की कलेक्टर हैं। तीसरी पत्नी अंकिता धाकरे: डिप्टी सेक्रेटरी पद पर तीसरी पत्नी अंकिता धाकरे 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल राज्य मंत्रालय (प्रशासनिक सेवा) में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत हैं। वे मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की रहने वाली हैं। मूल निवास आईएएस अवि प्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा, आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आईएएस अवि प्रसाद की तीसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। हालांकि, इस विषय में अवि प्रसाद या अंकिता धाकरे की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसे उनका व्यक्तिगत निर्णय बताया जा रहा है।

Ratlam News: नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ा ग्रामीण, घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के नामली थाना क्षेत्र के पलदूना गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही नामली थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। WATCH VIDEO टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान प्रभुलाल भील के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता है। ग्रामीणों के मुताबिक वह पहले भी दो बार मोबाइल टावर पर चढ़ चुका है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया था। प्रभुलाल मूल रूप से बजाना क्षेत्र के कागलीखोरा का निवासी है और पिछले करीब 20 वर्षों से पलदूना गांव में रहकर मजदूरी कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रभुलाल नशे की हालत में था और टावर पर चढ़कर कह रहा था कि वह “टावर चेक करके” नीचे आएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश दी, लेकिन वह तुरंत नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास भीड़ को दूर किया और सतर्कता बरती। बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में वह नीचे नहीं उतरा, लेकिन जब पुलिस ने दूरी बनाई तो वह शाम करीब 4 बजे सुरक्षित नीचे आ गया। नीचे उतरते ही पुलिस उसे थाने ले गई, जहां आवश्यक पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान सावधानी बरती गई, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ratlam News: मौत के बाद प्रधान आरक्षक का क्वार्टर खाली: पहली पत्नी की शिकायत पर प्रशासन की कार्रवाई, पुलिस लाइन में हंगामा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कनेरी स्थित पुलिस लाइन में गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दिवंगत कार्यवाहक प्रधान आरक्षक लक्ष्मण चारेल के नाम आवंटित सरकारी आवास को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान दूसरी पत्नी जमना चारेल और उनके परिजनों को क्वार्टर से बाहर किया गया तथा मकान को सील कर दिया गया। इस दौरान मौके पर भावुक माहौल और हल्का हंगामा भी देखने को मिला। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक लक्ष्मण चारेल का लगभग तीन वर्ष पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था। विभागीय रिकॉर्ड में उनकी पहली पत्नी मीरा चारेल और चार बच्चों के नाम दर्ज हैं, जो गांव में निवास करते हैं। वहीं दूसरी पत्नी जमना चारेल अपने दो पुत्रों और दो पुत्रियों के साथ पिछले दो वर्षों से पुलिस लाइन के क्वार्टर में रह रही थीं, लेकिन उनका नाम सेवा पुस्तिका में दर्ज नहीं है। पहली पत्नी को नहीं मिल रहे थे विभागीय लाभ पहली पत्नी मीरा चारेल ने आरोप लगाया था कि क्वार्टर खाली नहीं होने के कारण उन्हें पति के निधन के बाद मिलने वाले विभागीय लाभ प्राप्त करने में दिक्कत आ रही है। इस संबंध में उन्होंने आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारियों के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी देने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। 12 नोटिस के बाद भी नहीं छोड़ा कब्जा पुलिस के अनुसार दूसरी पत्नी को पिछले दो वर्षों में करीब 12 बार नोटिस जारी कर मकान खाली करने को कहा गया था, लेकिन कब्जा नहीं छोड़ा गया। इसके बाद अधिकारियों ने एक कमेटी गठित कर गुरुवार को कार्रवाई की। संयुक्त टीम में आरआई मोहन भर्रावत, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी, एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी गायत्री सोनी और सूबेदार मोनिका सिंह चौहान सहित पुलिस बल और फायर ब्रिगेड मौजूद रही। नियम क्या कहते हैं? नियमों के अनुसार किसी भी पुलिसकर्मी के निधन के बाद परिजनों को अधिकतम छह माह तक सरकारी क्वार्टर में रहने की अनुमति होती है, वह भी विशेष परिस्थितियों में। आरआई मोहन भर्रावत ने बताया कि परिवार के लिए त्रिपोलिया गेट के पास एक सप्ताह की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, ताकि वे आगे की व्यवस्था कर सकें। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने घर का सामान बाहर निकलवाया और आवास को सील कर दिया।

Ratlam News: दिनदहाड़े व्यापारी की बाइक की डिक्की से 1.24 लाख चोरी, आरोपी हिरासत में

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच दिनदहाड़े एक व्यापारी की बाइक की डिक्की से 1 लाख 24 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, व्यापारी किसी काम से बाजार क्षेत्र में पहुंचे थे और अपनी बाइक खड़ी कर पास की दुकान में चले गए। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए बाइक की डिक्की खोली और उसमें रखी 1,24,000 रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और संदिग्ध की पहचान कर कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ कोई अन्य साथी तो शामिल नहीं था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार क्षेत्र में व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन में बड़ी रकम न रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ratlam News: श्मशान में टोना-टोटका का शक: रतलाम में दो युवक खंभे से बांधकर पीटे, VIDEO वायरल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत उखेड़िया गांव के मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में टोना-टोटका करने के शक में ग्रामीणों ने दो युवकों को खंभे से बांधकर जमकर पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, फिर भी वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जाएगी। WATCH VIDEO श्मशान में पूजा सामग्री देख भड़के ग्रामीण घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भूतेड़ा गांव के चार युवक उखेड़िया के श्मशान घाट में नींबू, अंडा, देशी शराब और पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री के साथ मंत्र पढ़ते नजर आए। एक स्थानीय ग्रामीण ने उन्हें संदिग्ध गतिविधि करते देख गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण श्मशान घाट पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर चारों युवक घबरा गए। इस दौरान दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि बाकी दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। खंभे से बांधकर की पिटाई, कपड़े फटे पकड़े गए दोनों युवकों को मुक्तिधाम परिसर में ही एक खंभे से बांध दिया गया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। पिटाई के दौरान युवकों के कपड़े फट गए और शरीर से खून भी निकल आया। युवक बार-बार गांव के चौकीदार को बुलाने की बात कहते रहे, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। वशीकरण और धन प्राप्ति का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि युवक वशीकरण और धन प्राप्ति की लालसा में श्मशान घाट में टोना-टोटका करने आए थे। इसी बात से नाराज होकर ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। समाज के नेता के हस्तक्षेप के बाद छोड़े गए युवक ग्रामीण दोनों युवकों को पुलिस के हवाले करना चाहते थे, लेकिन समाज के एक स्थानीय नेता के हस्तक्षेप के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हंगामे की सूचना मिलने पर सरसी चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी लोग वहां से जा चुके थे। पुलिस बोली— शिकायत नहीं, VIDEO के आधार पर जांच जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया— “इस मामले में फिलहाल कोई भी शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ कर जांच की जाएगी। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल पुलिस फरार दो युवकों और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Ratlam News: ‘चलो पंचायत अभियान’ के साथ कांग्रेस गांव-गांव उतरेगी, लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया गुरुवार को पहली बार रतलाम पहुंचे। इस दौरान आयोजित युवा कांग्रेस के कार्यक्रम एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बन चुका है और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशें की जा रही हैं। यश घनघोरिया ने कहा कि वोट चोरी, महात्मा गांधी के नाम और विचारधारा को समाप्त करने के प्रयास तथा समाज में आई वैचारिक गिरावट गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और इसके लिए कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस सरकार को प्रदेश के उत्थान के नाम पर लाया गया था, उसी सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर दिया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। पीएससी परीक्षाएं समय पर नहीं होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में है। घनघोरिया ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार भले ही योजनाओं का प्रचार कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर पात्र महिलाओं को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। रतलाम के हर गांव-मोहल्ले तक पहुंचेगी कांग्रेस यश घनघोरिया ने बताया कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आमजन से सीधे संवाद के लिए ‘चलो पंचायत अभियान’ की शुरुआत उज्जैन से की गई है, जो गुरुवार से रतलाम में भी शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत कांग्रेस पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी तथा घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह मुहिम तेज गति से चलेगी। इस दौरान आम जनता की नाली, सड़क, बिजली, पानी, न्याय और अन्य बुनियादी समस्याओं को जाना जाएगा और उनके समाधान के लिए आंदोलन, धरना और प्रदर्शन किए जाएंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शिवसिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी चेतन चौधरी, संगठन मंत्री स्वीटी पाटिल, जिला अध्यक्ष मयंक जाट सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ratlam News: रतलाम पत्नी हत्याकांड: गूगल सर्च हिस्ट्री बनी सबूत, पति को उम्रकैद की सजा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में पत्नी की हत्या के एक सनसनीखेज मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। पत्नी की हत्या के दोषी पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। इस मामले की खास बात यह रही कि आरोपी की गूगल सर्च हिस्ट्री को कोर्ट ने अहम डिजिटल सबूत मानते हुए फैसला दिया। प्रधान सत्र न्यायाधीश नीना आशापुरे की अदालत ने आरोपी राकेश पिता कैलाश चौधरी, निवासी ग्राम झरसंदला, थाना बिलपांक को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत दोषी ठहराया। कोर्ट ने आरोपी पर 3 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। शराब, विवाद और हत्या जिला लोक अभियोजक सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी राकेश शराब पीने का आदी था और अक्सर देर रात घर आता था। इस बात को लेकर उसकी पत्नी बुलबुल उससे विरोध करती थी। रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। गूगल पर खोजे सबूत मिटाने के तरीके हत्या के बाद आरोपी ने अपने मोबाइल फोन पर गूगल सर्च किया— जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की सर्च हिस्ट्री निकाली, जिससे यह साफ हुआ कि वह हत्या के बाद सबूत छिपाने के प्रयास कर रहा था। चश्मदीद नहीं, डिजिटल सबूत बना आधार बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया कि मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी गवाह नहीं था। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। साथ ही यह भी साबित हुआ कि घटना से पहले मृतका को आखिरी बार आरोपी के साथ ही जीवित देखा गया था। परिस्थितिजन्य साक्ष्य पर भरोसा कोर्ट ने परिस्थितिजन्य साक्ष्य, मोबाइल सर्च हिस्ट्री और डिजिटल फॉरेंसिक रिपोर्ट को मजबूत आधार मानते हुए आरोपी को दोषी करार दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से जिला लोक अभियोजक सुरेश कुमार वर्मा ने मामले में प्रभावी पैरवी की। यह फैसला न सिर्फ रतलाम बल्कि पूरे प्रदेश में यह संदेश देता है कि डिजिटल सबूत और सर्च हिस्ट्री भी अब अपराध में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं, और कानून से बचना आसान नहीं है।

Ratlam News: रतलाम में लेनदेन विवाद ने लिया हिंसक रूप, स्टेशन रोड थाने में चाकूबाजी से मचा हड़कंप

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब मामला स्टेशन रोड थाना परिसर तक पहुंच गया। यहां दो पक्षों के बीच पहले से चल रहा विवाद फिर से भड़क उठा और थाने के भीतर ही चाकूबाजी की घटना हो गई, जिससे थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। WATCH VIDEO घटना शनिवार देर रात करीब 2 से 2.30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शेरानीपुरा निवासी अरशद खान पिता अतर खान और नदीम खान पिता अनवर खान, दोनों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार रात पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने स्टेशन रोड थाने पहुंचे। थाने में पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों में तनाव कम नहीं हुआ और पुलिस के सामने ही दोबारा विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान अरशद खान ने दूसरे पक्ष पर हमला करने की नीयत से जेब से चाकू निकाल लिया। झूमाझटकी के दौरान बीच-बचाव करने आए अरशद के भाई आशीफ को चाकू लग गया। इस दौरान अरशद के हाथ में भी चोट आई, जिससे दोनों के हाथों से खून बहने लगा। घटना के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया। थाना परिसर के मुख्य गेट से लेकर अंदर तक खून के धब्बे फैल गए, जो रविवार दोपहर तक फर्श पर दिखाई देते रहे। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। थाने के भीतर दो पक्षों के भिड़ने और चाकूबाजी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर विवाद था। रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान आपस में झूमाझटकी हो गई। एक पक्ष का अरशद अपनी जेब में सब्जी काटने का छोटा चाकू लेकर आया था। उसे रोकने के दौरान उसी के परिवार के सदस्य को चोट लगी। दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

Ratlam News: बहन की दवाई लेने निकले दो सगे भाइयों को पिकअप ने रौंदा, 12 वर्षीय मासूम की मौत

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के हरथली–सागोद रिंग रोड पर गुरुवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम की जान चली गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों सगे भाई साइकिल से अपनी बहन के सिरदर्द की दवाई लेने जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे सागोद गांव की ओर जा रहे दो सगे भाई साइकिल पर सवार थे। साइकिल बड़ा भाई राजेश चला रहा था और पीछे 12 वर्षीय मनीष बैठा था। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 04 एलसी 4863) ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं 13 वर्षीय राजेश के दाएं हाथ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक मनीष अपने बड़े भाई के साथ बहन के लिए दवाई लेने सागोद के मेडिकल स्टोर जा रहा था। पहले मनीष अकेले जाने वाला था, लेकिन बाद में राजेश भी उसके साथ हो गया। दुर्भाग्यवश यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया था और इलाज के लिए अस्पताल भी लेकर गए, लेकिन बच्चे की मौत की खबर सुनते ही चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा। हादसे के समय मृतक के माता-पिता पारस और संगीता खेत पर काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही वे सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पारस ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं और मनीष सबसे छोटा बेटा था, जो सातवीं कक्षा में पढ़ता था।

0%