Ratlam News: रतलाम में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन, इस्तीफे की मांग

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई नागरिकों की दुखद मौत और इस मुद्दे पर सवाल पूछने वाले पत्रकार के साथ किए गए कथित अमर्यादित व्यवहार के विरोध में रतलाम जिला युवा कांग्रेस ने नगरीय प्रशासन मंत्री एवं इंदौर विधायक कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन शहीद चौक चौराहे पर घंटा-घड़ियाल बजाकर किया गया। युवा कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की, साथ ही दूषित पानी की आपूर्ति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदौर में दूषित पानी पीने से 14 निर्दोष नागरिकों की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद और प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर सवाल पूछने वाले पत्रकार के प्रति मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सरकार से पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की गई। इस मौके पर शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सैय्यद वुसद, रतलाम जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, राजीव रावत, हितेश पेमाल, इमरान मोयल, नदीम मिर्जा, कमरुद्दीन कछवाय, बसंत पडया, विजय खदेड़ा, कुसुम चाहर, फैयाज मंसूरी, सौरभ छिपानी, हिम्मत जेथवारसहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ratlam News: ‘चलो पंचायत अभियान’ के साथ कांग्रेस गांव-गांव उतरेगी, लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया गुरुवार को पहली बार रतलाम पहुंचे। इस दौरान आयोजित युवा कांग्रेस के कार्यक्रम एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बन चुका है और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशें की जा रही हैं। यश घनघोरिया ने कहा कि वोट चोरी, महात्मा गांधी के नाम और विचारधारा को समाप्त करने के प्रयास तथा समाज में आई वैचारिक गिरावट गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और इसके लिए कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस सरकार को प्रदेश के उत्थान के नाम पर लाया गया था, उसी सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर दिया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। पीएससी परीक्षाएं समय पर नहीं होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में है। घनघोरिया ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार भले ही योजनाओं का प्रचार कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर पात्र महिलाओं को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। रतलाम के हर गांव-मोहल्ले तक पहुंचेगी कांग्रेस यश घनघोरिया ने बताया कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आमजन से सीधे संवाद के लिए ‘चलो पंचायत अभियान’ की शुरुआत उज्जैन से की गई है, जो गुरुवार से रतलाम में भी शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत कांग्रेस पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी तथा घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह मुहिम तेज गति से चलेगी। इस दौरान आम जनता की नाली, सड़क, बिजली, पानी, न्याय और अन्य बुनियादी समस्याओं को जाना जाएगा और उनके समाधान के लिए आंदोलन, धरना और प्रदर्शन किए जाएंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शिवसिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी चेतन चौधरी, संगठन मंत्री स्वीटी पाटिल, जिला अध्यक्ष मयंक जाट सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ratlam News: रतलाम ग्रामीण में कांग्रेस बीएलए प्रशिक्षण संपन्न, संगठन सुदृढ़ करने पर जोर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के समस्त बी.एल.ए. (बूथ लेवल एजेंट) के लिए विशेष एस.आई.आर. (Special Intensive Revision) संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को स्थानीय गड़कैलाश महादेव मंदिर सभागृह में किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत, प्रदेश कांग्रेस से मुख्य प्रशिक्षणकर्ता राजेश रघुवंशी और वरिष्ठ नेता राजेश दवे ने उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन और एस.आई.आर. प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। एस.आई.आर. प्रक्रिया का महत्व समझाया प्रशिक्षकों ने कार्यकर्ताओं को बताया कि एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बी.एल.ए. को बूथ स्तर पर सटीक डाटा और मजबूत संगठनात्मक उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण ही निष्पक्ष और प्रभावी चुनाव प्रबंधन की नींव है।  कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश सचिव संजय चौधरी, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश भरावा, रतलाम ग्रामीण बीएलए प्रभारी सुधीर पाटीदार, ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, किसान नेता राजेश पुरोहित, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव यश दवे, राकेश सोलंकी, मंगल पाटीदार, प्रकाश पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बी.एल.ए. शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारी को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

MP Youth Congress Election Result: मयंक जाट फिर बने जिला अध्यक्ष, देवेन्द्र सेजावता भी विजयी

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP Youth Congress Election Result: मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। यह चुनाव 20 जून 2025 से 19 जुलाई 2025 तक एक माह तक IYC मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन वोटिंग सिस्टम पर आयोजित हुआ। इस चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष से लेकर ब्लॉक अध्यक्ष तक के पदों पर मतदान संपन्न हुआ। युवा कांग्रेस चुनाव में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के सदस्य वोट डालने के पात्र थे। एक सदस्य को कुल 6 वोट करने का अधिकार दिया गया था। इससे पहले युवा कांग्रेस के चुनाव वर्ष 2020 में आयोजित हुए थे। रतलाम जिला युवा कांग्रेस चुनाव परिणाम ब्लॉक अध्यक्ष चुनाव परिणाम (रतलाम ग्रामीण क्षेत्र) ब्लॉक. विजेता उम्मीदवार स्थिति रतलाम ग्रामीण ओ.पी. प्रजापत निर्वाचित नामली ब्लॉक. अरुण जाट. निर्वाचित मुंदड़ी ब्लॉक. सोनू गुर्जर. निर्विरोध विजयी बिल्पांक ब्लॉक. बलराम परमार. निर्वाचित

Ratlam News: मामूली बारिश में खुली विद्युत व्यवस्था की पोल, कांग्रेस ने दिया बिजली कटौती पर ज्ञापन

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में मामूली बारिश और हवा चलते ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहर के कई इलाकों में 6 से 8 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री के नाम एक ज्ञापन कार्यपालन यंत्री श्री विनोबा तिवारी को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि बीते 15 दिनों से शहर के विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों में बिजली की आपूर्ति अनियमित हो गई है। हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही कई स्थानों पर एक साथ बिजली गुल हो जाती है। स्थिति इतनी खराब है कि बिजली जाने के बाद उसे बहाल करने में 6 से 8 घंटे तक का समय लग रहा है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस कमेटी ने चिंता जताते हुए कहा कि बिजली कटौती से व्यापार, उद्योग और घरेलू जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में जल आपूर्ति भी ठप हो जाती है, जिससे हालात और बिगड़ जाते हैं। साथ ही, अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटनाएं बढ़ने की भी आशंका जताई गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि रतलाम शहर की जर्जर विद्युत लाइनों को तुरंत बदला जाए, ट्रांसफार्मरों की तकनीकी जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए, और पूरी तरह खराब हो चुके ट्रांसफार्मरों को बदला जाए। साथ ही, जिन क्षेत्रों में 4 घंटे से अधिक बिजली कटौती हुई है, वहां के उपभोक्ताओं को इस माह के बिजली बिल में 25% से 50% तक की छूट दी जाए। महेंद्र कटारिया ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत मंडल की होगी। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, रजनीकांत व्यास, यासमीन शैरानी, फैयाज मंसूरी, कुसुम चाहर, बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सोहेल काजी, सैयद वुसत, आशा रावत, राजीव रावत, नीलेश शर्मा, हितेश पेमाल, वहीद शैरानी, कविता महावर, कमरुद्दीन कछवाय, राजेश प्रजापत, रमेश शर्मा, इमरान मोयल, नदीम मिर्जा, सुनील महावर, रुखसाना खान, इक्का बेलूत, इकरार चौधरी, पियूष बाफना, शाकिर खान, हिना शेख, प्रदीप राठौर, राधा प्रजापत, जायदा खान, शांतू गवली, अनिल नांदेचा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ratlam News: नीमच हमले के खिलाफ रतलाम में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नीमच जिले के कछाला गांव में जैन संतों पर हुए जानलेवा हमले को लेकर रतलाम शहर कांग्रेस ने तीव्र विरोध दर्ज किया। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर गुंडों को आजन्म कारावास देने की मांग की और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस दौरान महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल के नाम ज्ञापन एसडीएम अनिल भाना को सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि जैन संत पूज्यनीय श्री शैलेश मुनि जी, श्री मुनीन्द्र मुनि जी व श्री बलभद्र मुनि जी पर हुए प्राणघातक हमले के आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर आजन्म कारावास की सजा दी जाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और गुंडों को किसी भी प्रकार का डर नहीं है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “गुंडों को फांसी दो, आजन्म कारावास दो” जैसे नारे लगाए गए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि संतों का हनुमान मंदिर में रात्रि विश्राम करना भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का हिस्सा है, और उन पर हमला समस्त संत समाज पर हमला है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि घटना के बाद संबंधित टीआई बीएल भाभर ने दो घंटे तक रिपोर्ट नहीं लिखी और समाजजन से दुर्व्यवहार करते हुए मुनि वर्ग के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की। बावजूद इसके, शासन स्तर पर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई, जो यह दर्शाता है कि अपराधियों को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने ज्ञापन का वाचन किया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, फैय्याज मंसूरी, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या, पूर्व अध्यक्ष विनोद मिश्रा मामा, राजकुमार जैन, पियूष बाफना, पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान, नासिर कुरेशी, डॉ. अजय चत्तर, संजय बरमेचा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि प्रदेश के सभी संतों को विशेष सुरक्षा प्रदान की जाए और मुख्यमंत्री, जो गृह मंत्रालय भी संभालते हैं, उन्हें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।

Ratlam News: नगर निगम के नए कर का कांग्रेस ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बाजार बैठक वसूली के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे नगर निगम अधिनियम के खिलाफ बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इसी मुद्दे पर पूर्व विधायक पारस सकलेचा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने प्रस्ताव को बताया अवैध कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर द्वारा पारित किया गया प्रस्ताव नगर निगम अधिनियम की धारा 19 का उल्लंघन है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने बताया कि 4 मार्च 2025 को एमआईसी से स्वीकृत प्रस्ताव को एजेंडे में शामिल नहीं किया गया और इसे मौखिक रूप से पेश किया गया, जो कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है। महापौर ने जनता के साथ छल किया – कांग्रेस सकलेचा ने आरोप लगाया कि महापौर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2024-25 के बजट सत्र में भी 750 ट्यूबवेल मोटरों का बिजली बिल मोहल्ला समितियों से वसूलने का प्रस्ताव बिना किसी उचित प्रक्रिया के पास किया गया था। कांग्रेस का सवाल – करोड़ों रुपये कहां गए ज्ञापन में कांग्रेस ने 2025-26 के बजट में 104 मदों के आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। पार्टी ने सवाल उठाया कि दिसंबर 2023 में दर्शाई गई करोड़ों की आय मार्च 2024 में शून्य कैसे हो गई। नगर निगम आयुक्त का जवाब चर्चा के दौरान आयुक्त हिमांशु भट्ट ने कहा कि कुछ बिंदुओं पर कांग्रेस की व्याख्या से वे सहमत नहीं हैं, लेकिन वे बजट में गड़बड़ियों का विश्लेषण करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ी तो ज्ञापन को उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। कांग्रेस करेगी आंदोलन कांग्रेस ने बाजार बैठक वसूली को जबरन वसूली करार देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान पूर्व विधायक पारस सकलेचा, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष कमरुद्दीन कछवाय, वरिष्ठ पार्षद यास्मीन शेरानी, सलीम मोहम्मद बागवान, वसीम अली, रजनीकांत व्यास, हितेश पेमाल और शाकिर खान उपस्थित रहे।

Ratlam News: नगर निगम में भारी भ्रष्टाचार: कांग्रेस का आरोप, सीवरेज घोटाले और संपत्ति कर लूट का खुलासा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर कांग्रेस और पार्षद दल ने नगर निगम पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए इसे भ्रष्टाचार का महासागर करार दिया है। कांग्रेस नेताओं ने सीवरेज प्रोजेक्ट में 150 करोड़ के घोटाले, संपत्ति कर में 10 गुना अवैध वसूली और बाजार बैठक शुल्क वसूलने को धोखाधड़ी बताया। कांग्रेस ने घोषणा की कि संपत्ति कर और सीवरेज घोटाले को न्यायालय में चुनौती दी जाएगी।    सीवरेज घोटाला: 150 करोड़ का भ्रष्टाचार!   पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने आरोप लगाया कि सीवरेज प्रोजेक्ट में बड़ा घोटाला हुआ है। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर 2016 को शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट 31 दिसंबर 2022 को पूरा होना था, लेकिन कार्य पूर्णता से दो माह पहले ही टेंडर राशि 123.85 करोड़ से बढ़ाकर 141.44 करोड़ कर दी गई। इसके अलावा, मकानों की संख्या 53273 से घटाकर 43273 कर दी गई, जिससे बड़ी अनियमितता उजागर होती है।   उन्होंने कहा कि दिसंबर 2022 तक केवल 27530 मकानों को ही जोड़ा गया, लेकिन पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया। टेंडर में 30.54 करोड़ की लागत से बनने वाले 6 ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित थे, लेकिन केवल 2 प्लांट स्वीकृत कर पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया।    संपत्ति कर में 10 गुना अवैध वसूली   कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया ने कहा कि नगर निगम में 50 प्रतिशत भ्रष्टाचार है। उन्होंने आरोप लगाया कि संपत्ति कर में 10 से 30 हजार रुपए तक अवैध वसूली की जा रही है और जनता से अपील की कि वह 10 गुना अधिक कर नहीं भरे।   नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने घोषणा की कि नगर निगम की लूट का परिषद की बैठक में कड़ा विरोध किया जाएगा और सड़कों पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।   बाजार बैठक शुल्क वसूली को बताया धोखाधड़ी   पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने कहा कि नगर निगम द्वारा बाजार बैठक शुल्क 10 से 50 रुपए प्रतिदिन लेने का निर्णय पूरी तरह धोखाधड़ी है। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धानमंडी की सभा में इस शुल्क को बंद करने की घोषणा की थी, लेकिन 32 महीने बाद इसे फिर से लागू करना जनता के साथ धोखा है।   फेकू बजट में करोड़ों की हेराफेरी   शहर कांग्रेस ने नगर निगम के 2025-26 के बजट को फेकू बजट करार दिया। पारस सकलेचा ने बताया कि 2024-25 के बजट में दिसंबर 2023 तक दिखाई गई राशि मार्च 2024 में कई मदों में घट गई।   – कॉलोनी विकास हेतु प्राप्त राशि 1.50 करोड़ से घटकर 26.44 लाख रह गई   – भवन-दुकान किराया 1.75 करोड़ से घटकर 65.52 लाख रह गया   – अवैध निर्माण को वैध करने का शुल्क 95 लाख से घटकर शून्य हो गया   – प्रधानमंत्री आवास योजना में घटक से प्राप्त राशि 64 करोड़ से घटकर 41.69 करोड़ रह गई   सकलेचा ने आरोप लगाया कि बजट में की गई यह हेराफेरी करोड़ों के भ्रष्टाचार का खुला सबूत है।    जल्द होगा आंदोलन   शहर कांग्रेस ने घोषणा की कि यदि संपत्ति कर में की जा रही अवैध वसूली बंद नहीं की गई, तो इसे न्यायालय में चुनौती दी जाएगी और नगर निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।   इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और पार्षद मौजूद रहे, जिनमें मयंक जाट, यास्मीन शैरानी, शैलेंद्र अठाना, कमरूदीन कंछवाया, बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, नासिर कुरैशी, सलीम मोहम्मद बाग़वान, राजीव रावत, हितेश पेमाल, जोएब आरिफ, सुजीत उपाध्याय, पीयूष बाफना, शाकिर खान आदि शामिल थे।  

Ratlam News: शहर कांग्रेस महामंत्री पर हमला, प्रॉपर्टी विवाद में दो पक्ष आमने-सामने, क्रॉस केस दर्ज  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: शहर कांग्रेस महामंत्री शीतल सेन पर रविवार रात उनके ही समाज के कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में शीतल सेन और उनके 16 वर्षीय बेटे जयश घायल हो गए। जयश के सिर में गंभीर चोट आने से तीन टांके लगे हैं। घटना का कारण प्रॉपर्टी विवाद बताया जा रहा है।    हमले में महामंत्री और बेटे को गंभीर चोटें   शीतल सेन ने बताया कि रात 11 बजे भरत सेन अपने तीन साथियों के साथ घर पहुंचे और दराते व लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में शीतल सेन के सीने, अंगूठे और कोहनी पर चोटें आईं, जबकि उनके बेटे जयश के सिर पर लाठी से वार किया गया। बचाव करने आई उनकी मां और पत्नी को भी धमकी दी गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।    पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया क्रॉस केस   शीतल सेन की शिकायत पर माणकचौक पुलिस ने भरत सेन पिता बाबूलाल सेन, मिल सेन, राजेश सेन समेत चार अन्य के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया है।   वहीं, दूसरे पक्ष ने भी शीतल सेन और उनके परिवार पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया। भरत सेन की शिकायत पर पुलिस ने शीतल सेन, उनके बेटे जयश और मंजीत सेन के खिलाफ केस दर्ज किया है।   प्रॉपर्टी विवाद बना हमले की वजह   माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जो अब हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।  

Ratlam News:  अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कांग्रेस ने किया सम्मान समारोह का आयोजन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर महिला कांग्रेस द्वारा 80 फीट रोड स्थित शुभम परिसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिला शक्ति के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के संघर्षों को पहचानना और समाज को प्रेरित करना था।    महिला सशक्तिकरण पर दिया गया संदेश   कार्यक्रम में सेवा दल की अध्यक्ष और कांग्रेस की नगर निगम महिला पार्षदों को मोतियों की माला, शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।   मुख्य अतिथियों में शामिल थीं:   – मनोरमा दीदी – प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की संचालिका   – अनिला कंवर – उत्कृष्ट विद्यालय की पूर्व प्राचार्य   – डॉ. विनीत शुक्ला – प्रसिद्ध चिकित्सक   – किरण टंडन – पूर्व प्राचार्य   – अदिति मिश्रा – पत्रकार   अतिथियों ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता पर जोर दिया। डॉ. विनीत शुक्ला ने महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष रूप से प्रकाश डाला और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सुझाव दिए।    सम्मानित महिलाओं की सूची   इस अवसर पर ग्रामीण सेवा दल अध्यक्ष रानी देवदा, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष वेणु मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री यासमीन सेरानी, पार्षद आशा रावत, कविता महावर, भावना पेमाल, केसरबाई, पूर्व पार्षद नजमा बेलूत को सम्मानित किया गया।   कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख नाम हैं:   राधा प्रजापत, तबस्सुम सेरानी, जायदा बेगम, अनु निकाडी, लीलाबाई, आरिफा कछवाया, ताज मंसूरी, रुखसाना, तबस्सुम शेख, जूही सोलंकी, रेखा सोलंकी, सीमा, आंचल सोलंकी, वंदना जगताप, कुंती जाटव, शबाना, कमलेश चौहान, मंजू कछावा, साधना नकुम, दिव्याशी राठौर, राजश्री तोमर, इंदु बाला सिसोदिया, किरण गर्ग, ज्योति चौहान, प्रियंका बरार, अलीना खान आदि।   अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट   कार्यक्रम के अंत में शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। आभार प्रदर्शन महिला कांग्रेस महामंत्री राधा प्रजापत ने किया।