Ratlam News: रतलाम की 61 अनाधिकृत कॉलोनियों पर बड़ा एक्शन: जनवरी 2023 के बाद खरीदे प्लॉट का नहीं होगा नामांतरण, नगर निगम की चेतावनी

रतलाम नगर निगम ने 61 अनाधिकृत कॉलोनियों में जनवरी 2023 के बाद खरीदे गए प्लॉटों के नामांतरण पर रोक लगा दी है। जानिए किन कॉलोनियों पर लागू होगा नियम और क्या है पूरी जानकारी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में प्लॉट खरीदने वालों के लिए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। शहर की 61 अनाधिकृत कॉलोनियों में 27 जनवरी 2023 के बाद कालोनाइजर या भूमि स्वामी से खरीदे गए प्लॉटों का नामांतरण नहीं किया जाएगा। नगर निगम ने सार्वजनिक सूचना जारी कर नागरिकों से बिना जांच-पड़ताल के भूखंड खरीदने से बचने की अपील की है। जनवरी 2023 के बाद खरीदे प्लॉट का नहीं होगा नामांतरण नगर निगम आयुक्त अनिल भाना द्वारा जारी सूचना के अनुसार, शहर की 61 अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने और भवन अनुज्ञा की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान संबंधित कालोनाइजर या भूमि स्वामी अपने स्वामित्व के शेष भूखंडों का विक्रय नहीं कर सकेंगे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 27 जनवरी 2023 के बाद यदि किसी व्यक्ति ने इन कॉलोनियों में प्लॉट खरीदा है, तो उसका नामांतरण नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं, संबंधित भूमि के अधिग्रहण सहित नियमानुसार अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है। नगर निगम ने लोगों को दी यह सलाह नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता और नगर निगम से संबंधित रिकॉर्ड की पूरी जांच अवश्य करें। बिना जानकारी के प्लॉट खरीदना भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता है। इन प्रमुख कॉलोनियों पर लागू होगा नियम नगर निगम द्वारा जारी सूची में मालवा नगर-पीएनटी कॉलोनी, वरदान नगर, राम नगर, अभय नगर, रेल नगर, महेश नगर, इंद्रा नगर, गणेश नगर, राजीव नगर, जनता नगर, निराला नगर, भवानी नगर, शक्ति नगर, आदर्श नगर, पटवारी कॉलोनी, त्रिमूर्ति नगर, टाटा नगर, धीरज शाह नगर, सैफी नगर, कल्याण नगर, तेजा नगर ब्लॉक-2, अशोक नगर, ज्योति नगर, सरस्वती नगर, मौलाना आजाद नगर, समता नगर, राजस्व नगर, प्रताप नगर, संजय नगर, रहमत नगर, बापू नगर, सर्वोदय नगर, कृष्णा विहार, सखवाल नगर, रंगमहल और रामदेवजी की घाटी सहित कुल 61 अनाधिकृत कॉलोनियां शामिल हैं। तीन साल पुराने सौदों पर भी पड़ेगा असर नगर निगम द्वारा यह प्रतिबंध 27 जनवरी 2023 से प्रभावी माना गया है। ऐसे में पिछले लगभग तीन वर्षों के दौरान जिन लोगों ने इन अनाधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट खरीदे हैं, उन्हें अब नामांतरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जानकारी के अभाव में कई खरीदारों ने भूखंड खरीद लिए थे, जिन पर अब निगम का यह फैसला परेशानी बढ़ा सकता है। नगर निगम आयुक्त का क्या कहना है? नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने कहा कि अनाधिकृत कॉलोनियों में आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और नियमितीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसी कारण संबंधित कालोनाइजरों को शेष प्लॉट बेचने की अनुमति नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: आवारा मवेशी अभियान में बाधा: निगम टीम पर हमला, जबरन छुड़वाई गईं गायें

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में आवारा मवेशियों को पकड़ने निकली नगर निगम की टीम अब खुद असुरक्षित होती नजर आ रही है। बीते दो-तीन दिनों से लगातार पशुपालकों द्वारा निगम टीम पर हमला कर गायों को जबरन छुड़ाने के मामले सामने आ रहे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि निगम कर्मचारियों को जान से मारने की धमकियां तक दी जा रही हैं। WATCH VIDEO नगर निगम टीम प्रभारी विराट मेहरा ने थाना माणकचौक और स्टेशन रोड में बसंत कॉलोनी निवासी सुरेश राठौड़ एवं उसके भांजे ध्रुव राठौड़ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपित निगम टीम से विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। वाहन से जबरन उतारी गईं गायें, की गई हाथापाई पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया कि गुरुवार रात पुलिस लाइन क्षेत्र से पकड़ी गई गायों को सुरेश राठौड़ और ध्रुव राठौड़ अपना बताकर छुड़वाने पहुंचे। निगम टीम द्वारा मना करने पर दोनों ने वाहन से जबरन गायों को उतार लिया और गाली-गलौच करते हुए हाथापाई की। इसके बाद निगम की टीम जब करमदी रोड स्थित संत रविदास चौक पहुंची, तो वहां भी दोनों आरोपित पहुंच गए और अभद्र व्यवहार करते हुए पशु वाहन से गाय उतार ली। इस दौरान सुरेश राठौड़ ने खुलेआम धमकी दी कि उसे निगम, पुलिस या प्रशासन का कोई डर नहीं है। पहले भी हो चुकी है कार्रवाई में ढिलाई नगर निगम ने 15 सितंबर को पुलिस की मौजूदगी में अवैध तबेलों के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान बसंत कॉलोनी स्थित सुरेश राठौड़ के तबेले पर टीम पहुंची जरूर, लेकिन टीन शेड और पक्के निर्माण को हटाए बिना ही लौट गई। टीम के सामने ही बंधी गायों को छोड़कर खेतों की ओर भगा दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बसंत कॉलोनी स्थित तबेले में करीब 150 से अधिक गायें, जबकि ओझाखाली क्षेत्र में भाई राजेश राठौड़ के तबेले में 200 से अधिक गायें हैं। क्षेत्रवासियों ने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पहले भी कर चुके हैं हमला सुरेश और ध्रुव राठौड़ के अलावा अर्जुन गुर्जर, राहुल गुर्जर, सचिन गुर्जर, राहुल यादव, चेतन टांक सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी पूर्व में निगम टीम पर हमला कर गाय छुड़वाने की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस का बयान इस मामले में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने कहा कि निगम द्वारा जब सुरक्षा की मांग की जाती है, तो पुलिस बल उपलब्ध कराया जाता है। आवेदन प्राप्त हुआ है, जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में सड़कों से अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई, महापौर बोले—सहयोग करें, व्यवस्था बेहतर होगी

रतलाम- पब्लिक वार्ता  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को दूसरे दिन भी सख्त अभियान चलाया। मुख्य बाजार क्षेत्रों—चांदनी चौक, घास बाजार, माणकचौक, नीम चौक, नौलाईपुरा और त्रिपोलिया गेट—में निगम टीम ने सब्जी व फल-फ्रूट के ठेलों सहित अन्य अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान कई स्थानों पर विरोध भी देखने को मिला, लेकिन निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि शहर को स्वच्छ और सुगम बनाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। WATCH VIDEO महापौर का स्पष्ट संदेश: सड़क पर अतिक्रमण बिल्कुल नहीं अभियान के विरोध में जब सब्जी और फल विक्रेता नगर निगम पहुंचे, तो महापौर प्रहलाद पटेल और निगम आयुक्त अनिल भाना ने दो घंटे तक बातचीत की। महापौर ने साफ कहा कि— प्रशासन का कहना है कि अमृतसागर तालाब रोड, काशीनाथ का नोहरा, घांस बाजार बड़ा चौक और जैन स्कूल के पीछे जैसे स्थानों पर नई सब्जी मंडियों की व्यवस्था की जा रही है। विक्रेताओं का आरोप—बड़े व्यापारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं? ठेले वालों ने आरोप लगाया कि छोटे विक्रेताओं को हटाया जा रहा है, जबकि बड़े दुकानदार भी फुटपाथ और सड़क पर कब्जा किए हुए हैं। इस पर महापौर ने जवाब दिया कि— सुबह 9 से रात 9 बजे तक सड़क पर पार्किंग पर भी सख्ती बरती जाएगी। माणकचौक में हंगामा, कपड़े सड़क पर फेंके शाम को जब निगम टीम दोबारा माणकचौक क्षेत्र में जांच के लिए पहुंची, तो एक कपड़ा ठेला चालक ने वापस ठेला खड़ा कर लिया। कर्मचारियों की आपत्ति पर ठेलावाले ने हंगामा किया और सड़क पर कपड़े फेंक दिए। निगम का कहना है कि आरोप झूठे हैं और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निगम: शहर को सुंदर और सुगम बनाना लक्ष्य राजस्व और स्वास्थ्य अधिकारी राजेन्द्रसिंह के अनुसार, अतिक्रमण हटाने का यह अभियान योजनाबद्ध तरीके से पूरे शहर में चलाया जाएगा। महापौर ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और ट्रैफिक को देखते हुए सड़कें खाली रहना जरूरी है, और यह कार्रवाई शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए की जा रही है।

Ratlam News: रतलाम में आफत की बारिश: आकाशीय बिजली से 3 की मौत, दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल धराशायी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,   न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जिलेभर में दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए, जबकि आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश इतनी भीषण थी कि रतलाम शहर के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे ताश के पत्तों की तरह गिर पड़े। पत्रकार कॉलोनी में तीन बिजली के पोल एक साथ जमींदोज हो गए, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई। रेल यातायात पर भी पड़ा असर गौतमपुरा और बड़नगर के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से इंदौर-रतलाम रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। इंदौर से रतलाम आने वाली डेमू ट्रेन को नजदीकी स्टेशन पर रोकना पड़ा। राहत कार्य के लिए रतलाम से विशेष दल रवाना किया गया है, जो ट्रैक से पेड़ हटाने का कार्य कर रहा है। दीवार पर गिरा पीपल का विशाल पेड़ शहर के पैलेस रोड स्थित महलवाड़ा क्षेत्र में एक जर्जर दीवार पर लगा पीपल का विशाल पेड़ तेज आंधी में भरभराकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति हादसे की चपेट में नहीं आया। वहीं कसार बाजार इलाके में एक पुराना खाली मकान भी भरभराकर गिर पड़ा। शहरभर में बिजली सप्लाई ठप्प तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है। विद्युत विभाग की टीमें पूरे शहर में मरम्मत कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भी तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के आसपास न जाएं।

Ratlam News: रतलाम की प्राचीन धरोहर गुलाब चक्कर नए रूप में चमकेगा: 8 जून से संगीत और रोशनी के संग आमजन के लिए खुलेगा परिसर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान गुलाब चक्कर अब एक नए और आकर्षक रूप में आम नागरिकों के लिए खुलने जा रहा है। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा किए गए सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थल अब प्रकाश सज्जा और मधुर संगीत की जुगलबंदी के साथ जीवंत हो उठेगा।08 जून 2025, शाम 7:30 बजे, गुलाब चक्कर का औपचारिक लोकार्पण होगा, जिसमें एस.ए.एफ इंदौर के सुप्रसिद्ध पुलिस बैंड की प्रस्तुति दी जाएगी। कलेक्टर सुशील बाथम ने जानकारी दी कि ऐतिहासिक महत्व के इस स्थल को नई ऊर्जा और पहचान देने के उद्देश्य से यहां विशेष लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत की जा रही है। इस अवसर पर नागरिकों को संगीत, रोशनी और विरासत के सुंदर संगम का अनुभव मिलेगा।  एक सप्ताह तक हर शाम संगीत से गुलजार रहेगा गुलाब चक्कर लोकार्पण के बाद अगले 7 दिनों तक प्रतिदिन संध्या समय, रतलाम के विभिन्न सिंगिंग क्लबों, ऑर्केस्ट्रा और ग्रुप्स द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। गुलाब चक्कर अब केवल ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि शहरवासियों के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। इतिहास की गूंज, रोशनी की भाषा और संगीत की मिठास गुलाब चक्कर वो स्थान है जहाँ कभी रतलाम के महाराजा हर्बर्ट पैलेस में टेनिस खेलते समय सरकारी बैंड की धुनें गूंजा करती थीं। उसी विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आधुनिक प्रकाश तकनीक और साउंड सिस्टम का समावेश किया गया है। कलेक्टर बाथम ने नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल हों और रतलाम की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ाव का अनुभव करें। स्थान: गुलाब चक्कर, रतलामसमय: 8 जून से प्रतिदिन शाम 7:30 बजेविशेष आकर्षण: पुलिस बैंड प्रस्तुति, संगीतमय प्रकाश शो, स्थानीय कलाकारों के लाइव परफॉर्मेंस

Ratlam News: “रतलाम निगम के बजट में करोड़ों का गोलमाल? पारस सकलेचा की शिकायत पर नगरीय प्रशासन विभाग ने दिए जांच के आदेश”

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम रतलाम के 2025-26 बजट और बाजार बैठक वसूली प्रस्ताव को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा की गंभीर शिकायत के बाद नगरीय प्रशासन विभाग, भोपाल ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। शिकायत में करोड़ों रुपए के वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। पारस सकलेचा ने अपनी शिकायत में कहा कि नगर निगम द्वारा 29 मार्च 2025 को पारित बाजार बैठक वसूली का प्रस्ताव नगर निगम अधिनियम की धाराओं के विपरीत रखा और पारित किया गया। इसके साथ ही 25 मार्च को पेश किए गए बजट में 104 मदों के आंकड़ों में हेरफेर कर करोड़ों रुपये का गोलमाल किया गया। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस भी आक्रामक हो गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया और निगम में नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कांग्रेस ने 29 मार्च को नगर निगम कार्यालय के बाहर सब्जी विक्रेताओं, ठेला-गुमटी व्यवसायियों और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बड़ा प्रदर्शन किया था। कांग्रेस पार्षदों ने सम्मेलन में आधे घंटे तक धरना देकर प्रस्ताव का विरोध किया और फिर बहिर्गमन कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, बाजार बैठक की कोई भी वसूली वैधानिक नहीं मानी जा सकती। व्यवसायियों से आग्रह किया गया है कि यदि कोई उन पर वसूली का दबाव डाले तो वे इसकी शिकायत कांग्रेस से करें। उन्होंने यह भी बताया कि 4 अप्रैल को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर बाजार बैठक वसूली प्रस्ताव को निरस्त करने और बजट में की गई गड़बड़ियों को सुधारकर नया बजट प्रस्तुत करने की मांग की थी। उनका कहना है कि यह सारा खर्च जनता के साथ धोखा और राज्य धन का दुरुपयोग है। अब नगरीय प्रशासन विभाग की जांच से यह साफ हो सकेगा कि क्या वास्तव में नगर निगम में करोड़ों का घोटाला हुआ है या नहीं। फिलहाल, रतलाम नगर निगम एक बार फिर से विवादों के घेरे में आ गया है।

Ratlam News:  रतलाम शहर मानसून से पहले संकट में — सीमा टाक ने उठाए नगर निगम की अधोसंरचना पर सवाल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: मानसून की दस्तक से पहले रतलाम शहर की जर्जर अधोसंरचना एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। समाजसेवी और पूर्व पार्षद श्रीमती सीमा टाक ने नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने महापौर और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर त्वरित कार्यवाही की मांग की है। सीमा टाक ने कहा कि बारिश के पहले हर साल जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो, टूटी सड़कें और अव्यवस्थित यातायात जैसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन नगर निगम की कार्यप्रणाली में कोई ठोस सुधार नहीं दिखता। ❝ सीवर लाइन योजना का मूल उद्देश्य भुला दिया गया ❞ सीमा टाक ने पत्र में उल्लेख किया कि नगर में वर्षाजल और गंदे पानी की निकासी के लिए पृथक व्यवस्था होनी चाहिए थी, लेकिन सीवर लाइन योजना के क्रियान्वयन में यह मूल सिद्धांत पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। नतीजा यह है कि— “वर्षाजल सीधे सीवर लाइन में जा रहा है, जिससे सीवेज ओवरफ्लो हो रहा है और गंदा पानी सड़कों व घरों में भर रहा है।”  ये लापरवाहियां कर रहीं आमजन को परेशान:  मानसून पूर्व ठोस कदमों की मांग सीमा टाक ने नगर निगम को कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं: ‘दो साल बेमिसाल’ या ‘दो साल बेहाल’? सीमा टाक ने नगर निगम की ‘दो साल बेमिसाल’ अभियान पर भी सवाल उठाए और तंज कसते हुए कहा: “अगर यही ‘बेमिसाल’ विकास है, तो फिर स्वच्छता रैंकिंग और बुनियादी सुविधाओं में गिरावट क्यों देखी जा रही है?”

Ratlam News: नगर निगम के नए कर का कांग्रेस ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बाजार बैठक वसूली के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे नगर निगम अधिनियम के खिलाफ बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इसी मुद्दे पर पूर्व विधायक पारस सकलेचा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने प्रस्ताव को बताया अवैध कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर द्वारा पारित किया गया प्रस्ताव नगर निगम अधिनियम की धारा 19 का उल्लंघन है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने बताया कि 4 मार्च 2025 को एमआईसी से स्वीकृत प्रस्ताव को एजेंडे में शामिल नहीं किया गया और इसे मौखिक रूप से पेश किया गया, जो कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है। महापौर ने जनता के साथ छल किया – कांग्रेस सकलेचा ने आरोप लगाया कि महापौर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2024-25 के बजट सत्र में भी 750 ट्यूबवेल मोटरों का बिजली बिल मोहल्ला समितियों से वसूलने का प्रस्ताव बिना किसी उचित प्रक्रिया के पास किया गया था। कांग्रेस का सवाल – करोड़ों रुपये कहां गए ज्ञापन में कांग्रेस ने 2025-26 के बजट में 104 मदों के आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। पार्टी ने सवाल उठाया कि दिसंबर 2023 में दर्शाई गई करोड़ों की आय मार्च 2024 में शून्य कैसे हो गई। नगर निगम आयुक्त का जवाब चर्चा के दौरान आयुक्त हिमांशु भट्ट ने कहा कि कुछ बिंदुओं पर कांग्रेस की व्याख्या से वे सहमत नहीं हैं, लेकिन वे बजट में गड़बड़ियों का विश्लेषण करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ी तो ज्ञापन को उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। कांग्रेस करेगी आंदोलन कांग्रेस ने बाजार बैठक वसूली को जबरन वसूली करार देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान पूर्व विधायक पारस सकलेचा, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष कमरुद्दीन कछवाय, वरिष्ठ पार्षद यास्मीन शेरानी, सलीम मोहम्मद बागवान, वसीम अली, रजनीकांत व्यास, हितेश पेमाल और शाकिर खान उपस्थित रहे।

Ratlam News:  साफ-स्वच्छ त्रिवेणी कुण्ड में बच्चे सीखेंगे तैराकी  

नगर निगम ने कराया त्रिवेणी कुण्ड व आसपास के क्षेत्र की सफाई   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गर्मी के मौसम में तैराकी सीखने आने वाले बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने त्रिवेणी कुण्ड और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई करवाई। महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति प्रभारी विशाल शर्मा और विद्युत एवं यांत्रिकी समिति प्रभारी अक्षय संघवी की उपस्थिति में नगर निगम के स्वास्थ्य अमले ने यह सफाई अभियान चलाया।   अब बच्चे स्वच्छ जल में तैराकी सीख सकेंगे। इस अभियान के दौरान स्वच्छता अधिकारी एपी सिंह, झोन प्रभारी तरुण राठौड़, आशीष चौहान, वार्ड दरोगा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।    नगर निगम योजना एवं सूचना प्रौद्योगिकी समिति की बैठक संपन्न   शहर के प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने की अनुशंसा   रतलाम, 24 मार्च। नगर निगम योजना एवं सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार समिति की बैठक महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार समिति प्रभारी मनोहरलाल राजू सोनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से अतिक्रमण हटाने की अनुशंसा की।   अनुशंसा के अनुसार, स्टेट बैंक मुख्य शाखा, कॉलेज रोड, डोंगरे नगर मुख्य मार्ग, तेजाजी मंदिर के पास, नीम चौक, चांदनी चौक, अंबेडकर ग्राउंड, दो बत्ती देना बैंक के पास आदि स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाएगा।   इस बैठक में समिति प्रभारी मनोहरलाल राजू सोनी के अलावा सदस्य शक्तिसिंह राठौर, बलराम भट्ट, श्रीमती हीना मेहता, श्रीमती केसरबाई भानीगामा, सहायक यंत्री सुहास पंडित, समिति सचिव अनवर कुरेशी और प्रवीण तिवारी उपस्थित रहे।

Ratlam News: रतलाम नगर निगम का बजट 2025-26 महापौर परिषद में पारित  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद की बैठक में नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय पत्रक (बजट) को सर्वसम्मति से पारित कर निगम परिषद में प्रस्तुत करने की स्वीकृति दी गई। बैठक में बजट में प्रस्तावित संशोधनों पर चर्चा कर आवश्यक संशोधन किए गए।    मुख्य निर्णय   1. वर्ष 2025-26 के लिए नगर निगम का बजट महापौर परिषद ने अनुमोदित कर निगम परिषद में रखने की स्वीकृति दी।   2. मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना योजना के तहत चांदनी चौक से बाजना बस स्टैंड (लक्कड़पीठा रोड) तक डामरीकृत फोरलेन सड़क निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।   3. कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार सभी कॉलोनियों को 6 परिक्षेत्रों में विभाजित कर संपत्तिकर की दरों में 10 प्रतिशत की वृद्धि को स्वीकृति दी गई।   4. सिविक सेंटर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे तरणताल को 10 वर्षों के लिए अनुबंध के आधार पर संचालित करने हेतु जारी ई-निविदा की पुष्टि की गई।   5. डीपीआर-3 बंजली में निर्मित एलआईजी फ्लैट्स के प्रथम आओ प्रथम पाओ आधार पर 6 फ्लैट अस्थाई रूप से आवंटित किए जाने की स्वीकृति दी गई।   6. टू और फोर व्हीलर के लिए शहर में पेड पार्किंग सुविधा लागू होगी।   7. अस्थाई खान-पान दुकानों से 6000 रुपये त्रैमासिक शुल्क लिया जाएगा।   8. फल विक्रेताओं से 50 रुपये, ठेला सब्जी व्यवसायियों से 30 रुपये तथा जमीन पर बैठकर सब्जी बेचने वालों से 10 रुपये प्रतिदिन शुल्क तय किया गया।   9. जनरल दलाली शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया।   महापौर परिषद के सदस्य रहे उपस्थित   बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल के साथ महापौर परिषद सदस्य भगतसिंह भदौरिया, पप्पू पुरोहित, श्रीमती अनिता कटारा, दिलीप गांधी, धर्मेंद्र व्यास, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, राजू सोनी, रामूभाई डाबी, सपना त्रिपाठी, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट समेत कई निगम अधिकारी उपस्थित रहे।  

0%