रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया गुरुवार को पहली बार रतलाम पहुंचे। इस दौरान आयोजित युवा कांग्रेस के कार्यक्रम एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बन चुका है और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशें की जा रही हैं।

यश घनघोरिया ने कहा कि वोट चोरी, महात्मा गांधी के नाम और विचारधारा को समाप्त करने के प्रयास तथा समाज में आई वैचारिक गिरावट गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और इसके लिए कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस सरकार को प्रदेश के उत्थान के नाम पर लाया गया था, उसी सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर दिया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। पीएससी परीक्षाएं समय पर नहीं होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में है।

घनघोरिया ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार भले ही योजनाओं का प्रचार कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर पात्र महिलाओं को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है।
रतलाम के हर गांव-मोहल्ले तक पहुंचेगी कांग्रेस
यश घनघोरिया ने बताया कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आमजन से सीधे संवाद के लिए ‘चलो पंचायत अभियान’ की शुरुआत उज्जैन से की गई है, जो गुरुवार से रतलाम में भी शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत कांग्रेस पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी तथा घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह मुहिम तेज गति से चलेगी। इस दौरान आम जनता की नाली, सड़क, बिजली, पानी, न्याय और अन्य बुनियादी समस्याओं को जाना जाएगा और उनके समाधान के लिए आंदोलन, धरना और प्रदर्शन किए जाएंगे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शिवसिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी चेतन चौधरी, संगठन मंत्री स्वीटी पाटिल, जिला अध्यक्ष मयंक जाट सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Latest News
- BREAKING MP Board Exam: 9वीं से 12वीं तक बदला पेपर पैटर्न, लघु उत्तरीय सवालों में नहीं मिलेगा विकल्प
- BREAKING surya grahan 2026: 12 अगस्त को आसमान में अद्भुत नजारा, सूर्य ग्रहण से लेकर उल्का वर्षा तक; भारत में दिखेगा या नहीं?
- Ratlam News: रतलाम बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फरार, होमगार्ड से मारपीट; 6 पकड़े गए