Ratlam News: रतलाम केदारेश्वर घाट पर तेल ट्रक में भीषण आग, 1500 डिब्बे जलकर खाक

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सैलाना-सरवन मार्ग स्थित कल्याण केदारेश्वर घाट पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। अहमदाबाद से रतलाम आ रहा खाने के तेल से भरा ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे ट्रक में रखे करीब 1,500 तेल के डिब्बे जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

घटना का वीडियो देखिए

शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक रशीद पिता कल्लुखा (निवासी टैंकर रोड, रतलाम) अहमदाबाद से खाने का तेल लेकर रतलाम स्थित कृष्णा ट्रेडिंग के लिए रवाना हुआ था। देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच केदारेश्वर घाट पर अचानक ट्रक में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में डीजल टैंक तक पहुंच गई। इसके बाद आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही सैलाना और रतलाम से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब एक से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से सरवन मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, ताकि अन्य वाहन किसी दुर्घटना का शिकार न हों।

जनप्रतिनिधि और पुलिस मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित परिषद के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस बल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आग बुझने के बाद मार्ग को फिर से सुचारू कर दिया।

बड़ा नुकसान, जनहानि टली

इस भीषण आग में ट्रक सहित करीब 1,500 तेल के डिब्बे जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।