Ratlam News: रतलाम में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक से मारपीट, पेड़ से बांधकर पीटा

Ratlam News: रतलाम के ताल में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा। पुलिस ने पॉक्सो में केस दर्ज किया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप के बाद अतिथि शिक्षक के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग शिक्षक को पेड़ से बांधकर चांटे मारते और रस्सी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। शिक्षक खुद को छोड़ने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है, जबकि मारपीट का वीडियो मंगलवार को सामने आया। ग्रामीणों के अनुसार, अतिथि शिक्षक ने छात्रा को बहाने से बुलाया और बाद में उसे एक झोपड़ी में ले गया। आरोप है कि वहां उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर उसके स्वजन मौके पर पहुंचे और शिक्षक को पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई। मामले में छात्रा के स्वजन की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। छात्रा को बुलाकर झोपड़ी में ले जाने का आरोप पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय योगेंद्र जाटव मूल रूप से मुरैना जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह रतलाम के खारवाकला में किराये के मकान में रह रहा था। योगेंद्र पास के पिपल्या तुखार गांव के शासकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत था। ग्रामीणों के मुताबिक, उसने नाबालिग छात्रा को मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद उसे एक झोपड़ी में ले जाने और वहां छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। छात्रा के शोर मचाने के बाद उसके स्वजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने शिक्षक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो सामने आया घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद शिक्षक के साथ हुई मारपीट भी जांच के दायरे में आ गई है। वीडियो में शिक्षक को पेड़ से बांधा गया है और कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। शिक्षक रोते हुए छोड़ने की गुहार लगाता है, लेकिन लोग उसे पीटते नजर आते हैं। पुलिस अब वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। शिक्षक ने भी पुलिस में दर्ज कराई शिकायत मामले में शिक्षक की ओर से भी ताल थाने में शिकायत की गई है। शिकायत के मुताबिक, 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह स्कूल से लंच के दौरान अपनी पहचान की एक लड़की से मिलने गया था। शिक्षक का कहना है कि करीब 2:45 बजे खारवा की एक कोठड़ी के पास दो लोगों ने उसे रोक लिया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उससे पूछा कि वह उनके गांव की लड़की से मिलने क्यों आया है। शिकायत के अनुसार, गाली देने से मना करने पर एक व्यक्ति ने लकड़ी और दूसरे ने रस्सी से उसके साथ मारपीट की। दोनों ने दोबारा गांव की किसी लड़की से मिलने आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। शिक्षक ने दोनों लोगों को पहचानने से इनकार किया है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। छात्रा के स्वजन की शिकायत पर पॉक्सो में केस दूसरी ओर, छात्रा के स्वजन की शिकायत पर योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि शिक्षक के साथ मारपीट का वीडियो पुलिस के सामने आया है। वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के मामलों की कर रही जांच इस मामले में एक तरफ नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई हुई है। दूसरी ओर, शिक्षक की शिकायत पर उसके साथ मारपीट और धमकी देने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और शिकायतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। छात्रा से जुड़े मामले में कानूनी प्रक्रिया और शिक्षक से मारपीट के मामले में आरोपितों की पहचान दोनों पहलुओं पर कार्रवाई जारी है।

Ratlam News: हत्या की गुत्थी सुलझी: कुएं में मिली महिला की लाश का हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चाँदी के आभूषण बरामद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कुएं में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की थी। मृतिका की पहचान राजुबाई पति स्व. रामलाल मालवीय, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम रणायरा पीरखेडा थाना झारड़ा जिला उज्जैन के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मृतिका की हत्या उसके परिचितों ने ही की थी। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाका एवं एसडीओपी आलोट श्री साबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा संदेही शंकरलाल मालवीय और उसके भांजे ईश्वर मालवीय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने राजुबाई की हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि मृतिका द्वारा उधार दिए गए पैसों की मांग और पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर उन्होंने पहले गला दबाकर और फिर कुएं में धकेलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतिका के सोने-चाँदी के आभूषण और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर मृतिका के आभूषण, चप्पल, और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी – जब्त माल –– मृतिका के चाँदी के दो पायलों (वजन लगभग 400 ग्राम), चाँदी की चेन, नाक की बाली, सोने के टॉप्स व बालियाँ, चाँदी की अंगूठी और चप्पल, कुल अनुमानित कीमत ₹73,700। विशेष भूमिका –निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक रविंद्र मालवीय, उप निरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, आरक्षक शुभम सिंह, राहुल, प्रीतम, विश्वेन्द्र, मनोज। सराहनीय योगदान –प्र.आर. देवराज सिंह चौधरी, आर. देवेंद्र, आर. सोहन, आर. मनीष, आर. शांतिलाल, आर. कुलदीप सिंह, आर. विक्रम, आर. मनोज, आर. पवन, आर. हरीशंकर। पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं टीम के समन्वय से यह जघन्य हत्या का मामला सुलझा, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

MP News: चोरी की शंका में दलित युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, चार आरोपी गिरफ्तार

मजदूरी करके गुजरात से लौट रहा था पीड़ित, रात में पैदल अपने गांव जा रहा था तभी उसके पीछे कुछ कुत्ते पड़ गए, जिससे बचने के लिए वह भागने लगा… रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में एक दलित युवक को पेड़ से बांधकर क्रूरता से पीटा गया। ताल थाना क्षेत्र के नासिरगंज गांव के रहने वाले श्रवण पिता केशूराम (चंद्रवंशी) के साथ यह बर्बरता की गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। (MP News) घटना 16 सितंबर की रात की है, जब श्रवण मजदूरी करके गुजरात से लौट रहा था। जिले के ताल में बस से उतरने के बाद वह पैदल अपने गांव नासिरगंज जा रहा था। रात के समय उसके पीछे कुछ कुत्ते पड़ गए, जिससे बचने के लिए वह भागने लगा। इस बीच टुंगनी गांव के कुछ ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया। श्रवण ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी बातों को नजरअंदाज करते हुए उसे पेड़ से बांध दिया और लकड़ियों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने की कार्रवाई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। जांच में पता चला कि आरोपी दशरथ सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, बबलू सिसौदिया और बाबूलाल हाड़ा ने श्रवण को पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की थी। श्रवण के पिता केशूराम की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के हाथ-पैर हुए फ्रैक्चर मारपीट में श्रवण के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रवण मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता है, लेकिन इस घटना ने उसकी जिंदगी में त्रासदी ला दी है। ताल थाना पुलिस ने आरोपियों दशरथ सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, बबलू सिसौदिया और बाबूलाल हाड़ा के खिलाफ आईपीसी की धारा 126(2), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)द, 3(1)ध, 3(2)VA के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस क्रूरता की निंदा कर रहे हैं। स्थानीय समाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

परफेक्ट पुलिसिंग : जांच में झूठा निकला बलात्कार का आरोप, अब शिकायत करने वाली महिला पर दर्ज होगा केस

सीसीटीवी फूटेज और मोबाइल लोकेशन ने बचाया, पुलिस ने 2 माह में किया निराकरण पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। बलात्कार या दुष्कर्म के रोज नए मामले सामने आते है। जिसमें महिला की शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर पुलिस आरोपियों को सलाखों के पीछे कर देती है। ऐसा ही एक मामला रतलाम के ताल थाना क्षेत्र में भी आया। जिसमें महिला ने तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया। लेकिन जब पुलिस ने मामले की सत्यता जांची और निष्पक्ष जांच की तो मालूम हुआ कि पूरा मामला ही झूठा निकला। अब पुलिस आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुए केस को खत्म करने की कार्रवाई करते हुए शिकायत करने वाली महिला के खिलाफ केस दर्ज करेगी। पुलिस ने 2 महीने में ही दूध का दूध और पानी का पानी करते हुए तीन बेकसूर लोगों को बचा लिया। पुलिस मामले को चिन्हित कर गंभीरता से जांच नहीं करती तो सालों तक आरोपी बनाए गए बेकसूर सलाखों के पीछे ही रहते। एसपी राहुल कुमार लोढा ने बताया की ताल थाना अंतर्गत एक महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया था। आरोपियों के खिलाफ तथ्यात्मक जांच के लिए एएसपी राकेश खाखा व एसडीओपी शाबेरा अंसारी को निर्देशित कर टीम बनाई। जिसमें महिला द्वारा लगाए गए आरोप झूठे निकले। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही व बताए गए लोकेशन की जब जांच की तो वह सही निकले। पुलिस टीम ने सीसीटीवी व सायबर की मदद से इसमें टेकनिकल सबूत जुटाए। जिस महिला ने यह झूठा मुकदमा दर्ज करवाया अब उसके खिलाफ पुलिस 182/211 सीआरपीसी के अंतर्गत कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही पुलिस तीनों आरोपियों पर दर्ज केस को खारिज करवाते हुए उन्हें छोड़ने के लिए कोर्ट से अपील करेगी। महिला ने क्यों किया ऐसा?पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला का पति शराब का अवैध काम करता है। जिससे पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। महिला को शंका थी की जुझार सिंह, राजेश सिंह डोडिया एवं कुलदीप सिंह ने उसके पति की सूचना पुलिस को देकर केस बनवाया। जिसके बाद महिला कई बार तीनों को झूठे आरोप में फंसाने की धमकी भी दे चुकी थी। यह था पूरा घटनाक्रमदिनांक 26 अक्टूबर 2023 को फरियादी महिला द्वारा बताया कि वह दोपहर 1:00 बजे के करीब उसके भांजे के साथ बाइक पर ताल आ रही थी। इस दौरान रास्ते में बाइक पंचर हो जाने से उसका भांजा पंचर निकलवाने चला गया। महिला वहीं खड़ी उसका इंतजार कर रही थी। इस दौरान उसके पास एक सफेद रंग की कार आकर रूकी जिसमे तीन व्यक्ति जुझार सिंह, राजेश सिंह डोडिया एवं कुलदीप सिंह बैठे थे। महिला ने बताया उन्होंने मुझे घर छोड़ने का बोलकर गाड़ी में बैठा लिया। फिर मुझे अनजान जगह पर ले जाकर मेरे साथ तीनो ने बलात्कार कर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मारपीट से मैं बेहोश हो गई थी। अगले दिन जब होश में आई तो तीनों व्यक्ति मुझे कार में बैठाकर आबूपुरा के पास मगरे पर छोड़ गए। और धमकी दी कि यह बात किसी को बताई तो जान से मार देगे तीनो वह से भाग गए। फरियादी महिला की रिपोर्ट पर थाना ताल पर अपराध क्रमांक 573/23 धारा 323,342,366, 376(डी), 506,34 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। पुलिस जांच में खुली पोलपुलिस ने आरोपी राजेश पिता गोकुल सिंह डोडिया, जुझार सिंह पिता मंगूसिंह पंवार, निवासी टूटीयाखेड़ी जिला उज्जैन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किए जो न्यायिक अभिरक्षा में लिए गए थे। तथा एक आरोपी कुलदीप सिंह की तलाश की जा रही थी। घटना की सत्यता के बारे जानकारी प्राप्त करने हेतु अग्रिम विवेचना के दौरान घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। जिसमे फरियादी महिला द्वारा बताए गए घटनाक्रम के संबंधित कोई तथ्य नहीं मिले। महिला द्वारा बताई कार के संबंध में जानकारी प्राप्त करने हेतु जावरा शहर के सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर उक्त वाहन घटना के समय घटनास्थल से 50 किमी दूर जावरा शहर के सीसीटीवी में दिखाई दिया। तीनो आरोपीयो की घटना के समय की उपस्थिति के संबंध में तथ्यात्मक जांच की गई। इस दौरान कुलदीप सिंह के घटना के दिन घर से निकलने तथा शराब की दुकान ग्राम रूपेटा पर जाने, उसके दोस्त के साथ रूपेटा से जावरा जाने के फुटेज सीसीटीवी कैमरे में देखे गए। इसी के साथ कुलदीप सिंह के मोबाइल की लोकेशन आदि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपी घटनास्थल पर नही होने की पुष्टि हुई।विवेचना के दौरान आरोपीयो की मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज, साक्षियों के कथन आदि के आधार पर प्राप्त तथ्यों का विश्लेषण करने पर फरियादी द्वारा पंजीबद्ध रिपोर्ट असत्य पाई गई। पूरी जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी गई है अब कोर्ट द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

↑
0%