रतलाम में तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से वरिष्ठ वकील हनुमानप्रसाद अग्रवाल की मौत हो गई। ‘भारत सरकार’ लिखी कार का ड्राइवर फरार, पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। सीएसपी कार्यालय के पास तेज रफ्तार लग्जरी कार ने एक्टिवा सवार 65 वर्षीय वरिष्ठ वकील हनुमानप्रसाद अग्रवाल को टक्कर मार दी, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
घटना का वीडियो देखे!

घटना के बाद शहर के अभिभाषकों में भारी आक्रोश फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में वकील स्टेशन रोड थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए घेराव किया।
रतलाम में तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से वकील की मौत
पुलिस के अनुसार मृतक हनुमानप्रसाद पुत्र भवानीप्रसाद अग्रवाल, निवासी झालानी कॉलोनी, एक्टिवा से जा रहे थे। इसी दौरान सीएसपी कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार काली लग्जरी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने तत्काल वहां से गुजर रही एम्बुलेंस को रुकवाया और घायल को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 8:30 बजे उनकी मौत हो गई।
‘भारत सरकार’ लिखी कार ने मचाया हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार के आगे रेलवे का मोनो स्टीकर लगा था। साथ ही कार के सामने अंग्रेजी में Government of India और पीछे हिंदी में भारत सरकार लिखा हुआ था। इससे मौके पर मौजूद लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक गौतम ने पुलिस को बताया कि कार बहुत तेज गति में थी और टक्कर मारने के बाद चालक वाहन को सेंट जोसेफ स्कूल की ओर भगा ले गया।
पुलिस ने कार जब्त की, आरोपी ड्राइवर फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुलमोहर कॉलोनी क्षेत्र से हादसे में शामिल कार DL 4 CAE 9774 को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि वाहन रेलवे के किसी अधिकारी का निजी वाहन है। फिलहाल पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
वकीलों का थाने पर हंगामा, कार्रवाई की मांग
हादसे की खबर मिलते ही रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में वकील स्टेशन रोड थाने पहुंच गए। वकीलों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। देर रात 11 बजे तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा।
पुलिस अधिकारियों द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद वकील रात करीब 1 बजे वहां से लौटे।
रतलाम में बढ़ते सड़क हादसों पर सवाल
रतलाम शहर में लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले सामने आ रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और VIP स्टीकर लगे वाहनों के दुरुपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वर्तमान स्थिति
फिलहाल पुलिस ने कार जब्त कर ली है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है। वकील की मौत के बाद शहर में गुस्से का माहौल है और लोग दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Latest News
- BREAKING AI Chatbots आपकी सोच और आदतों तक पढ़ रहे हैं? जानिए कितना जानते हैं आपके बारे में और कैसे रखें अपनी प्राइवेसी सुरक्षित
- BREAKING MP News: एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 4 साल तक सहमति से बने संबंध को नहीं माना दुष्कर्म
- BREAKING Paper Leak Law 2026: 10 साल तक जेल, ₹10 करोड़ जुर्माना, जानें नए संशोधन बिल की हर बड़ी बात