Ratlam Road Accident: बाइक समेत पेड़ से टकराया युवक, रातभर लापता, सुबह मिला शव

Ratlam Road Accident: बाजना थाना क्षेत्र में युवक की दर्दनाक मौत। शादी कार्यक्रम से लौटते समय हादसा, सुबह परिजनों को सड़क किनारे मिला शव।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। रतलाम (Ratlam Road Accident) में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक 21 वर्षीय युवक की बाइक पेड़ से टकराने के बाद मौके पर ही मौत हो गई। युवक रातभर घर नहीं पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने सुबह तलाश की और सड़क किनारे उसका शव मिला।

घटना का वीडियो देखे

Ratlam Road Accident: कैसे हुआ हादसा?

यह दर्दनाक घटना रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान ईश्वर डोडियार (21 वर्ष), निवासी भडानखुर्द के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, ईश्वर मंगलवार को ग्राम देवली में एक शादी समारोह (नोतरा) में शामिल होने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई, लेकिन सुबह जब तलाश शुरू की गई तो एक दुखद खबर सामने आई।

जानकारी के मुताबिक, ईश्वर बुधवार सुबह करीब 5 बजे बाइक से देवली से निकला था। बाजना-कुशलगढ़ मार्ग पर एक मोड़ पर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ व पत्थरों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस और प्रशासन का क्या कहना है?

घटना की सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनीष डाबर ने बताया:

“प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक का बैलेंस बिगड़ने से युवक पेड़ और पत्थरों से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हुई। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।”

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बाजना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ईश्वर डोडियार की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।