रतलाम-उज्जैन मार्ग पर बस में सर्राफा व्यापारी से सोने के आभूषणों से भरा बैग लूटने की घटना सामने आई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में गुरुवार रात चलती बस में सर्राफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बड़नगर से रतलाम लौट रहे व्यापारी का सोने के आभूषणों से भरा बैग पांच संदिग्ध युवक छीनकर ले गए। घटना रतलाम-उज्जैन मार्ग पर रेनमऊ फंटा के पास की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बैग में करीब 3 से 4 किलो सोने के आभूषण और लगभग 3 लाख रुपये नकद थे। लूटे गए माल की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी बस से उतरकर पास के जंगल की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अब वारदात के पीछे रेकी की आशंका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बड़नगर से रतलाम लौट रहे थे व्यापारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रतलाम की जैन कॉलोनी निवासी अर्पित चौरड़िया बड़नगर से बस के जरिए रतलाम लौट रहे थे। उनकी चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट में एलसी ज्वेलर्स नाम से दुकान है।
व्यापारी नियमित रूप से सोने के आभूषण लेकर आसपास के जिलों और तहसीलों में व्यापार के सिलसिले में जाते हैं। घटना के दिन भी वे आभूषण बेचकर बड़नगर से रतलाम लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि करीब 3 लाख रुपये के आभूषण बेचने के बाद शेष सोने के आभूषण बैग में रखे हुए थे।
पांच युवकों ने बस में सवार होकर बनाया निशाना
मिली जानकारी के मुताबिक बड़नगर से पांच संदिग्ध युवक बस में सवार हुए थे। इनमें से एक युवक चालक के पास बैठ गया, जबकि उसके अन्य साथी बस के पीछे की तरफ बैठ गए।
रात करीब 9 से 9:15 बजे रतलाम-उज्जैन मार्ग पर रेनमऊ फंटा के पास चालक के पास बैठे युवक ने बस रुकवाई। बस रुकते ही उसके साथियों ने व्यापारी का सोने के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया।
इसके बाद सभी आरोपी बस से उतरकर पास के जंगल की ओर भाग गए।
करोड़ों के आभूषण होने से पुलिस में हड़कंप
बैग में बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया।
घटना के बाद संभावित रास्तों पर नाकाबंदी की गई। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है।
रेकी के बाद वारदात की आशंका
वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे पुलिस को आशंका है कि व्यापारी की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही हो सकती है। हालांकि, पुलिस अभी इस बिंदु समेत सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है।
पांच युवकों का एक साथ बस में सवार होना, अलग-अलग जगह बैठना और सुनियोजित तरीके से बस रुकवाकर बैग छीनना जांच का अहम हिस्सा है।
एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार, एसडीओपी किशोर पाटनवाला और थाना प्रभारी अय्यूब खानसहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने संभावित भागने वाले रास्तों पर नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। साथ ही घटना से जुड़े अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं।
एसडीओपी किशोर पाटनवाला के अनुसार व्यापारी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है और मामले की जांच जारी है। समाचार लिखे जाने तक प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई चल रही थी।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य
जांच में पुलिस बस के अंदर और रास्ते में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ना और लूटे गए आभूषण व नकदी बरामद करना है। मामले में आगे की जांच के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की तस्वीर साफ हो सकेगी।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव घर के बरामदे में मिला, सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान
- BREAKING संत कमल किशोर नागर को धमकी से आक्रोश, रतलाम नागर समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
- BREAKING Ratlam News: आधी रात शहर सराय की सड़क से फूटा पानी, पाइपलाइन लीकेज से सड़क का हिस्सा उठा