BREAKING राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर रतलाम में अभाविप का प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

📖 1 min read

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रतलाम द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि रतलाम डीएसपी आनंद सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तविक प्रतिभा केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम, संस्कार, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की आदत से पहचानी जाती है। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अभाविप मालवा प्रांत के सह मंत्री मनोज जाट ने परिषद की कार्यप्रणाली, संगठन के उद्देश्यों तथा राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर अभाविप रतलाम नगर अध्यक्ष प्रो. जयश्री राठौर एवं नगर मंत्री केशव गुर्जर की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेधावी विद्यार्थी, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, समाजसेवी, पत्रकार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, अभिभावक एवं शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

अभाविप द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों को प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित करने की बात कही।

0%