Ratlam News: रतलाम का चमकता सितारा: JRI रेलवे क्रिकेट एकेडमी के वैदित्य सिंह देवड़ा का राष्ट्रीय चयन

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ी वैदित्य सिंह देवड़ा ने एक बार फिर शहर का नाम रोशन किया है। JRI रेलवे क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वैदित्य का चयन U-14 मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम में हुआ है। वे 20 अप्रैल से 5 मई 2025 तक देहरादून में आयोजित होने वाली सेंट्रल ज़ोन राज सिंह डूंगरपुर ट्रॉफी में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वैदित्य एक होनहार ऑलराउंडर हैं — जहां एक ओर उनकी तेज़ गेंदबाज़ी विपक्षी टीम के लिए चुनौती बनती है, वहीं दूसरी ओर वह उपयोगी बल्लेबाज़ी से भी टीम को मजबूती प्रदान करते हैं।

उनके चयन से यह स्पष्ट है कि रतलाम की JRI रेलवे क्रिकेट एकेडमी से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की श्रृंखला जारी है। इससे पहले रणजी खिलाड़ी राकेश ठाकुर, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर शोएब खान (T-20 वर्ल्ड कप खिलाड़ी) और आशुतोष शर्मा जैसे सितारे इसी अकादमी से निकले हैं।

वैदित्य ने अपने इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच लोकपाल सिंह सिसोदिया, माता-पिता के सहयोग, रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और अपनी सतत मेहनत को दिया है। उनके पिता रणजीत सिंह एक कपड़ा व्यवसायी हैं और न्यू ग्लोबस सिटी, रतलाम में निवास करते हैं।

वैदित्य के चयन पर रतलाम जिला क्रिकेट संघ के कीर्ति शरण सिंह कालूखेड़ा, निमिष व्यास, प्रदीप उपाध्याय, जोस चाको, गौरव अजमेरा, भगत सिंह भदौरिया, अनुज शर्मा, कीर्ति जायसवाल, शैलेंद्र सिंह अठाना, दिनेश शर्मा, रविन्द्र प्रताप सिंह सहित JRI के समस्त सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Ratlam News: वार्ड पार्षद रणजीत टांक का हुआ भव्य सम्मान समारोह, 2 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का दावा

रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क| Ratlam News:
रतलाम नगर के वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत बूथ क्रमांक 95 पर आज एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय पार्षद रणजीत टांक का वार्डवासियों द्वारा शॉल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया।

इस मौके पर वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पार्षद रणजीत टांक द्वारा अब तक किए गए विकास कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि रणजीत टांक न सिर्फ एक ऊर्जावान और कर्तव्यनिष्ठ जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि हर समय वार्डवासियों की सेवा और जरूरतों के लिए तत्पर रहते हैं।

अपने संबोधन में पार्षद रणजीत टांक ने कहा, “पिछले ढाई वर्षों में हमने वार्ड में दो करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए हैं। अभी दो वर्ष का कार्यकाल शेष है और मैं निरंतर सेवा व विकास कार्यों के प्रति समर्पित रहूंगा।”

इस सम्मान समारोह में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, वार्ड संयोजक आकाश खड़के, बूथ अध्यक्ष विकास राजावत, वरिष्ठ कार्यकर्ता रवि पांडे, ओमप्रकाश देवड़ा, मुसाफिर खान, चांद मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

यह आयोजन वार्ड स्तर पर भाजपा की मजबूत पकड़ और जनता से जुड़ाव को दर्शाता है, साथ ही जनप्रतिनिधि द्वारा किए गए कार्यों को लेकर जनसमर्थन का प्रमाण भी है।