Ratlam News: रतलाम को मिला नया जिला खेल अधिकारी: दीपेंद्र सिंह ठाकुर से खेल जगत को नई उड़ान की उम्मीद

रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:
रतलाम जिले के स्कूल शिक्षा विभाग में जिला खेल अधिकारी के पद पर दीपेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। ठाकुर पूर्व में जिले के विभिन्न खेल संघों और एसोसिएशन में अध्यक्ष और सचिव जैसे जिम्मेदार पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनके पास खेल प्रबंधन और नेतृत्व का लंबा अनुभव है।

उनके जिला खेल अधिकारी बनने से जिले के खिलाड़ियों और खेल संघों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल जगत को उम्मीद है कि ठाकुर की नियुक्ति से जिले की खेल प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन मिलेगा और रतलाम को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

जिले के अनेक खेल संगठनों ने श्री ठाकुर का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। खिलाड़ी वर्ग और कोचों का मानना है कि उनके नेतृत्व में रतलाम का खेल क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छूएगा।

Ratlam News: पत्नी के सामने चाकू से वार कर की हत्या: रतलाम में पुराने विवाद का खौफनाक अंजाम, 3 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:
रतलाम में एक बार फिर पुरानी रंजिश ने एक जान ले ली। रविवार को दिनदहाड़े पत्नी के साथ बाइक से जा रहे एक युवक पर चार लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात की पूरी घटना उसकी पत्नी के सामने हुई, जो मदद के लिए चीखती रही। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।

कैसे हुई वारदात

राजेंद्र नगर निवासी अमजद शेख (40) रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी पत्नी राहत बी के साथ बाइक से अरिहंत परिसर जा रहे थे। तभी रास्ते में राजा घोषी, हाशिम, गट्ट उर्फ हांडू और अमन घोषी ने उन्हें रोक लिया। चारों ने मिलकर अमजद को बाइक से नीचे गिराया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

पत्नी राहत बी चीखती रही, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी भाग चुके थे। घायल अमजद को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वेंटिलेटर पर रखने के बाद भी रात 9 बजे के करीब उसकी मौत हो गई।

पुराने विवाद का बदला थी यह हत्या

इस हत्या के पीछे की वजह 14 जून की रात हुए विवाद को बताया जा रहा है। डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर में एक दावत के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो चाकूबाजी में बदल गई थी। उसी झगड़े की रंजिश को लेकर यह हमला किया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

घटना के बाद पुलिस ने राहत बी की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 296, 109, 3(5) के तहत केस दर्ज किया था। अमजद की मौत के बाद आरोपियों पर हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

थाना अंतर्गत हाट की चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया ने बताया कि आरोपी राजा घोषी, हाशिम और गट्ट हांडू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अमन घोषी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार आज

सोमवार सुबह अमजद का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद दोपहर में अंतिम संस्कार होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बाकी आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।