Ratlam News: रतलाम में नाबालिग की संदिग्ध मौत: गले में दुपट्टा, परिजनों ने जताई रेप के बाद हत्या की आशंका

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के सरवन थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी का शव उसके घर से करीब 200 फीट दूर जमीन पर पड़ा मिला, जिसके गले में दुपट्टा कसकर लिपटा हुआ था और उसमें गांठ लगी हुई थी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।

वीडियो देखे

शादी से उठाकर ले जाने का आरोप

मामला सेमलखेड़ा ग्राम पंचायत के एक गांव का है। मृतका के पिता के अनुसार, बुधवार रात गांव में पारिवारिक शादी समारोह था, जहां उनकी दोनों बेटियां शामिल होने गई थीं। रात करीब 10 बजे वे शादी में गई थीं, जबकि घर पर मां, छोटा भाई और दादा-दादी मौजूद थे। पिता उस समय गेहूं कटाई के लिए मजदूरी पर गया हुआ था।

छोटी बहन ने बताई पूरी घटना

पिता ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे जब वह घर लौटा तो पता चला कि दोनों बेटियां घर नहीं पहुंची हैं। शादी स्थल पर पहुंचने पर जानकारी मिली कि बड़ी बेटी रात करीब 3 बजे घर के लिए निकल गई थी, जबकि छोटी बेटी वहीं थी। छोटी बेटी ने बताया कि उसकी बहन को चार युवक जबरन अपने साथ ले गए थे।

चार आरोपियों के नाम सामने आए

छोटी बेटी द्वारा बताए गए नामों के आधार पर पिता ने चारों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। एक-एक कर चारों युवकों को घर लाया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने लड़की के घर के पास होने की बात कही। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां घर से करीब 200 फीट दूर किशोरी का शव मिला।

तीन आरोपी फरार, एक पुलिस हिरासत में

पिता के अनुसार, पकड़े गए चार आरोपियों में से तीन मौके से फरार हो गए, जबकि एक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उनका कहना है कि अगर यह आत्महत्या होती तो शव पेड़ पर लटका मिलता, जबकि शव जमीन पर पड़ा मिला।

डीजे के शोर में दब गई मदद की आवाज

परिजनों का आरोप है कि जब आरोपियों ने किशोरी को जबरन ले जाया, तब छोटी बहन ने शोर मचाया था, लेकिन शादी में बज रहे डीजे के तेज शोर के कारण कोई सुन नहीं सका।

सड़क पर चक्काजाम, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके मकान तोड़ने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर करीब आधे घंटे तक चक्काजाम किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है। सरवन थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है।

एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि किशोरी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram