Ratlam News: रतलाम में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका में थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय शिवम राठौड़ के रूप में हुई है, जो लहसुन का व्यापारी था और एक दिन पहले से घर से लापता था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए नामली थाने के बाहर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया।

WATCH VIDEO

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे रेलवे ब्रिज के पास शिवम का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव जब नामली लाया गया तो बड़ी संख्या में स्वजन और समाजजन थाने के बाहर एकत्रित हो गए और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।

करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के दौरान एसडीओपी किशोर पाटनवाला और थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। आखिरकार पुलिस ने स्वजनों की शिकायत पर पांच आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया, जिसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

पैसों के लेन-देन का विवाद आया सामने

मृतक के छोटे भाई प्रदीप ने पुलिस को बताया कि शिवम ने दो दिन पहले लहसुन का सौदा किया था, जिसकी कुल राशि 4.80 लाख रुपये थी। इसमें से वह करीब 2 लाख रुपये का भुगतान कर चुका था, जबकि शेष रकम को लेकर कुछ लोग लगातार उस पर दबाव बना रहे थे।

प्रदीप के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे चंदन शर्मा नामक युवक उनके घर आया और शिवम को पैसों की बात कहकर अपने साथ ले गया। इसके बाद शिवम वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसे काफी तलाशा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शाम को वही पांचों आरोपित उनके घर पहुंचे और पैसों की मांग करते हुए घर के बाहर बैठ गए।

शव के पास नहीं मिली बाइक और मोबाइल

परिजनों का कहना है कि घटनास्थल से शिवम की बाइक और मोबाइल फोन भी गायब थे। शिवम के सिर पर हल्की चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने नामली निवासी अनुराग अग्रवाल, अभिजीत अग्रवाल, रतलाम निवासी चंदन शर्मा, पराग शर्मा और उनके पिता महेश शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सभी आरोपित आपस में परिचित बताए जा रहे हैं।

इस मामले में एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने बताया कि परिजनों की शिकायत और संदेह के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram