Ratlam News: आलोट में महिला से मारपीट, पुलिस पर हल्की धाराओं में केस दर्ज करने के आरोप

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया मारू में रास्ते पर बने गड्ढे को भरने की बात को लेकर महिला के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने बीच सड़क पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बावजूद पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है और अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना का वीडियो देखे

जानकारी के अनुसार फरियादी श्यामुबाई बागरी (उम्र लगभग 41 वर्ष) पत्नी भंवरलाल बागरी, निवासी ग्राम पिपलिया मारू, थाना आलोट, खेती-मजदूरी का काम करती हैं। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके घर के पीछे से कुएं की ओर जाने वाला कच्चा रास्ता है। उसी रास्ते में मोहनलाल बागरी ने मकान बनाने के लिए गड्ढा खोद दिया था।

8 मार्च को सुबह करीब 11 बजे श्यामुबाई अपने पति के साथ उस गड्ढे को भर रही थी। इसी दौरान मोहनलाल बागरी, उसकी पत्नी लीलाबाई बागरी तथा उसकी बेटियां कृष्णाबाई और दुर्गाबाई वहां पहुंचे और गड्ढा भरने को लेकर विवाद करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि चारों ने अश्लील गालियां देते हुए लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।

महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान मोहनलाल ने पत्थर फेंककर मारा, जो उसके चेहरे पर लगा। वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी बेटी धापुबाई के साथ भी कृष्णाबाई और दुर्गाबाई ने मारपीट की। इस घटना में महिला के चेहरे और शरीर पर, उसकी बेटी के गले और शरीर पर तथा उसके पति के हाथ और नाक पर चोटें आई हैं।

घटना के दौरान गांव के शांतिबाई और कारूलाल ने बीच-बचाव किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि अगर दोबारा गड्ढा भरा तो जान से खत्म कर देंगे।

पीड़िता की शिकायत पर आलोट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि महिला का आरोप है कि गंभीर मारपीट और चोट के बावजूद पुलिस ने साधारण धाराओं में केस दर्ज किया है और अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

इस मामले को लेकर जब एसडीओपी पल्लवी गौर से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि वे थाने से मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करवाएंगी।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram