रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत गणेश नगर स्थित बालाजी मार्केट का है, जहां किराना सामान खरीदने के बहाने आए एक महिला-पुरुष ने दुकान कर्मचारी को बातों में उलझाकर तेल का डिब्बा और अन्य सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बालाजी मार्केट में स्थित सुंदर ट्रेडर्स एवं जनरल स्टोर्स के संचालक नरेंद्र शर्मा ने शनिवार रात औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी की शाम करीब 7:45 बजे एक महिला और उसके साथ एक युवक दुकान पर आए। दोनों ने चावल, हल्दी, धनिया सहित अन्य किराना सामान खरीदा। इस दौरान युवक ने अपने मुंह पर रुमाल बांध रखा था।
खरीदारी के दौरान महिला और युवक लगातार दुकान कर्मचारी से अलग-अलग सामान मंगवाते रहे, ताकि उसका ध्यान बंटा रहे। इसी बीच महिला के साथ आया युवक मौका पाकर तेल की शीशी और अन्य घरेलू उपयोग का सामान झोले में डालता रहा। बाद में जाते समय महिला ने कर्मचारी को हाउसकीपिंग का सामान लाने के लिए दुकान के पीछे भेज दिया। जैसे ही कर्मचारी पीछे गया, युवक दुकान के सामने रखे तेल के डिब्बों में से एक डिब्बा उठाकर बाहर निकल गया। कुछ ही देर बाद महिला भी दुकान से बाहर चली गई।

घटना के बाद जब दुकान संचालक ने स्टॉक का मिलान किया तो तेल का एक डिब्बा गायब मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें युवक चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के सहारे महिला-पुरुष की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: जावरा में टैंकर के पहिए के आगे लेटा युवक, CCTV में कैद हुई घटना, मौत के बाद सड़क पर हंगामा
- Ratlam News: रतलाम में घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवारों ने पीछे से मारी गोली; CCTV में कैद हुए संदिग्ध
- रतलाम में सेवा भारती का भव्य कन्या पूजन समारोह, 1600 से अधिक कन्याओं का पूजन, 500 से ज्यादा समाजजन हुए शामिल