MP News: दमोह में ‘ड्रैकुला किलर’ का खौफ: 16 वर्षीय किशोर की हथौड़े से हत्या, फिर खून पीने की कोशिश

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

मध्य प्रदेश के दमोह जिले के समन्ना गांव में सनसनीखेज वारदात। 16 वर्षीय किशोर की हथौड़े और रॉड से हत्या के बाद आरोपी ने खून पीने और मांस नोचने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

दमोह- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां समन्ना गांव में एक सनकी व्यक्ति ने 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले किशोर के सिर पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला किया और उसकी मौत के बाद उसके साथ वीभत्स हरकतें करते हुए खून पीने और मांस नोचने की कोशिश की। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना का वीडियो देखे

भाई दूज का टीका लगवाने जा रहा था किशोर

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान भरत विश्वकर्मा (16) निवासी अर्थखेड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भरत भाई दूज के मौके पर अपनी बहन के घर समन्ना गांव टीका लगवाने जा रहा था। वह बाइक से बहन के घर के पास ही पहुंचा था कि तभी अचानक आरोपी ने उस पर हमला कर दिया।

हथौड़े और रॉड से किया ताबड़तोड़ हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 46 वर्षीय आरोपी ने अचानक भरत के सिर पर भारी हथौड़े से वार कर दिया। जोरदार चोट लगते ही भरत सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से उस पर लगातार वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

कैमरे में कैद हुई खौफनाक हरकत

हत्या के बाद आरोपी ने मृत शरीर के साथ वीभत्स हरकतें शुरू कर दीं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक का मांस नोचते और खून पीने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहा है। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।

पुलिस पर भी हमला करने की कोशिश

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी बेहद आक्रामक हो गया और पुलिस पर भी हमला करने की कोशिश करने लगा। काफी मशक्कत और ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया।

मानसिक रूप से विक्षिप्त होने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच किसी प्रकार की पुरानी रंजिश नहीं थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त हो सकता है और सनक में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद घायल किशोर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस निर्मम हत्या के बाद समन्ना गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram