रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 01 मुख्य आरोपी और 03 बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 09 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
वीडियो देखे
लगातार हो रही थीं बाइक चोरी की घटनाएं
शहर के संत नगर और ईदगाह रोड क्षेत्रों में पिछले दिनों बाइक चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।
- 06 फरवरी 2026 को संत नगर से अशोक राठौर की होंडा शाइन (MP43DY1043) चोरी हुई।
- 26 फरवरी 2026 को संत नगर से शैलेन्द्र सिंह डोडिया की सीडी डीलक्स (MP43MB7277) चोरी हुई।
- 17 फरवरी 2026 को ईदगाह रोड से प्रतिक बारिया की एचएफ डीलक्स (MP43DW7296) चोरी हुई।
इन मामलों में थाना माणकचौक में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के नेतृत्व में शहर के थानों और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान रानीसिंह क्षेत्र में चार संदिग्ध युवक मिले। दस्तावेज नहीं दिखा पाने और पूछताछ में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करना कबूल किया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने विकास पिता लालु मचार (25), निवासी ग्राम नवापाड़ा, थाना थांदला जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है।
9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
आरोपियों के कब्जे से कुल 09 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनमें माणकचौक, स्टेशन रोड और डीडी नगर क्षेत्रों से चोरी हुई बाइकें शामिल हैं। साथ ही दो मोटरसाइकिलें वारदात में इस्तेमाल की गई थीं, जिन्हें भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पतिराम डावरे सहित थाना माणकचौक, स्टेशन रोड, डीडी नगर एवं साइबर सेल की टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए शहर में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।