रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के एक प्राइवेट कॉलेज में शुक्रवार दोपहर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद गंभीर रूप ले लिया। मामला छात्रा से छेड़छाड़, गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने कॉलेज पहुंचकर विरोध जताया, जिसके बाद परिसर में तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
WATCH VIDEO
तौफीक के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस ने हिरासत में लिया
स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार, माइक्रोबायोलॉजी सेकंड ईयर की छात्रा ने शिकायत दी कि उसके सहपाठी तौफीक (20) पिता कादिर मंसूरी, निवासी जवाहर नगर, ने छेड़छाड़ की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर धारा 354, 294, 506 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
स्टॉल लगाने के दौरान हुआ विवाद
कॉलेज में 14 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा स्टॉल लगाए जा रहे थे। छात्रा की स्टॉल के पास ही आरोपी तौफीक की स्टॉल भी थी।
छात्रा की टीम के लीडर हर्ष वर्धन ने तौफीक को पास में घूम रहे कुत्ते से सावधान रहने को कहा। इसी बात पर तौफीक नाराज़ हो गया और छात्रा व उसके साथियों को गालियां देने लगा।
गाली देने से रोका तो हाथ पकड़ लिया
शिकायत के मुताबिक, जब छात्रा ने तौफीक को अभद्र भाषा का प्रयोग बंद करने को कहा, तो वह उसके पास आया और बुरी नीयत से उसका दाहिना हाथ पकड़ लिया।
छात्रा ने हाथ छुड़ाया, तभी उसके साथी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तौफीक ने धमकी देते हुए कहा कि वह उसे “फोड़ देगा”।
हिंदू संगठनों का विरोध, पुलिस ने संभाला मामला
घटना की जानकारी हिंदू जागरण मंच सहित अन्य संगठनों को लगी, जिसके बाद उनके सदस्य कॉलेज पहुंचे और विरोध जताया। माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।