रतलाम – पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नोएडा से रतलाम आ रही एक क्रेटा कार शिवगढ़ के पास साइड में खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का 60% हिस्सा डंपर में समा गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को कार के दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया।


जानकारी के अनुसार, प्रद्युम्न दुबे (40) पत्नी पायल (38), बेटा अथर्व (20) और बेटी कामांक्षी (18) के साथ नोएडा से रतलाम अपने पिता शरद दुबे से मिलने आ रहे थे। शिवगढ़ के पास खड़े डंपर में उनकी यूपी पासिंग क्रेटा कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर के चलते एयरबैग तो खुल गए लेकिन कार के चारों दरवाजे लॉक हो गए, जिससे सभी यात्री अंदर ही फंस गए।

घटना के समय रतलाम निवासी लोकेश ठाकरे भी एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने तुरंत अपना वाहन रोका और राहगीरों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एनएचएआई की एम्बुलेंस से चारों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर शाम को इंदौर रेफर कर दिया गया।

परिजन मधुसूदन त्रिवेदी के अनुसार, प्रद्युम्न दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। इस समय छुट्टी लेकर परिवार सहित रतलाम आ रहे थे। हादसे में बेटा और बेटी को ज्यादा चोट आई है क्योंकि टक्कर के समय वे पीछे से झटके में आगे आ गए थे।
कार के पीछे से डंपर में घुसने की वजह बनी जानलेवा
इस घटना ने 8 लेन एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक्सप्रेसवे पर खड़े भारी वाहन और उनकी पहचान के लिए न संकेतक होते हैं न रिफ्लेक्टर, जिससे ऐसे हादसे आम होते जा रहे हैं।
Latest News
- BREAKING MP Board Exam: 9वीं से 12वीं तक बदला पेपर पैटर्न, लघु उत्तरीय सवालों में नहीं मिलेगा विकल्प
- BREAKING surya grahan 2026: 12 अगस्त को आसमान में अद्भुत नजारा, सूर्य ग्रहण से लेकर उल्का वर्षा तक; भारत में दिखेगा या नहीं?
- BREAKING Ratlam News: रतलाम बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फरार, होमगार्ड से मारपीट; 6 पकड़े गए