रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुरुवार को महाराणा प्रताप जन्मोत्सव के पावन अवसर पर महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति एवं समस्त राजपूत संगठनों द्वारा भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा शाम 5 बजे महलवाड़ा परिसर से जय महाराणा, जय भवानी, जय शिवाजी के गगनभेदी नारों के साथ आरंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, युवा व पारंपरिक परिधान में सजे श्रद्धालु शामिल हुए।

यात्रा से पूर्व राजमहल परिसर में धार्मिक पूजा-अर्चना कर माता नागणेचा व माता पद्मावती को चुनरी अर्पित की गई। साथ ही हाथी खाना स्थित नाथ-जागनाथ महादेव मंदिर एवं अमृत सागर स्थित चारभुजानाथ मंदिर में पूजन कर आशीर्वाद लिया गया। इसके उपरांत रतलाम के संस्थापक महाराजा रतन सिंह राठौर व महाराजा सज्जन सिंह राठौर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शौर्य यात्रा महलवाड़ा से प्रारंभ होकर महाराजा रतन सिंह चौराहा, नगर निगम, कॉलेज रोड, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेश देवरी, रानी का मंदिर, शहीद चौक और गायत्री टॉकीज़ मार्ग से होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंची।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं स्वागत द्वारों के माध्यम से नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। महाराणा प्रताप चौक पर समाजसेवी विजय सिंह चौहान द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही समाज के वरिष्ठजनों द्वारा महाराणा प्रताप के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर भव्य आतिशबाजी कर उत्सव को ऐतिहासिक रूप दिया गया। यह शौर्य यात्रा वीरता, स्वाभिमान एवं ऐतिहासिक गौरव का प्रतीक बनकर समूचे नगर में देशभक्ति की अलख जगा गई।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव घर के बरामदे में मिला, सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान
- BREAKING संत कमल किशोर नागर को धमकी से आक्रोश, रतलाम नागर समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
- BREAKING Ratlam News: आधी रात शहर सराय की सड़क से फूटा पानी, पाइपलाइन लीकेज से सड़क का हिस्सा उठा