Ratlam News: रतलाम में हाइटेक चोरी: सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश, उड़ाया 80 लाख का माल

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:
मध्य प्रदेश के रतलाम में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात चोरों ने शहर की दो पॉश कॉलोनियों—राजबाग और शुभविहार—में दो सूने घरों को निशाना बनाकर करीब 80 लाख रुपए का माल उड़ा लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात उस वक्त हुई जब पूरे शहर में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस बल भारी मात्रा में तैनात था।

वीडियो देखे

 राजबाग कॉलोनी: ब्यूटी पार्लर संचालिका के घर से 60 लाख की चोरी

राजबाग कॉलोनी के अष्टविनायक परिसर में रहने वाली ब्यूटी पार्लर संचालिका संगीता भाटिया के घर के मेनगेट का नकूचा तोड़कर चोर अंदर घुसे। उन्होंने चार आलमारियों के ताले तोड़कर 450 ग्राम सोना, साढ़े तीन किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपए नकद उड़ा लिए।
अंदाजन चोरी का कुल मूल्य 60 लाख रुपए से अधिक बताया गया है।

भाटिया उस रात अपने पार्लर (किरण टॉकीज के पास) पर काम के कारण रुकी थीं। जब उनकी बेटी शुक्रवार शाम घर लौटी, तो मेनगेट टूटा मिला।
घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर रात 1:42 बजे से 3:15 बजे तक घर के भीतर दिखाई दे रहे हैं। उनके चेहरे पर कपड़ा बंधा था।

टीआई गायत्री सोनी ने बताया कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और पुराने कर्मचारियों व मेडों से भी पूछताछ की जा रही है।

शुभविहार कॉलोनी: साड़ी व्यापारी के घर से 20 लाख की चोरी

इसी रात शुभविहार कॉलोनी निवासी साड़ी व्यापारी चांदमल जैन के घर में भी चोरी हुई। परिवार रात 8:45 से 10:45 बजे तक बाहर था, और इन्हीं दो घंटों में चोरों ने घर में सेंध लगा दी।
चोरों ने दो आलमारियों से 160 ग्राम सोना, आधा किलो चांदी और 40 हजार रुपए नकद उड़ाए। चोरी गया माल करीब 20 लाख रुपए से अधिक मूल्य का है।

जैन ने बताया कि चोर निर्माणाधीन मकान से होकर छत के रास्ते उनके घर में घुसे और पहली मंजिल के कमरों को ही निशाना बनाया। उन्होंने पुलिस पर शुरुआती जांच में लापरवाही का आरोप लगाया, कहा कि डॉग स्क्वॉड मौके पर नहीं बुलाया गया।

पुलिस की जांच तेज, दो टीमें गठित

एसपी अमित कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

शहर में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण इलाकों के बाद अब चोरों का रुख शहर की पॉश कॉलोनियों की ओर बढ़ गया है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram