रतलाम के जावरा में चलती ट्रेन के वॉशरूम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी उषा चौहान मृत मिलीं। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने ट्रेन रुकवाई। डॉक्टरों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में चलती ट्रेन के वॉशरूम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव वॉशरूम में मिला, जिसे दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
जीआरपी के अनुसार राजस्थान के निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ 4 मार्च को कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) से यात्रा कर रहे थे। दोनों का अलग-अलग कोच में आरक्षण था। दंपती सोयत स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे और निंबाहेड़ा जा रहे थे।
वॉशरूम जाने के बाद नहीं लौटीं
निंबाहेड़ा पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने फोन कर अपने पति को बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। ट्रेन जब निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान उतर गए, लेकिन उषा चौहान नहीं उतरीं। स्टेशन पर काफी देर तक तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत जीआरपी को सूचना दी।
पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन महिला को ट्रेन से उतरते हुए नहीं देखा गया। इससे संदेह हुआ कि वह अभी भी ट्रेन के भीतर ही हो सकती हैं।
मोबाइल लोकेशन से ट्रेन का पता चला
जीआरपी ने उषा चौहान के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो ट्रेन के अंदर ही मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने पहले मंदसौर में ट्रेन रुकवाई, लेकिन वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुल पाया।
इसके बाद ट्रेन को रतलाम जिले के जावरा रेलवे स्टेशन पर रुकवाया गया। यहां संबंधित कोच की तलाशी ली गई तो वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां उषा चौहान अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
महिला को तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नीमच जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के अनुसार डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आने की आशंका जताई है।
सूचना मिलने पर परिजन भी जावरा पहुंच गए थे। बाद में परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले लिया। उषा चौहान की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। उनका अंतिम संस्कार जोधपुर में किया जाएगा।