Ratlam News: इंस्टाग्राम पोस्ट से बची जान: जावरा पुलिस ने एक घंटे में खेत से बदहवास युवक को किया रेस्क्यू

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान जावरा के थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक की जान बचा ली। युवक ने इंस्टाग्राम पर 40 सेकंड का वीडियो अपलोड कर तीन प्रकार के जहरीले पदार्थ दिखाते हुए आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी। पोस्ट सामने आते ही पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हुई और महज एक घंटे के भीतर युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

घटना का वीडियो देखे

साइबर सेल ने निकाली लोकेशन, खेत से मिला युवक

थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि एसपी अमित कुमार के निर्देशन में त्योहारों के मद्देनजर इंटरनेट मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस को इंस्टाग्राम पर अपलोड एक वीडियो की सूचना मिली, जिसमें युवक खुद को नुकसान पहुंचाने की बात कर रहा था।

वीडियो तत्काल साइबर सेल को भेजा गया। तकनीकी विश्लेषण के बाद युवक की लोकेशन रिंगनोद क्षेत्र में ट्रेस हुई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सर्चिंग के दौरान युवक गेहूं के खेत में बदहवास हालत में मिला। उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर काउंसलिंग की गई और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

वीडियो में कहा – “मैं अपनी खुशी से मर रहा हूं”

वीडियो में युवक ने कहा था कि वह कीटनाशक, चूहे मारने की दवा और अन्य जहरीला पदार्थ लेकर आया है और अपनी इच्छा से जान देने जा रहा है। उसने पुलिस से किसी को परेशान न करने की अपील भी की थी।

तलाशी के दौरान युवक की लोकेशन बदलने से पुलिस को दिक्कत आई, लेकिन लगातार ट्रैकिंग के बाद उसे ढूंढ निकाला गया। युवक शादीशुदा है और गांव में किराना दुकान संचालित करता है। पूछताछ में उसने आर्थिक तंगी के चलते परेशान होने की बात कही।

कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस

घटना के बाद मंगलवार को पुलिस ने क्षेत्र के कीटनाशक दवा विक्रेताओं को नोटिस जारी किए। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि दवा बेचते समय खरीदार से उपयोग का कारण अवश्य पूछा जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध, परेशान या नशे की हालत में प्रतीत हो तो तत्काल उसके परिजन, संबंधित थाना या डायल 112 को सूचना दें।

नाबालिगों को किसी भी स्थिति में कीटनाशक दवा न बेचने और लाइसेंस व कर्मचारियों की जानकारी थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना उचित कारण जाने दवा बेचने पर कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से टली बड़ी घटना

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी और त्वरित तकनीकी कार्रवाई के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मानसिक तनाव की स्थिति में परिवार, मित्रों या प्रशासन से संपर्क करें और कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram