
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री आदिनाथ कुंदकुंद कहान दिगंबर जैन पारमार्थिक समिति के तत्वावधान में श्री तत्व लहर महिला मंडल व सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा 10 से 15 जनवरी तक भगवान नेमीनाथ दिगंबर जिनबिंब पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से समाजजन शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
प्रमुख अतिथि और विद्वानों का होगा आगमन
आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय बड़जात्या (इंदौर), उपाध्यक्ष कीर्ति बड़जात्या, कोषाध्यक्ष मुकेश मोठिया, सचिव जिनेंद्र पाटनी, सहसचिव अंकित पाटनी ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने के लिए कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
महोत्सव में ख्याति प्राप्त विद्वान जैसे पंडित राजेंद्र कुमार जैन (जबलपुर), पंडित राजकुमार शास्त्री (उदयपुर), डॉ. मनीष जैन शास्त्री (मेरठ), पंडित विपिन शास्त्री (नागपुर), पंडित विवेक जैन (छिंदवाड़ा) और डॉ. सौरभ शास्त्री (इंदौर) उपस्थित रहेंगे। साथ ही, सुप्रसिद्ध हस्तियां सुशील कुमार जैन चक्रेश (कोलकाता) और श्री पदमकुमार पहाड़िया (इंदौर) भी शिरकत करेंगी।
महोत्सव का छह दिवसीय कार्यक्रम
भगवान नेमीनाथ के पंच कल्याणक महोत्सव में विभिन्न धार्मिक गतिविधियां होंगी:
– 10 जनवरी: भगवान के जन्म से छह माह पूर्व की पूर्व क्रिया।
– 11 जनवरी: गर्भ कल्याणक।
– 12 जनवरी: जन्म कल्याणक।
– 13 जनवरी: तप कल्याणक।
– 14 जनवरी: ज्ञान कल्याणक।
– 15 जनवरी: मोक्ष कल्याणक।
महोत्सव का आयोजन ऋषभ धाम सागोद में होगा।
राम मोहल्ला में मंदिर निर्माण पूर्ण, सागोद में मान स्तंभ तैयार
शहर के राम मोहल्ला में श्री आदिनाथ सीमंधर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। इसमें भगवान आदिनाथ की 61 इंची प्रतिमा सहित सीमंधर स्वामी, पार्श्वनाथ स्वामी और नेमीनाथ स्वामी की प्रतिमाएं प्रतिष्ठित की जाएंगी।
सागोद स्थित ऋषभ धाम पर 36 फीट ऊंचे मान स्तंभ का निर्माण भी पूरा हो चुका है। मंदिर निर्माण में पंडित विवेक जैन (छिंदवाड़ा) और इंजीनियर विनोद निरखे (मलकापुर) का योगदान सराहनीय रहा।
प्रतिष्ठा विधि का संचालन प्रतिष्ठाचार्य पंडित रजनी भाई दोशी करेंगे
महोत्सव की प्रतिष्ठा विधियां प्रतिष्ठाचार्य पंडित रजनी भाई दोशी (हिम्मतनगर) की अगुवाई में होंगी। निर्देशन पंडित विराग शास्त्री (जबलपुर) करेंगे। सह प्रतिष्ठाचार्य के रूप में पंडित संजय शास्त्री (कोटा), डॉ. मनोज जैन और श्रेणिक जैन (जबलपुर) उपस्थित रहेंगे।
भगवान नेमीनाथ के पंच कल्याणक महोत्सव में समाजजन के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभवों की अनूठी प्रस्तुति होगी।