रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में युवक की दर्दनाक मौत। सीसीटीवी में कैद पूरी घटना, जीआरपी जांच में जुटी।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना का वीडियो देखे

यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसने हादसे की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया।
मृतक की पहचान और पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दाऊद अयाज बेग (40 वर्ष) निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह वर्तमान में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा क्षेत्र में परिवार के साथ रहकर कैटरिंग और इवेंट मैनेजमेंट का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली से लौटकर मुंबई जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आया था।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 12904 गोल्डन टेंपल मेल के रवाना होते समय मृतक चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान युवक को ट्रेन से कटकर मृत अवस्था में पाया गया।
मौके से क्या मिला
घटना के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोका गया और तकनीकी जांच के बाद रवाना किया गया। वहीं, ट्रैक पर युवक का शव दो हिस्सों में पड़ा मिला।
मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि प्लेटफॉर्म से एक ट्रॉली बैग और अन्य बैग भी मिला। बैग की तलाशी में कपड़े, आधार कार्ड और करीब 4 लाख रुपये नकद मिले, लेकिन कोई यात्रा टिकट नहीं मिला।
जीआरपी की जांच और बयान
जीआरपी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा लापरवाहीपूर्वक चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के कारण हुआ। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
शनिवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सावधानी ही सुरक्षा
यह हादसा एक बार फिर यह साबित करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। रेलवे प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव घर के बरामदे में मिला, सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान
- BREAKING संत कमल किशोर नागर को धमकी से आक्रोश, रतलाम नागर समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
- BREAKING Ratlam News: आधी रात शहर सराय की सड़क से फूटा पानी, पाइपलाइन लीकेज से सड़क का हिस्सा उठा