रेल के साथ खेल नहीं अभियान: आरपीएफ ने स्कूलों में नुक्कड़ नाटक से बच्चों और ग्रामीणों को किया जागरूक

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की जान-माल की हिफाजत और रेल संचालन में बाधा बनने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रतलाम मंडल द्वारा “रेल के साथ खेल नहीं” नामक विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल रतलाम, पश्चिम रेलवे श्री रामराज मीना के दिशा-निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत मंडल स्तर पर आरपीएफ बल सदस्यों की विशेष टीम का गठन किया गया। इसी क्रम में दिनांक 30 जनवरी 2026 को रेसुब पोस्ट मेघनगर के क्षेत्राधिकार में उप निरीक्षक अंकित चौधरी, उप निरीक्षक मायाराम गुर्जर एवं अन्य आरपीएफ स्टाफ द्वारा विभिन्न स्कूलों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

टीम द्वारा झाबुआ जिले के मेघनगर विकासखंड अंतर्गत पीएम श्री शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चैनपुरा, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नौगांव, पीएम श्री कन्या शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बामनिया एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बामनिया में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों सहित कुल लगभग 3000 से अधिक लोग उपस्थित रहे।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सवारी गाड़ियों पर पत्थरबाजी न करने, रेलवे ट्रैक पार न करने, पटरी पर पत्थर या अन्य वस्तुएं न रखने, रेलवे लाइन पर वीडियो या रील न बनाने, ट्रैक के पास लगे उपकरणों से छेड़छाड़ न करने और रेलवे संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने के प्रति जागरूक किया गया।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं, जिनमें जुर्माना एवं कारावास तक का प्रावधान है। साथ ही यह भी समझाया गया कि रेलवे एक राष्ट्रीय संपत्ति है और इसमें यात्रा करने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हर नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। आरपीएफ द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आने वाले दिनों में मंडल के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram