रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जीआरपी थाना रतलाम पुलिस ने ट्रेन के माध्यम से अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित जयपुर-बांदा स्पेशल ट्रेन से तीन ट्रॉली बैग और दो बड़े बैग में भरकर अंग्रेजी शराब और बीयर गुजरात की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने कुल 442 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और 138 केन बीयर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 37 हजार रुपये बताई जा रही है।

जीआरपी पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2026 को सवारी गाड़ी संख्या 09723 जयपुर-बांदा स्पेशल के सामान्य कोच में चेकिंग के दौरान रतलाम-मोरवानी रेलवे स्टेशनों के बीच दो संदिग्ध व्यक्तियों को भारी बैग के साथ पकड़ा गया। ट्रेन का दाहोद स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के कारण कंट्रोल रूम को सूचना देकर ट्रेन रुकवाई गई।
इसके बाद आरपीएफ दाहोद पोस्ट की टीम ने दोनों आरोपितों को बैग सहित ट्रेन से उतारकर जांच की। बैगों में भारी मात्रा में शराब पाए जाने पर दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना रतलाम को सुपुर्द किया गया।

जीआरपी थाना रतलाम में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बैग में शराब होने की पुष्टि की, लेकिन किसी भी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी में कुल 442 क्वार्टर अंग्रेजी शराब (करीब 79.56 लीटर) और 138 केन बीयर (लगभग 69 लीटर) बरामद की गई। नियमानुसार सैंपल निकालकर शेष शराब जब्त की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
गिरफ्तार आरोपितों में सचिन कडिया पिता हसमुख भाई कडिया उम्र 40 वर्ष निवासी वडोदरा (गुजरात) और राकेश पिता ज्वाला सिंह चौरसिया उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम मधुवन जिला मऊ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम वडोदरा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव घर के बरामदे में मिला, सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान
- BREAKING संत कमल किशोर नागर को धमकी से आक्रोश, रतलाम नागर समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
- BREAKING Ratlam News: आधी रात शहर सराय की सड़क से फूटा पानी, पाइपलाइन लीकेज से सड़क का हिस्सा उठा