Ratlam News: रतलाम रेलवे स्टेशन पर युवक-युवती से पूछताछ: परिजनों ने बताया विवाह प्रस्तावित, आयु को लेकर जांच जारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात केरल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक युवक और युवती को जीआरपी व आरपीएफ ने पूछताछ के लिए उतारा। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। युवक मेरठ (उत्तरप्रदेश) का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती मूलतः मिजोरम की है और वर्तमान में परिवार के साथ दिल्ली में निवास करती है। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार दोनों कोटा से एसी कोच बी-3 में सवार होकर मुंबई जा रहे थे। रतलाम स्टेशन पर सूचना मिलने के बाद जीआरपी व आरपीएफ ने ट्रेन रुकते ही दोनों को उतार लिया और जीआरपी थाने लाकर पूछताछ की। युवक को अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि युवती को नियमानुसार वन स्टॉप सेंटर भेजा गया। परिजनों ने वीडियो कॉल पर दी सहमति पुलिस पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह युवक के साथ अपनी मर्जी से जा रही थी और परिवार को इसकी जानकारी है। पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से युवती की मां से बात की, जिन्होंने युवक को अपना भावी दामाद बताया। गुरुवार को परिजन रतलाम पहुंचे और पुलिस को बताया कि दोनों के संबंध से परिवार अवगत है तथा विवाह प्रस्तावित है। आयु को लेकर संशय, बाल कल्याण समिति को सूचना जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया कि आधार कार्ड के अनुसार युवती की आयु बालिग होने में लगभग 10 दिन शेष हैं। नियमानुसार मामले की सूचना बाल कल्याण समिति को दी गई है। समिति के सदस्य शंभु चौधरी ने बताया कि केवल आधार कार्ड को आयु का अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता, इसलिए जन्म प्रमाण पत्र या मार्कशीट जैसे दस्तावेज मंगवाए गए हैं। आगे की कार्रवाई समिति के निर्देशानुसार की जाएगी। मौके पर मौजूद रहे संगठन के कार्यकर्ता कार्रवाई के दौरान हिंदू जागरण मंच के विजय राव यादव, सिद्धार्थ पंड्या, वैभव व्यास, नीरंजन पंडित सहित कई कार्यकर्ता थाने पहुंचे। फिलहाल मामले में जांच जारी है और आयु संबंधी दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।

Ratlam News: जयपुर-बांदा स्पेशल में शराब तस्करी, जीआरपी ने 1.37 लाख की शराब के साथ दो आरोपी पकड़े

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जीआरपी थाना रतलाम पुलिस ने ट्रेन के माध्यम से अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित जयपुर-बांदा स्पेशल ट्रेन से तीन ट्रॉली बैग और दो बड़े बैग में भरकर अंग्रेजी शराब और बीयर गुजरात की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने कुल 442 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और 138 केन बीयर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 37 हजार रुपये बताई जा रही है। जीआरपी पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2026 को सवारी गाड़ी संख्या 09723 जयपुर-बांदा स्पेशल के सामान्य कोच में चेकिंग के दौरान रतलाम-मोरवानी रेलवे स्टेशनों के बीच दो संदिग्ध व्यक्तियों को भारी बैग के साथ पकड़ा गया। ट्रेन का दाहोद स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के कारण कंट्रोल रूम को सूचना देकर ट्रेन रुकवाई गई। इसके बाद आरपीएफ दाहोद पोस्ट की टीम ने दोनों आरोपितों को बैग सहित ट्रेन से उतारकर जांच की। बैगों में भारी मात्रा में शराब पाए जाने पर दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना रतलाम को सुपुर्द किया गया। जीआरपी थाना रतलाम में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बैग में शराब होने की पुष्टि की, लेकिन किसी भी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी में कुल 442 क्वार्टर अंग्रेजी शराब (करीब 79.56 लीटर) और 138 केन बीयर (लगभग 69 लीटर) बरामद की गई। नियमानुसार सैंपल निकालकर शेष शराब जब्त की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। गिरफ्तार आरोपितों में सचिन कडिया पिता हसमुख भाई कडिया उम्र 40 वर्ष निवासी वडोदरा (गुजरात) और राकेश पिता ज्वाला सिंह चौरसिया उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम मधुवन जिला मऊ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम वडोदरा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।