Ratlam News: रतलाम में बड़ा रेल हादसा टला! राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में भीषण आग

📖 1 min read

रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में भीषण आग लगने से दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित हो गया। 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

इस घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

घटना का वीडियो देखे

राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में लगी आग

जानकारी के अनुसार त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) रविवार सुबह रतलाम से रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:30 बजे आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के बी-1 कोच से धुआं उठता दिखाई दिया।

गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। देखते ही देखते आग ने दूसरे कोच को भी अपनी चपेट में ले लिया।

68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए कोच से कूदकर बाहर निकलने का फैसला किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दो कोच पूरी तरह जलकर हुए खाक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों कोच धू-धू कर जलने लगे। रेलवे ट्रैक के आसपास दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।

घटना कोटा रेल मंडल क्षेत्र की बताई जा रही है। फिलहाल रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक को सुरक्षित घोषित करने के बाद ही यातायात पूरी तरह बहाल किया जाएगा।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

भारतीय रेलवे में पिछले कुछ वर्षों में ट्रेन कोच में आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। अधिकतर मामलों में इलेक्ट्रिकल फॉल्ट या तकनीकी खराबी वजह बनी है। ऐसे हादसों के बाद रेलवे लगातार सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के दावे करता रहा है।

फिलहाल क्या है स्थिति?

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर जांच कर रही है। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। रेलवे प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।

0%